खरगे के घर बैठेगी 'मॉक पार्लियामेंट', CEC ज्ञानेश कुमार पर चलेगा महाभियोग, मीरा कुमार संभालेंगी कुर्सी

India Alliance Mock Parliament: लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार 30 अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के खिलाफ विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी. सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इस कार्यक्रम की कार्यवाही की शुरुआत करते हुए ‘प्रस्ताव’ पेश करेंगे और इसे पारित किए जाने से पहले पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समापन भाषण देंगे. ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने नई दिल्ली में खरगे के आवास पर बैठक कर ‘जन महाभियोग’ की कार्यवाही को अंतिम रूप दिया. गठबंधन के नेता कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर सांकेतिक विरोध के तौर पर खरगे के आवास पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ यह “जन महाभियोग” कार्यक्रम आयोजित करने वाले हैं.

इस बैठक में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, जयराम रमेश और के. सी. वेणुगोपाल, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मीरा कुमार, तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओब्रायन, समाजवादी पार्टी के हरेंद्र मलिक, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की महुआ माजी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के जॉन ब्रिटास समेत कई नेता शामिल हुए. सूत्रों ने बताया कि मीरा कुमार मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन के ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी. खरगे ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘महाभियोग प्रस्ताव’ पेश करेंगे, जबकि प्रस्ताव पारित किए जाने से पहले राहुल गांधी समापन भाषण देंगे.

खरगे ने बेंगलुरु में संवाददाताओं से कहा कि कथित ‘वोट चोरी’ और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध जारी रहेगा तथा सभी विपक्षी दल इसका समर्थन कर रहे हैं. उन्होंने कहा, “हमारा विरोध ‘वोट चोरी’ और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा आयोग में किए गए कृत्यों के खिलाफ है. हम इसे जारी रखेंगे और सभी दल हमारा समर्थन कर रहे हैं.”

खरगे ने कहा कि विपक्ष शुक्रवार को ‘मॉक पार्लियामेंट’ (प्रतीकात्मक संसद) आयोजित करेगा और एक नवंबर को रैली की जाएगी, जिसमें देशभर से लोग शामिल होंगे. उन्होंने कहा, “हम लड़ेंगे क्योंकि लोकतंत्र में जब तक आप संघर्ष नहीं करते, तब तक लोग जागरूक नहीं होंगे. इसीलिए हम यह सब कर रहे हैं.”

कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने कहा कि विपक्ष चाहता है कि एसआईआर और कथित ‘वोट चोरी’ से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा हो. उन्होंने कहा, “लोगों की पीड़ा और लोकतंत्र पर हमले के मुद्दे को चर्चा के जरिये सामने लाया जाना चाहिए तथा लोगों को यह भरोसा दिलाया जाना चाहिए कि लोकतंत्र को बचाने के लिए हम सभी एकजुट हैं.” गोगोई का कहना था कि शुक्रवार को होने वाले ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम से विपक्षी दलों की एकजुटता का संदेश जाएगा.

समाजवादी पार्टी के हरेंद्र मलिक ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के ‘जन महाभियोग’ में प्रत्येक दल की ओर से केवल एक व्यक्ति अपनी बात रखेगा. उन्होंने कहा, “यह तय किया गया है कि या तो पार्टी का नेता खुद कल बोलेगा या अपनी ओर से बोलने के लिए किसी व्यक्ति को नामित करेगा.”

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को कहा था कि कई स्थानों पर आयोजन की अनुमति नहीं मिलने के कारण ‘इंडिया जनबंधन’ 30 अक्टूबर को अपराह्न साढ़े तीन बजे खरगे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर कुमार का ‘जन महाभियोग’ आयोजित करेगा. कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *