Rich People in UP : किस शहर में बसते हैं यूपी के सबसे अमीर लोग? 1.89 लाख करोड़ की दौलत ने चौंकाया, देखें पूरी लिस्ट

नोएडा : उत्तर प्रदेश में दौलत का नक्शा तेजी से बदल रहा है. प्रदेश के कारोबारियों और उद्योगपतियों की संपत्ति का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 में यूपी से जुड़े 46 धनकुबेरों ने जगह बनाई है. इन सभी की कुल संपत्ति करीब 1.89 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है. खास बात यह है कि इस सूची में यूपी के सबसे ज्यादा अमीर नोएडा से हैं.

पिछले साल इस सूची में यूपी से 41 नाम शामिल थे. इस बार यह संख्या बढ़कर 46 हो गई यानी एक साल में पांच नामों का इजाफा हुआ है. हालांकि, 2025 की सूची से तुलना करें तो तस्वीर और बड़ी है. इस बार 11 नए नामों ने एंट्री की, जबकि पिछले साल के छह नाम सूची से बाहर हो गए.

नोएडा बना यूपी के अमीरों का सबसे बड़ा ठिकाना

यूपी की सूची में नोएडा का दबदबा सबसे ज्यादा नजर आता है. यहां से 15 उद्योगपतियों ने हुरुन रिच लिस्ट में जगह बनाई है. सबसे ऊपर आदित्य खेमका हैं, जिनकी संपत्ति 32,200 करोड़ रुपये बताई गई है. पुनीत गुप्ता, हितेश ओबेरॉय, अजय कुमार, यशिश दहिया और दिनेश चंद्र अग्रवाल का नाम भी शामिल हैं. यानी सिर्फ नोएडा से जुड़े इन 15 नामों ने यूपी के अमीर कारोबारियों की सूची में बड़ी हिस्सेदारी बनाई है.

कानपुर भी पीछे नहीं, 10 बड़े कारोबारी सूची में

अमीर कारोबारियों के मामले में कानपुर दूसरे नंबर पर है. शहर से 10 उद्योगपतियों ने सूची में जगह बनाई है. इनमें राज कुमार लोहिया की संपत्ति 5,800 करोड़ रुपये, सोम प्रकाश गोयनका की 5,500 करोड़ और सुरेंद्र कुमार गुप्ता की 5,500 करोड़ रुपये बताई गई है. मुरलीधर ज्ञान चंदानी की संपत्ति 5,400 करोड़ रुपये है. खास बात यह है कि गोल्डी मसाले समूह से जुड़े सोम प्रकाश गोयनका और सुरेंद्र कुमार गुप्ता की संयुक्त संपत्ति करीब 11,000 करोड़ रुपये बताई गई है.

लखनऊ में सबसे आगे सचिन अग्रवाल

यूपी के बड़े धनकुबेरों की सूची में लखनऊ से चार नाम शामिल हैं. इनमें सचिन अग्रवाल सबसे आगे हैं. उनकी संपत्ति 15,300 करोड़ रुपये बताई गई है. इसके बाद अनिल कुमार सिंह 4,800 करोड़, विनोद कुमार सिंह 1,400 करोड़ और आनंद स्वरूप अग्रवाल 1,100 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ सूची में हैं.

यूपी के सबसे अमीर तीन नाम

पूरे यूपी से जुड़े कारोबारियों में संपत्ति के लिहाज से शीर्ष नामों में नोएडा के आदित्य खेमका सबसे ऊपर हैं. उनके बाद लखनऊ के सचिन अग्रवाल और प्रयागराज के अलख पांडेय का नाम आता है.

  • आदित्य खेमका- 32,200 करोड़ रुपये
  • सचिन अग्रवाल-15,300 करोड़ रुपये
  • अलख पांडेय- 13,800 करोड़ रुपये

11 नए नामों की एंट्री

2026 की सूची में यूपी से 11 नए कारोबारी शामिल हुए हैं. इनमें नोएडा से पुनीत गुप्ता, अजय कुमार और अनुपम घोष; कानपुर से राज कुमार लोहिया, सोम प्रकाश गोयनका, सुरेंद्र कुमार गुप्ता और गोपाल गुप्ता; आगरा से गुलाब चंद लधानी; गोरखपुर से प्रेम प्रकाश अग्रवाल और संतोष कुमार अग्रवाल तथा मिर्जापुर से गोविंदजी गुप्ता शामिल हैं. वहीं, पिछले साल सूची में शामिल छह नाम इस बार बाहर हो गए हैं. इनमें नोएडा के सुनील वाछानी, गीतांबर आनंद और अरविंद गुप्ता, कानपुर के तस्नीफ अहमद मिर्जा और महेंद्र मोहन गुप्ता तथा बुलंदशहर के राधेश्याम दीक्षित शामिल हैं.

सिर्फ एक-दो सेक्टर नहीं, कई कारोबारों से बनी दौलत

हुरुन इंडिया के चीफ एनालिस्ट अनस रहमान के मुताबिक, यूपी की इस सूची में कारोबार का दायरा काफी बड़ा है. इसमें इलेक्ट्रॉनिक्स, उद्योग, शिक्षा, रियल एस्टेट, खाद्य उत्पाद, सॉफ्टवेयर, वित्तीय सेवाएं, स्वास्थ्य, निर्माण, धातु-खनन और एयरोस्पेस जैसे अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े कारोबारी शामिल हैं. यानी यूपी की नई अमीरी की तस्वीर सिर्फ पारंपरिक कारोबार तक सीमित नहीं है. टेक्नोलॉजी, एजुकेशन, रियल एस्टेट और नए दौर के उद्योग भी अब प्रदेश के बड़े कारोबारी घरानों की संपत्ति में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *