Last Updated:
rohit sharma record against WI: वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 सितंबर से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में ‘हिटमैन’ के निशाने पर सिर्फ रन नहीं, बल्कि दो बड़े रिकॉर्ड भी होंगे. तिरुवनंतपुरम में सीरीज के पहले मुकाबले से पहले रोहित नेट्स पर जिस अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आए हैं, उससे उनकी तैयारी साफ दिखाई दे रही है.
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में रोहित तोड़ सकते है 2 रिकॉर्ड
नई दिल्ली. टीवी में फैमिलीमैन बन कर तहलका मचाने के बाद रोहित फिर से हिटमैन के अवतार में नजर आने को बेताब है. टीवी शो में जिस तरह से रोहित ने कहा कि उनको पेस पसंद है जिसको वो तिरिवंतपुरम के नेट्स पर साबिक करते हुए भी नजर आए. लॉर्ड्स में 39 साल की उम्र में शतक लगाकर आलोचकों को बल्ले से जवाब देने वाले रोहित शर्मा अब एक बार फिर मैदान पर उतरने को तैयार हैं.
वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 सितंबर से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में ‘हिटमैन’ के निशाने पर सिर्फ रन नहीं, बल्कि दो बड़े रिकॉर्ड भी होंगे. तिरुवनंतपुरम में सीरीज के पहले मुकाबले से पहले रोहित नेट्स पर जिस अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आए हैं, उससे उनकी तैयारी साफ दिखाई दे रही है. अब सवाल सिर्फ इतना है कि क्या लॉर्ड्स वाला शतक लगाने के बाद रोहित कैरेबियाई टीम के खिलाफ भी सैकड़ा जमा पाएंगे? अगर ऐसा हुआ तो 39 साल के रोहित के नाम एक साथ दो खास रिकॉर्ड दर्ज हो जाएंगे.
वेस्टइंडीज के खिलाफ रोहित बनाएंगे रिकॉर्ड
वनडे इतिहास की कई बड़ी और अहम पारियां खेलने वाले रोहित शर्मा का वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे रिकॉर्ड पहले ही शानदार है. उन्होंने इस टीम के खिलाफ 37 मैचों में 1613 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं. उनका सर्वोच्च स्कोर 162 रन है. खास बात यह है कि उनके तीनों वनडे शतक वेस्टइंडीज के खिलाफ ओपनिंग करते हुए आए हैं. रोहित ने 2018 में गुवाहाटी में नाबाद 152, मुंबई में 162 और 2019 में विशाखापत्तनम में 159 रन की पारियां खेली थीं. यानी अब एक और शतक लगाते ही रोहित वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. इस मामले में वह सचिन तेंदुलकर के साथ तीन-तीन शतकों पर हैं. चौथा शतक उन्हें इस रिकॉर्ड में अकेले आगे कर देगा.
एक शतकीय पारी, रिकॉर्ड का टूटना जारी
हिटमैन रोहित अगर वेस्टइंडीज के खिलाफ एक और शतक लगाते हैं तो वह इस टीम के खिलाफ वनडे शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बन जाएंगे. फिलहाल यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलेक स्टीवर्ट के नाम है, जिन्होंने 37 साल और 103 दिन की उम्र में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 100 रन बनाए थे. रोहित इस सीरीज में 39 साल के हैं, इसलिए उनका शतक इस रिकॉर्ड को काफी पीछे छोड़ देगा. दिलचस्प बात यह है कि रोहित पहले ही 39 साल और 80 दिन की उम्र में लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ 138 रन बनाकर भारत के लिए वनडे शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बन चुके हैं. अब वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक उनके रिकॉर्ड में एक और अध्याय जोड़ देगा.
लॉर्ड्स की लय को रखना है बरकरार
क्रिकेट के मक्का लॉर्ड्स में 19 जुलाई को 138 रन की यादगार पारी खेलने के बाद रोहित पहली बार वनडे क्रिकेट में वापसी करेंगे. उस पारी में उन्होंने 110 गेंदों पर 138 रन बनाए थे और भारत के लिए लॉर्ड्स में वनडे शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे. अब करीब दो महीने बाद जब वह वेस्टइंडीज के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे तो निगाहें फिर उन्हीं पर होंगी. तिरुवनंतपुरम में 27 सितंबर को होने वाला पहला वनडे इस सीरीज की शुरुआत करेगा. इसके बाद दूसरा मुकाबला 30 सितंबर को गुवाहाटी और तीसरा 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा. रोहित के सामने मौका बिल्कुल साफ है. एक शतक, दो रिकॉर्ड और फिर एक बार उम्र को पीछे छोड़ता ‘हिटमैन’. लॉर्ड्स में जिस अंदाज में उन्होंने वापसी की थी, अब देखना यही है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ उनकी कहानी कितनी बड़ी बनती है.
About the Author
राजीव मिश्रा, खेल पत्रकारिता में एक जाना पहचाना चेहरा है जो अपनी बेबाक विशलेषण के लिए जाने जाते है. वर्तमान में नेटवर्क 18 में एसोसिएट स्पोर्ट्स एडिटर के रूप में कार्यरत हूँ. इस भूमिका में मैं डिजिटल स्पोर्ट्स …
और पढ़ें
