Last Updated:
नया आईफोन खरीदना हर किसी के बजट में नहीं होता, लेकिन अगर कम कीमत में एप्पल का फोन इस्तेमाल करने का मौका मिले तो कैसा रहेगा? यूपी के गाजीपुर शहर की दाल मंडी में सेकेंड हैंड आईफोन का बाजार लोगों को आकर्षित कर रहा है. यहां 6,000 रुपये से लेकर 60,000 रुपये तक के फोन मिलने की बात कही जा रही है. जानिए कौन-से मॉडल की कितनी कीमत है और पुराना आईफोन खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
गाजीपुर. यूपी के गाजीपुर शहर में इन दिनों सेकेंड हैंड आईफोन का बाजार तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. शहर के एलआईसी ऑफिस के नीचे स्थित मोबाइल रिपेयरिंग की दुकानों पर युवा ही नहीं, बल्कि बुजुर्ग भी पुराने आईफोन खरीदने पहुंच रहे हैं. इस जगह को गाजीपुर की दाल मंडी भी कहा जाता है. यहां 6,000 रुपये से लेकर 60,000 रुपये तक की कीमत में अलग-अलग मॉडल के आईफोन उपलब्ध हैं.
इस कारोबार से जुड़े व्यापारी शशांक शेखर ने लोकल 18 को बताया कि साल 2022 में उनके मन में कम कीमत पर आईफोन उपलब्ध कराने का विचार आया. उनका मकसद उन लोगों तक आईफोन पहुंचाना था, जो महंगा होने के कारण नया फोन नहीं खरीद सकते. शुरुआत में कुछ लोगों ने उन्हें अपने पुराने आईफोन बेचे. इसके बाद उन्होंने इन फोन को आगे बेचना शुरू किया. ग्राहकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिलने पर उन्होंने इस कारोबार को और बढ़ाया.
शशांक ने बताया कि उनकी दुकान पर आईफोन 5 से लेकर आईफोन 17 तक के मॉडल उपलब्ध हैं. ग्राहकों के बीच आईफोन 13 और 14 जैसे मिड-रेंज मॉडल सबसे ज्यादा पसंद किए जाते हैं. इनकी कीमत फोन की कंडीशन के हिसाब से 20,000 से 28,000 रुपये के बीच होती है. मांग अधिक होने के कारण ये मॉडल कई बार आउट ऑफ स्टॉक भी हो जाते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
दुकानदार ने बताया कि आईफोन 5 करीब 5,000 से 6,000 रुपये में मिल जाता है. हालांकि, यह बेसिक मॉडल है, जिसमें कॉलिंग जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलती हैं और नए अपडेट नहीं आते. बेहतर अनुभव के लिए वह ग्राहकों को आईफोन 12 या उससे आगे के मॉडल लेने की सलाह देते हैं. इनकी शुरुआती कीमत करीब 15,000 रुपये तक बताई जाती है. वहीं, बेहतर कैमरा और प्रो फीचर्स चाहने वाले ग्राहकों के लिए आईफोन 13 प्रो भी एक विकल्प है, जिसकी कीमत लगभग 40,000 से 45,000 रुपये के बीच है.
सेकेंड हैंड फोन खरीदने में ग्राहकों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए दुकान पर फोन की जांच और बिल से जुड़ी प्रक्रिया का ध्यान रखा जाता है. शशांक बताते हैं कि पुराने आईफोन खरीदते समय विक्रेता से पक्का जीएसटी बिल और बॉक्स लिया जाता है. बिना बिल के फोन नहीं खरीदे जाते. ग्राहक भी फोन खरीदने से पहले उसमें सिम लगाकर कैमरा, स्पीकर और दूसरे फीचर्स की जांच कर सकते हैं. ग्राहकों की सुविधा के लिए फोन पर इंश्योरेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है. इस बाजार में युवा ग्राहकों के साथ करीब 50 वर्ष तक की उम्र के लोग भी आईफोन खरीदने पहुंच रहे हैं. कोई शौक के लिए तो कोई जरूरत के हिसाब से सेकेंड हैंड फोन खरीद रहा है. ग्राहकों का मानना है कि इससे कम बजट में एप्पल के फोन इस्तेमाल करने का मौका मिल जाता है.
फोन खरीदने पहुंचे विकास ने बताया कि उन्होंने 6,000 रुपये में एक बेसिक आईफोन खरीदा है. उनके मुताबिक, आईफोन का ब्रांड स्टेटस लोगों को आकर्षित करता है, लेकिन नया फोन महंगा होने के कारण हर कोई इसे नहीं खरीद सकता. ऐसे में सेकेंड हैंड आईफोन उनके लिए अच्छा विकल्प बना. वहीं, ग्राहक आलोक कुशवाहा ने बताया कि वह आईफोन 13 या आईफोन 12 मिनी खरीदने के बारे में सोच रहे हैं. उन्हें फोन का लुक और कैमरा पसंद आ रहा है.
