दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को एक बड़ी सुविधा मिलने वाली है. पीरागढ़ी में जल्द ही ऐसा नया इंटरचेंज तैयार होने जा रहा है, जहां यात्री ग्रीन लाइन से सीधे मैजेंटा लाइन पर जा सकेंगे. इससे पीरागढ़ी, पीरागढ़ी गांव, उद्योग नगर और पश्चिम विहार समेत आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को मेट्रो बदलने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा.
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यानी DMRC के एक अधिकारी के मुताबिक, यह इंटरचेंज मौजूदा ग्रीन लाइन के पीरागढ़ी स्टेशन और फेज-4 के तहत बन रहे मैजेंटा लाइन के कृष्णा पार्क एक्सटेंशन-दीपाली चौक सेक्शन के स्टेशन के बीच तैयार किया जा रहा है. नए सेक्शन को इस साल के अंत तक यात्रियों के लिए खोलने की उम्मीद है.
160 मीटर का फुट ओवरब्रिज, स्टेशन से बाहर निकलने की जरूरत नहीं
पीरागढ़ी पर दोनों मेट्रो स्टेशन एलिवेटेड होंगे. दोनों हिस्सों को करीब 160 मीटर लंबे फुट ओवरब्रिज से जोड़ा जाएगा. खास बात यह है कि यह कनेक्शन मेट्रो के पेड एरिया के अंदर होगा. यानी यात्री एक लाइन से दूसरी लाइन पर जाने के लिए स्टेशन से बाहर निकले बिना ही मेट्रो बदल सकेंगे.
इसका सीधा फायदा उन यात्रियों को मिलेगा जिन्हें अभी अलग-अलग रूट के बीच कनेक्शन के लिए अतिरिक्त समय लगाना पड़ता है. इंटरचेंज शुरू होने के बाद पश्चिमी दिल्ली के कई इलाकों से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए सफर ज्यादा सुविधाजनक हो जाएगा.
90 फीसदी सिविल वर्क पूरा
DMRC के मुताबिक, नए स्टेशन पर करीब 90 फीसदी सिविल निर्माण का काम पूरा हो चुका है. फिलहाल स्टेशन पर फिनिशिंग का काम चल रहा है. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह स्टेशन ग्रीन और मैजेंटा लाइन के बीच एक महत्वपूर्ण कनेक्शन के तौर पर काम करेगा.
ग्रीन लाइन फिलहाल इंद्रलोक-किरती नगर से लेकर ब्रिगेडियर होशियार सिंह की दिशा में कई इलाकों को जोड़ती है. वहीं मैजेंटा लाइन पश्चिमी दिल्ली को शहर के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कॉरिडोर है.
फेज-4 में मैजेंटा लाइन के दोनों हिस्से जुड़ेंगे
मैजेंटा लाइन पर फिलहाल बॉटनिकल गार्डन से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और दीपाली चौक से मजलिस पार्क के बीच अलग-अलग हिस्सों में मेट्रो चल रही है. फेज-4 के तहत कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक के बीच नया सेक्शन तैयार किया जा रहा है. इसके पूरा होने के बाद मैजेंटा लाइन के दोनों मौजूदा हिस्से आपस में जुड़ जाएंगे. इससे पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के कई इलाकों को मेट्रो नेटवर्क से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. पीरागढ़ी इंटरचेंज इसी विस्तार का अहम हिस्सा है.
अभी 31 इंटरचेंज, फेज-4 के बाद और बढ़ेगी संख्या
दिल्ली मेट्रो नेटवर्क में फिलहाल अलग-अलग कॉरिडोर को जोड़ने वाले 31 इंटरचेंज स्टेशन हैं. DMRC के अनुसार, फेज-4 का काम पूरा होने के बाद करीब 18 और इंटरचेंज स्टेशन नेटवर्क में जुड़ने की उम्मीद है.
यानी आने वाले समय में यात्रियों को एक लाइन से दूसरी लाइन में जाने के लिए ज्यादा विकल्प मिलेंगे. पीरागढ़ी का नया इंटरचेंज भी इसी नेटवर्क विस्तार का हिस्सा है, जिससे पश्चिमी दिल्ली के रोजाना मेट्रो यात्रियों के लिए रूट बदलना आसान हो जाएगा.
