131 साल में पहली बार… बिना एक भी रन दिए गेंदबाज ने 3 विकेट चटकाए, तीनों बल्लेबाज एक ही तरह से हुए आउट

होमखेलक्रिकेट

131 साल में पहली बार… बिना एक भी रन दिए गेंदबाज ने 3 विकेट चटकाए

Last Updated:

Manav Suthar create history: मानव सुथार ने इंग्लैंड में वॉरविकशायर के लिए खेलते हुए एक ऐतिहासिक कारनामा कर दिखाया है. ग्लेमर्गन के खिलाफ काउंटी चैम्पियनशिप मैच में उन्होंने बिना कोई रन दिए 15 गेंदों में 3 विकेट चटकाए और तीनों को क्लीन बोल्ड किया. 1895 में टॉम हेवर्ड के बाद प्रथम श्रेणी क्रिकेट में ऐसा करने वाले वे दूसरे गेंदबाज बन गए हैं.

मानव सुथार ने 15 गेंद में एक भी रन दिए बिना 3 बल्लेबाजों को किया आउट.

नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट में हर दौर ने नए सितारे दिए हैं, लेकिन कुछ उपलब्धियां ऐसी होती हैं जो रिकॉर्ड बुक के पन्नों से निकलकर इतिहास के स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो जाती हैं. बाएं हाथ के भारतीय स्पिनर मानव सुथार ने इंग्लैंड की धरती पर कुछ ऐसा ही करिश्मा कर दिखाया है. कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेले गए काउंटी चैम्पियनशिप डिवीजन वन के मुकाबले में वॉरविकशायर की तरफ से खेलते हुए सुथार ने ग्लेमर्गन के खिलाफ एक ऐसा अनूठा कारनामा अंजाम दिया, जिसकी गूंज क्रिकेट जगत में लंबे समय तक सुनाई देगी.

तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाने वाली कार्डिफ की पिच पर जहां स्पिनरों के लिए बहुत कम गुंजाइश दिख रही थी, वहां कप्तान ने भारतीय स्पिनर मानव सुथार (Manav Suthar) का इस्तेमाल एक रणनीतिक ‘टेल-क्लीनर’ यानी विपक्षी टीम के निचले क्रम को समेटने के लिए किया. सुथार ने इस मौके को इतिहास बनाने के अवसर में बदल दिया. दोनों पारियों को मिलाकर उन्होंने कुल 15 गेंदें फेंकी और एक भी रन खर्च किए बिना ग्लेमर्गन के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया. इस जादुई स्पेल में न तो कोई रन बना और न ही कोई अतिरिक्त रन दिया गया. सबसे खास बात यह रही कि तीनों ही बल्लेबाज क्लीन बोल्ड हुए.

मानव सुथार ने 15 गेंद में एक भी रन दिए बिना 3 बल्लेबाजों को किया आउट.

131 साल पुराने इतिहास की पुनरावृत्ति
प्रथम श्रेणी क्रिकेट के इतिहास में बिना कोई रन दिए तीन विकेट लेने का यह महज दूसरा वाकया है. इससे पहले यह कारनामा आज से 131 साल पहले यानी सन 1895 में हुआ था. इंग्लैंड के महान क्रिकेटर टॉम हेवर्ड ने लेस्टरशायर के खिलाफ द ओवल में सरे के लिए खेलते हुए केवल छह गेंदों में बिना रन दिए तीन शिकार किए थे. मानव सुथार ने कार्डिफ की हरी-भरी पिच पर अपनी फिरकी का जादू चलाकर 19वीं सदी के उस दुर्लभ रिकॉर्ड की यादें ताजा कर दीं और इतिहास के इस खास क्लब में अपना नाम दर्ज करा लिया.

वॉरविकशायर की एकतरफा जीत और शीर्ष पर दस्तक
सुथार के इस धारदार स्पेल और टीम के सामूहिक प्रदर्शन के दम पर वॉरविकशायर ने मैच के चौथे दिन ही ग्लेमर्गन को एक पारी और 257 रनों से करारी शिकस्त दी. इस विशाल जीत के साथ वॉरविकशायर की टीम काउंटी चैम्पियनशिप के डिवीजन वन में 12 मैचों से 184 अंक हासिल कर अस्थायी रूप से अंक तालिका के शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है. इस सीजन में वॉरविकशायर की इस सफलता के पीछे मानव सुथार की भूमिका बेहद अहम रही है. उन्होंने अब तक खेली गई सात पारियों में 22.80 की बेहतरीन औसत से 21 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया है. उनके इस प्रदर्शन ने इंग्लिश परिस्थितियों में भी भारतीय फिरकी का लोहा मनवाया है.

कप्तान बर्नार्ड ने बांधे तारीफों के पुल
टीम की इस धमाकेदार जीत और अपने स्टार स्पिनर के प्रदर्शन से वॉरविकशायर के कप्तान एड बर्नार्ड बेहद गदगद नजर आए. मैच के बाद उन्होंने अपनी टीम की अटूट निरंतरता और सुथार की काबिलियत पर खुलकर बात की. कप्तान बर्नार्ड ने कहा, ‘मैच का अंत वास्तव में काफी असाधारण रहा. सब कुछ इतनी तेजी से घटा कि यह दर्शाता है कि हमारे गेंदबाजों ने कितनी सटीकता और अनुशासन के साथ गेंदबाजी की. विरोधी टीम के बारे में आंकलन करना थोड़ा मुश्किल है, लेकिन हम मैदान पर पूरी तरह से आक्रामक और निरंतर थे. हमारे शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों ने शुरुआत में मुश्किल परिस्थितियों का डटकर सामना किया, जिसने हमें एक मजबूत आधार प्रदान किया और उसके बाद हर खिलाड़ी ने बड़ा स्कोर बनाया.’

लीग तालिका में शीर्ष पर पहुंचने पर खुशी जताते हुए बर्नार्ड ने आगे जोड़ा, ‘अंक तालिका में सबसे ऊपर होना बेहद रोमांचक है. हम फिलहाल इस बारे में बहुत ज्यादा नहीं सोचने की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि अभी दो बेहद अहम मुकाबले बाकी हैं. हमारे पास एक बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण है, जिसमें एक विश्वस्तरीय स्पिनर शामिल है. हम वाकई बहुत भाग्यशाली स्थिति में हैं.’

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…

और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *