Last Updated:
Suran Ki Sabji Recipe : दीपावली का त्योहार नजदीक है. यह खुशियों का त्योहार है. दिवाली पर घरों में कई तरह के पकवान बनाए जाते हैं. इस दौरान यूपी-बिहार जैसे राज्यों में एक खास सब्जी बनाई जाती है. सूरन की सब्जी. दिवाली के समय सूरन की सब्जी बनाना बेहद शुभ माना जाता है. इसे धन-वैभव और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है. ऐसी मान्यता है कि दिवाली की रात मां लक्ष्मी के पूजन के अवसर पर इसे बनाकर खाने से घर में सुख-शांति आती है. सूरन की सब्जी न केवल दिखने में अच्छी होती है, बल्कि खाने में भी स्वादिष्ट होती है. इस सब्जी को कैसे बनाते हैं, आइये जानते हैं…….
Jimikand ki Sabzi recipe : दीपावली खुशियों का त्योहार है. दिवाली पर यूपी-बिहार जैसे राज्यों में सूरन की सब्जी बनाई जाती है. सूरन की सब्जी बहुत टेस्टी होती है. सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है. दिवाली के समय मौसम बदलता है. इस दौरान शरीर में वात और पित्त का असंतुलन होता है जिसे सूरन खाने से नियंत्रित किया जा सकता है. इसमें फाइबर बहुत ज्यादा मात्रा में पाया जाता है. सूरन की सब्जी बनाने की आसान रेसिपी क्या है, इसे बनाते समय हाथों में खुजली से बचने के उपाय क्या है, आइये जानते हैं…
सूरन की सब्जी काटने से पहले हाथों पर पहले थोड़ा सा तेल लगा लें. हाथों पर तेल नहीं लगाएंगे तो खुजली होगी. पहले जिमिकंद का छिलका उतार लें. छिलका उतारने के बाद इसे पानी में भिगोकर रखें. अब इसे मीडियम साइज के टुकड़ों में काट लें. अब आप चाहें तो इन टुकड़ों को उबाल लें या फिर फ्राय कर लें. सरसों के तेल में फ्राय करके यह सब्जी बनाएंगे तो बहुत टेस्टी लगेगी. अब एक कढ़ाही में सरसों का तेल डालें. तेल जब अच्छे से गर्म हो जाए तब सूरन के टुकड़े इसमें डालें और अच्छे से फ्राय कर लें. फ्राय करने के बाद इन्हें एक प्लेट में निकाल लें.
अब दो तरह के पेस्ट बनाकर तैयार कर लीजिए. एक पेस्ट अदरक-हरी मिर्च लहसुन का और दूसरा पेस्ट टमाटर का. दोनों पेस्ट तैयार करने के बाद कढ़ाही के बचे हुए तेल में एक बड़ी चम्मच ऑयल डालें. जब तेल अच्छे से गर्म हो जाए तो तेजपत्ता, दो बड़ी इलायची और दालचीनी-जीरा डाल दें. इन्हें अच्छे से भून लें. अब अदरक-लहसुन का पेस्ट इसमें डाल दें. अब इसे अच्छे से भून लें. फिर कटे हुए प्याज डाल दें. प्याज जितना अच्छा डालेंगे, सब्जी का स्वाद उतना ही अच्छा आएगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google
जब प्याज का रंग थोड़ा सा बदल जाए तो इसमें टमाटर का पेस्ट मिला दें. अब इसमें एक छोटी चम्मच धनिया पाउडर, आधी छोटी चम्मच जीरा पाउडर, आधी छोटी चम्मच काली मिर्च पाउडर और एक बड़ी चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च डालें. कश्मीरी लाल मिर्च से सब्जी का रंग अच्छा आएगा. अब इसमें एक चम्मच गरम मसाला मिक्स कर लें. तीखेपन के लिए एक चम्मच लाल मिर्च पाउडर और एक चम्मच हल्दी पाउडर मिलाएं. अब सबको अच्छे से मिलाकर ग्रेवी को 2-3 मिनट तक ढंककर पकाएं. जब मसाला अच्छे से पक जाए तो इसमे फ्राइड सूरन मिला लें.
अब इसमें एक चम्मच नमक मिला ले. सूरन को अच्छे से मिक्स कर लें. दो-तीन मिनट तक ढंककर धीमी आंच में पकाएं. अब देखेंगे कि सूरन अच्छे से मिक्स हो गया है. अब इसमें आवश्यकतानुसार पानी मिला लें. दो-तीन मिनट अच्छे से पकाएं. अब सब्जी में आधा चम्मच नींबू का रस डालें. नींबू का रस डालने से सब्जी की खुजली बिल्कुल खत्म हो जाती है. लास्ट में कटी हुई बारीक धनिया पत्ती मिला ले. इस तरह से टेस्टी ग्रेवी वाली सूरन की सब्जी बनकर तैयार है.
