Last Updated:
क्या आपकी छत पर भी आती है तेज धूप? क्या पानी की कमी से आपके पौधे सूख जाते हैं? दिल्ली के अमन ने अपनी छत को एक मिनी जंगल में बदल दिया है. उन्होंने ऐसे 5 खास पौधे चुने हैं जो कम पानी में भी खिलते हैं. जानिए उन पौधों के नाम और देखभाल का आसान तरीका.
नई दिल्लीः अगर आपके घर की छत पर तेज धूप आती है और आपको लगता है कि ऐसी जगह पर गार्डन बनाना मुश्किल है, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है. दिल्ली जैसे शहर में भी कुछ ऐसे पौधे हैं, जिन्हें कम पानी और तेज धूप में आसानी से उगाया जा सकता है. इतना ही नहीं, सही तरीके से टेरेस गार्डन तैयार किया जाए तो यह जगह पक्षियों और तितलियों के लिए भी एक छोटा-सा ठिकाना बन सकती है.
कई सालों से छत पर तैयार कर रहे हैं मिनी जंगल
अमन पिछले कुछ सालों से अपनी छत पर एक मिनी जंगल तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं. उनके टेरेस गार्डन में कई तरह के पौधे हैं, जहां दिनभर अलग-अलग पक्षी और तितलियां आती हैं. उनका कहना है कि दिल्ली की गर्मी और तेज धूप को देखते हुए पौधों का चुनाव बहुत जरूरी है. हर पौधे की जरूरत अलग होती है, इसलिए सभी पौधों की देखभाल एक जैसी नहीं की जा सकती.
- बोगनविलियाः अमन के मुताबिक दिल्ली की गर्मी और तेज धूप के लिए बोगनविलिया एक अच्छा विकल्प है. उनके पूरे गार्डन में बोगनविलिया की बेलें फैली हुई हैं. यह पौधा तेज धूप को आसानी से सह सकता है और इसके आसपास पक्षियों और तितलियों की आवाजाही भी देखने को मिलती है. अगर आपकी छत पर दिनभर धूप रहती है तो बोगनविलिया लगाया जा सकता है.
- टेकोमाः दूसरा पौधा है टेकोमा. इसके पीले और नारंगी रंग के फूल गार्डन को काफी खूबसूरत बना देते हैं. अमन बताते हैं कि टेकोमा की अलग-अलग वैरायटी होती हैं, जिन्हें गार्डन में लगाया जा सकता है. खास बात यह है कि इसे बहुत ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती. उनके टेरेस गार्डन में बोगनविलिया और टेकोमा को एक साथ भी लगाया गया है.
- प्लंबागोः प्लंबागो अपने नीले-बैंगनी रंग के फूलों के लिए जाना जाता है. गर्मियों में जब कई पौधों पर फूल कम दिखाई देते हैं, तब प्लंबागो गार्डन में रंग भर सकता है. इसे भी बहुत ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती, इसलिए दिल्ली के मौसम में यह टेरेस गार्डन के लिए एक विकल्प हो सकता है.
- जेट्रोफाः जेट्रोफा भी उन पौधों में शामिल है जिन्हें कम पानी में उगाया जा सकता है. अगर आप ऐसा गार्डन बनाना चाहते हैं जिसमें रोजाना बहुत ज्यादा पानी देने की जरूरत न पड़े, तो इस तरह के पौधों को शामिल किया जा सकता है.
- इक्सोराः अमन का पसंदीदा पौधा इक्सोरा है. इसमें गुच्छों में फूल आते हैं और यह पौधा खासतौर पर साउथ इंडिया में अच्छी तरह उगता है. हालांकि सही देखभाल और मौसम के हिसाब से ध्यान दिया जाए तो इसे दिल्ली में भी उगाया जा सकता है. इसके लिए बाकी पौधों के मुकाबले पानी और देखभाल पर थोड़ा ज्यादा ध्यान देना पड़ सकता है.
हर पौधे की जरूरत अलग, ऐसे करें देखभाल
अमन कहते हैं कि पौधों को बच्चों की तरह समझना चाहिए. जैसे हर बच्चे की जरूरत अलग होती है, वैसे ही हर पौधे की भी अलग जरूरत होती है. किसी पौधे को ज्यादा धूप चाहिए तो कोई छांव में बेहतर बढ़ता है. किसी को ज्यादा पानी चाहिए तो किसी को बहुत कम. पौधों की अच्छी ग्रोथ के लिए समय-समय पर खाद और वर्मीकंपोस्ट का इस्तेमाल किया जा सकता है.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…
और पढ़ें
