Last Updated:
कैटरीना कैफ को आज बॉलीवुड की सबसे बेहतरीन डांसर्स में गिना जाता है. इंडस्ट्री में बहुत कम हीरोइनों ने डांस के मामले में वो पहचान और रुतबा हासिल किया है, जो कटरीना के नाम है. ‘शीला की जवानी’, ‘काला चश्मा’ और ‘कमली’ जैसे एक से बढ़कर एक ब्लॉकबस्टर गानों के जरिए उन्होंने बार-बार अपनी कोरियोग्राफी का लोहा मनवाया है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि कैटरीना शुरुआत से डांस में इतनी परफेक्ट नहीं थीं? करियर के शुरुआती दिनों में उन्हें डांस को लेकर काफी जलील भी होना पड़ा था.
कैटरीना कैफ को मिली थी डांस छोड़ने की सलाह. (फोटो साभार: यूट्यूब)
नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ अपनी शानदार एक्टिंग ही नहीं, बल्कि बेहतरीन डांस मूव्स के लिए भी जानी जाती हैं. मगर बहुत कम लोगों को पता होगा कि कैटरीना को करियर के शुरुआती दिनों में डांस के लिए काफी जलील होना पड़ा था. कोरियोग्राफर बॉस्को मार्टिस और फराह खान ने हाल ही में पॉडकास्ट के दौरान कैटरीना के डांसर बनने के मुश्किल सफर को लेकर बड़े खुलासे किए हैं. उन्होंने बताया कि कैटरीना को डांस छोड़ने की सलाह तक दी गई थी.
कोरियोग्राफी जोड़ी बॉस्को-सीजर के पॉडकास्ट में पहुंचीं फराह खान ने कैटरीना कैफ के मुश्किल दौर को लेकर बात की. उन्होंने बताया कि ‘तीस मार खान’ का गाना ‘शीला की जवानी’ उनका अब तक का सबसे सस्ता गाना है. फराह ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने इस पूरे सुपरहिट गाने की शूटिंग सिर्फ 10 बैकग्राउंड डांसर्स और कटरीना कैफ के साथ पूरी कर ली थी.
कैटरीना कैफ के लिए ‘शीला की जवानी’ बना गेम चेंजर
बातचीत के दौरान कोरियोग्राफर बॉस्को मार्टिस ने कहा कि ‘शीला की जवानी’ गाना कैटरीना कैफ के करियर का सबसे बड़ा गेम चेंजर साबित हुआ था. इस पर सहमती जताते हुए फराह खान ने कहा, ‘हां, यह बिल्कुल सच है, लेकिन उस समय तक किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कटरीना इतनी बेहतरीन डांसर बन सकती हैं. उन्होंने फिल्म ‘रेस’ का ‘टच मी, टच मी’ गाना जरूर किया था, लेकिन तब तक उनकी पहचान एक डांसर के तौर पर नहीं बनी थीं. वैसे मैंने पहली बार उन्हें फिल्म ‘मैने प्यार क्यों किया’ के गाने ‘जस्ट चिल’ में कोरियोग्राफ किया था.’
कैटरीना कैफ का किया गया था अपमान
बॉस्को ने याद करते हुए बताया कि शुरुआती दिनों में सेट पर कैटरीना कैफ को उनके डांस को लेकर काफी अपमानित किया जाता था और उनका मजाक उड़ाया जाता था. उन्होंने कहा, ‘उनकी भी अपनी कहानी है, जहां पर उन्होंने इतनी मेहनत की लेकिन कोरियोग्राफर ने कहा कि आप डांस में जीरो है, तो आपको छोड़ देना चाहिए.’
‘शीला की जवानी’ के बाद दिए धमाकेदार गाने
फराह खान यह सुनकर हैरान रह गईं और बोलीं, ‘हाय बेचारी, वैसे डांस के मामले में वह बिल्कुल जीरो तो नहीं रही होंगी, करीब 4 या 5 की रेटिंग पर रही होगी. लेकिन ‘शीला की जवानी’ के बाद तो वह सीधे 9 या 10 नंबर की डांसर बन गईं. उसके बाद ही तो ‘चिकनी चमेली’ और ‘काला चश्मा’ जैसे धमाकेदार गाने आए.’ बॉस्को और सीजर ने भी फराह की बात से पूरी तरह सहमति जताई और माना कि उस गाने में कटरीना कैफ का परफॉर्मेंस वाकई लाजवाब था.
कैटरीना कैफ के सुपरहिट डांस नंबर्स
बताते चलें कि ‘तीस मार खान’ के ‘शीला की जवानी’ से लेकर ‘अग्निपथ’ के ‘चिकनी चमेली’ और ‘धूम 3’ के ग्लैमरस ‘कमली’ तक, कटरीना ने कातिलाना डांस मूव्स से हर बार दर्शकों को अपना दीवाना बनाया है. इसके अलावा ‘काला चश्मा’, ‘स्वैग से स्वागत’, ‘अफगान जलेबी’ और ‘नचदे ने सारे’ जैसे गानों में उनकी धमाकेदार परफॉर्मेंस ने उन्हें बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा और नंबर वन डांसिंग क्वीन बना दिया.
About the Author
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
और पढ़ें
