भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का महामुकाबला, जानिए कब और कहां देखें लाइव मैच

नई द‍िल्‍ली. क्रिकेट के मैदान पर जब भी भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होती हैं, तो रोमांच अपने चरम पर होता है. एक बार फिर दुनिया भर के खेल प्रेमियों की सांसें थाम देने वाले मुकाबले के लिए मंच सज चुका है. हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट के 22वें एड‍िशन का आगाज होने वालाहै, और फैंस को पहले ही दिन एक ऐतिहासिक और हाई-वोल्टेज मैच देखने को मिलने वाला है. ग्रुप सी के इस मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियंस पाकिस्तान की टीम अपने खिताब की रक्षा करने के इरादे से उतरेगी, जबकि भारतीय टीम भी जीत के साथ टूर्नामेंट का धमाकेदार आगाज करने के लिए पूरी तरह तैयार है.

यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट हांगकांग (Hong Kong Sixes) के मशहूर मिशन रोड ग्राउंड, मंग कोक में खेला जा रहा है. हांगकांग सिक्सेस का यह रोमांचक सफर 30 अक्टूबर से शुरू होकर 1 नवंबर तक चलेगा. इस बार टूर्नामेंट में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया है, जिन्हें तीन-तीन टीमों के चार अलग-अलग ग्रुप्स में बांटा गया है. भारत और पाकिस्तान को यूएई (UAE) के साथ ग्रुप सी में रखा गया है.

क्रिकेट के इस अनोखे और तेज-तर्रार फॉर्मेट की अपनी एक अलग ही खासियत है. प्रत्येक मैच में दोनों तरफ से छह-छह खिलाड़ी मैदान पर उतरते हैं, और एक पारी महज छह ओवरों की होती है. शुरुआती दौर के मुकाबलों के बाद, आने वाले दिनों में नॉकआउट चरण और क्लासिफिकेशन मैच खेले जाएंगे, और आखिरकार 1 नवंबर को इस रोमांचक टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा. कम ओवरों और अधिक आक्रामक खेल की वजह से यह फॉर्मेट दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है.

दोनों टीमों के स्‍क्‍वॉड
इस महामुकाबले के लिए दोनों देशों ने अपने सबसे अनुभवी और विस्फोटक खिलाड़ियों को मैदान में उतारा है. भारत और पाकिस्तान दोनों के ही स्क्वाड में कई ऐसे धुरंधर शामिल हैं जो अपनी तूफानी बल्लेबाजी और घातक गेंदबाजी के दम पर कभी भी मैच का रुख पलट सकते हैं.

भारत का स्‍क्‍वॉड: भारत की कमान अनुभवी ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या (Krunal Pandya) के हाथों में है. इसके अलावा टीम में विस्फोटक बल्लेबाज शशांक सिंह, आक्रामक फिनिशर राहुल तेवतिया, स्टाइलिश बल्लेबाज नीतीश राणा, अनुभवी राहुल त्रिपाठी, तेज गेंदबाज टी. नटराजन और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज कुलवंत खेजरोलिया को शामिल किया गया है.

पाकिस्तान का स्‍क्‍वॉड: डिफेंडिंग चैंपियंस पाकिस्तान की कप्तानी अब्बास अफरीदी (Abbas Afridi) संभाल रहे हैं. उनके साथ अब्दुल समद, अहमद दानील, मोहम्मद इरफान खान, ख्वाजा नफे, मोहम्मद शहजाद और साद मसूद जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी टीम को मजबूती दे रहे हैं.

अगर आप भी इस महामुकाबले का एक भी पल मिस नहीं करना चाहते हैं, तो मैच से जुड़ी सभी जरूरी बातें नीचे दी गई हैं:

भारत और पाकिस्‍तान के बीच हांगकांग स‍िक्‍सेस का मुकाबला कब खेला जाएगा?
भारत और पाकिस्तान के बीच यह रोमांचक मुकाबला शुक्रवार, 30 अक्टूबर को खेला जाएगा.

भारत और पाकिस्‍तान के बीच महामुकाबला कहां खेला जाएगा?
यह मुकाबला हांगकांग के मंग कोक स्थित ऐतिहासिक मिशन रोड ग्राउंड पर आयोजित होगा.

भारत और पाकिस्‍तान के बीच क‍ितने बजे मैच खेला जाएगा?
भारतीय समयानुसार यह मैच सुबह 11:45 बजे शुरू होगा. यदि स्थानीय समय (हांगकांग) की बात करें, तो वहां के समय के अनुसार यह दोपहर 2:15 बजे शुरू होगा.

भारत पाक‍िस्‍तान मुकाबले की लाइव टेलीकास्‍ट कहां देखें?
जो दर्शक टेलीविजन पर इस मुकाबले का लुत्फ उठाना चाहते हैं, वे इसे सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क (Sony Sports Network) पर लाइव देख सकते हैं.

भारत पाक‍िस्‍तान मुकाबले की ओटीटी और लाइव स्ट्रीमिंग कहां देख सकते हैं?
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मैच का आनंद लेने के लिए फैंस फैनकोड (FanCode) ऐप और वेबसाइट पर जा सकते हैं, जहां इसकी लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *