डांडिया नाइट और गरबा को लेकर चनिया चोली, शरारा और गरारे की बढ़ी डिमांड, 700 में उपलब्ध है ड्रेस, ग्रेटर नोएडा के बाजार में लग रही भीड़

ग्रेटर नोएडा: डांडिया नाइट और गरबा के आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ने लगा है. त्योहारों के इस माहौल में पारंपरिक परिधानों का क्रेज भी देखने को मिल रहा है. ग्रेटर नोएडा के जगत फार्म बाजार में डांडिया नाइट के लिए महिलाएं और युवतियां अपनी पसंद के कपड़ों की खरीदारी करने पहुंच रही हैं. बाजार में चनिया चोली, लहंगा, साड़ी, शरारा और गरारे की विभिन्न वैरायटी उपलब्ध हैं. दुकानदारों के मुताबिक, इस बार ट्रेडिशनल लुक के साथ नए फैशन ट्रेंड को भी खूब पसंद किया जा रहा है. खासतौर पर व्हाइट-ब्लैक कॉम्बिनेशन, मल्टीकलर और अजरख प्रिंट के परिधानों की मांग देखने को मिल रही है.

डांडिया के लिए अलग-अलग डिजाइन की ड्रेस की मांग

जगत फार्म के साड़ी व्यापारी रोहित ने बताया कि डांडिया नाइट को लेकर बाजार में कई तरह के पारंपरिक परिधान उपलब्ध हैं. महिलाएं और युवतियां अपनी पसंद के अनुसार लहंगा-चनिया चोली और साड़ियों की खरीदारी कर रही हैं. इसके अलावा शरारा और गरारे भी पसंद किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि बाजार में अलग-अलग डिजाइन, रंग और पैटर्न के लहंगे मौजूद हैं, जिनमें से ग्राहक अपनी पसंद के हिसाब से चुनाव कर सकते हैं.

रोहित के अनुसार, इस बार सफेद रंग के परिधानों का ट्रेंड भी देखने को मिल रहा है. डांडिया नाइट के लिए लोग ऐसे कपड़े पसंद कर रहे हैं, जो पारंपरिक होने के साथ आकर्षक भी दिखें. उन्होंने बताया कि उनके यहां एक हजार रुपये से लेकर 30 हजार रुपये तक के परिधान उपलब्ध हैं. ग्राहकों को बजट और पसंद के अनुसार कई विकल्प मिल रहे हैं.

अजरख प्रिंट और व्हाइट-ब्लैक कॉम्बिनेशन की बढ़ी पसंद

बाजार की दुकानदार बबीता राणा ने बताया कि इन दिनों अजरख प्रिंट, मल्टीकलर ड्रेस और व्हाइट-ब्लैक कॉम्बिनेशन के परिधान ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि व्हाइट-ब्लैक रंग का कॉम्बिनेशन एवरग्रीन है, जबकि अजरख प्रिंट भी लोगों की पसंद बना हुआ है. डांडिया और गरबा के लिए बाजार में कई तरह की चनिया चोली और पारंपरिक कपड़ों की वैरायटी उपलब्ध है.

बताया कि ग्राहक कॉटन के कपड़ों को भी काफी पसंद कर रहे हैं. आरामदायक होने के साथ-साथ पारंपरिक लुक देने वाले परिधानों की मांग बनी हुई है. उन्होंने बताया कि वह पिछले आठ से दस वर्षों से इस कारोबार से जुड़ी हैं. समय के साथ पारंपरिक कपड़ों के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ा है. उनके अनुसार, इस बार पिछले वर्षों की तुलना में व्यापार भी बेहतर चल रहा है. उनकी दुकान पर 700 रुपये से लेकर चार हजार रुपये तक की ड्रेस उपलब्ध हैं.

युवतियों में डांडिया नाइट को लेकर उत्साह

डांडिया नाइट के लिए खरीदारी करने पहुंचीं ग्राहक साक्षी ने बताया कि वह गरबा खेलने के लिए ड्रेस खरीदने आई हैं. उन्होंने बताया कि वह नौकरी करती हैं, लेकिन डांडिया और गरबा को लेकर इस बार काफी उत्साहित हैं. इसी वजह से वह अपने लिए खास ड्रेस खरीदने बाजार पहुंचीं. उनके मुताबिक, डांडिया नाइट जैसे आयोजनों में पारंपरिक कपड़े पहनने का अलग ही उत्साह रहता है. वहीं, ग्राहक रोशनी ने बताया कि वह भी डांडिया के लिए खरीदारी करने आई हैं. उन्हें लाल रंग की ड्रेस काफी पसंद आई, इसलिए उन्होंने इसे चुना. उन्होंने बताया कि डांडिया के मौके पर अपनी पसंद के रंग और डिजाइन की ड्रेस पहनने को लेकर वह उत्साहित हैं.

पारंपरिक परिधानों से बाजार में रौनक

डांडिया और गरबा के आयोजन ने जगत फार्म के कपड़ा बाजार में रौनक बढ़ा दी है. दुकानदारों को उम्मीद है कि आयोजन के नजदीक आने के साथ खरीदारी में और तेजी देखने को मिलेगी. रंग-बिरंगे लहंगे, चनिया चोली, साड़ियां, शरारा और गरारे ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं. वहीं, ग्राहक भी अपने बजट और पसंद के अनुसार पारंपरिक परिधानों का चुनाव कर रहे हैं.कुल मिलाकर, डांडिया नाइट के उत्साह के बीच जगत फार्म में ट्रेडिशनल फैशन का रंग चढ़ने लगा है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *