Last Updated:
एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट टीम का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार को खेला जाएगा. इस मुकाबले से पहले एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने सोशल मीडिया पर ये बताया कि वह इस मैच के लिए उपस्थित नहीं रहेंगे. मोहसिन नकवी के नहीं होने से अब इस मुकाबले के लिए किसी भी तरह के विवाद की संभावना खत्म हो गई है.
भारतीय क्रिकेट टीम और मोहसिन नकवी (फोटो-BCCI/X)
नई दिल्ली: एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी भारत और पाकिस्तान के बीच गोल्ड मेडल मैच के दौरान उपस्थित नहीं रहेंगे. जापान के निशिन कोरोगी पार्क में भारत और पाकिस्तान के बीच गोल्ड मेडल मैच खेला जाएगा. एसीसी ने आधिकारिक मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी पूर्व निर्धारित प्रतिबद्धताओं के कारण एशियाई खेल 2026 के फाइनल में शामिल नहीं हो पाएंगे, लेकिन गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल मुकाबलों से पहले सभी चार टीम को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं भेजते हैं.”
नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष और देश के गृह मंत्री भी हैं. वह बीसीसीआई के लिए परेशानी का सबब रहे हैं. पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले में निर्दोष भारतीय नागरिकों के मारे जाने के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में शामिल भारतीय रक्षा बलों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करते हुए भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीम ने विरोध के तौर पर उनसे अपनी-अपनी एशिया कप ट्रॉफियां लेने से इनकार कर दिया है.
गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल मैच के लिए नकवी ने दी शुभकामनाएं
नकवी ने इस पोस्ट में कहा, ‘‘एशियाई खेल 2026 में गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल मुकाबलों से पहले सभी प्रतिभागियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं. प्रतिबद्धताओं के कारण मैं नागोया से दूर रहूंगा. लेकिन मैं कुछ रोमांचक मुकाबलों का बेसब्री से इंतजार करूंगा.’’
बीसीसीआई ने स्पष्ट रूप से अपना रुख कायम रखा है कि उसकी टीमें नकवी से ट्रॉफियां नहीं लेंगी और पाकिस्तान के गृह मंत्री इस बात पर अड़े हुए हैं कि अगर भारत एशिया कप की ट्रॉफियां चाहता है तो यह उन्हें केवल उन्हीं से लेनी होगीं. इसी वजह से सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रॉफी चोर भी कहा जाता है.
नकवी के नहीं होने से एशियन गेम्स में विवाद खत्म
2025 के पुरुष एशिया कप और इस साल के महिला चरण दोनों के दौरान भारतीय टीमें नकवी से ट्रॉफी लिए बिना लौट आईं थीं. बीसीसीआई ने एसीसी से अनुरोध किया था कि वह अध्यक्ष को अपने उपाध्यक्ष से यह सम्मान दिलाने की सलाह दे, लेकिन वह नहीं माने.
इस बात को लेकर भी चिंताएं थीं कि अगर नकवी को महाद्वीपीय खेल प्रमुख के रूप में आधिकारिक समारोह में पदक प्रदान करने की अनुमति दी जाती है तो क्या होगा. लेकिन अब नकवी की अनुपस्थिति में एशियाई ओलंपिक परिषद, स्थानीय आयोजक और भारतीय ओलंपिक संघ सभी संभावित रूप से तनावपूर्ण स्थिति से बच सकते हैं.
About the Author
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ें
