लखनऊः उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है. अचानक से बारिश होने से मौसम और ठंडा हो गया है. इस बीच मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों में कई जिलों में बारिश व गर्जन को लेकर चेतावनी जारी की है. दरअसल, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र का प्रभाव है. उत्तर-पूर्व बांग्लादेश और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर हवा का चक्रवाती घेरा बना हुआ है.
पूर्वी और पश्चिमी यूपी में बेमौसम बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि 28 अक्तूबर से पूर्वी यूपी में बेमौसम बारिश के दौर की संभावना है. इसे लेकर अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश, गरज व चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. 28 और 29 अक्तूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अन्य जगहों पर मेघगर्जन व वज्रपात के साथ झोंकेदार हवाएं चल सकती है.
28 और 29 अक्तूबर को होगी भारी बारिश
यूपी के सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, रगाजीपुर, बलिया और आसपास के इलाकों में मेघगर्जन के साथ झोंकेदार हवाएं और बारिश का अलर्ट हैं. वहीं 29 अक्तूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया में भारी बारिश की आशंका है. वहीं बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आदमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर और आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश के आसार हैं.
यूपी में सुबह-शाम महसूस हो रही ठंड
बता दें कि यूपी में सुबह-शाम के समय हल्की ठंड दस्तक दे रही है तो वहीं दोपहर में तीखी धूप लोगों के पसीने छुड़ा रही है.सुबह के वक्त हल्की सिहरन महसूस हो रही है. लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही धूप के तेवर तल्ख हो गए हैं, जिससे लोगों को गर्मी की एहसास हो रही है. लेकिन शाम ढलते ही मौसम फिर सामान्य हो जा रहा है और हवा में ठंडक घुल जा रही है. आसमान में बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं हल्की से ठंड बढ़ने के आसार हैं.
