मेटा ने बिना किसी बड़े ऐलान के Style Sketch नाम का नया AI-पावर्ड फैशन ऐप लॉन्च किया है. यह ऐप यूजर्स को उनकी अलमारी में पहले से मौजूद कपड़ों से नए आउटफिट कॉम्बिनेशन तैयार करने में मदद करेगा. इसके लिए ऐप AI की मदद से यूजर की डिजिटल वॉर्डरोब तैयार करता है और उसके पर्सनल स्टाइल के हिसाब से कपड़े पहनने के सुझाव देता है.
इतना ही नहीं, यूजर अपने चुने हुए आउटफिट को अपने शरीर के आकार और स्किन टोन से मेल खाते वर्चुअल मॉडल पर भी देख सकते हैं.
Instagram से तैयार होगी डिजिटल वॉर्डरोब
Meta Style Sketch ऐप को App Store और Google Play Store से डाउनलोड किया जा सकता है. फिलहाल यह इंडोनेशिया, सिंगापुर और थाईलैंड जैसे चुनिंदा बाजारों में उपलब्ध है. कंपनी ने अभी दूसरे देशों में इसकी उपलब्धता को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है.
इस ऐप की खासियत यह है कि यह Instagram और यूजर के फोटो एलबम की मदद से डिजिटल वॉर्डरोब तैयार कर सकता है. यूजर चाहें तो अपने कपड़ों की तस्वीरें, वीडियो या कैमरा रोल से फोटो लेकर उन्हें मैन्युअली भी ऐप में जोड़ सकते हैं.
इसके बाद AI अलमारी में मौजूद कपड़ों को देखकर अलग-अलग आउटफिट कॉम्बिनेशन सुझाता है. ये सुझाव यूजर की पसंद, पर्सनल स्टाइल और बॉडी शेप को ध्यान में रखकर दिए जाते हैं.
वर्चुअल मॉडल पर देख सकेंगे अपना आउटफिट
Style Sketch में यूजर्स को अपने चुने हुए कपड़ों का लुक वर्चुअल मॉडल पर देखने का विकल्प भी मिलता है. यह मॉडल यूजर के शरीर के आकार और स्किन टोन से मेल खाने के हिसाब से तैयार किया जाता है. इससे कपड़े पहनने से पहले ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि कोई आउटफिट कैसा दिखेगा.
ऐप खासतौर पर उन कपड़ों पर भी ध्यान देता है, जिनका इस्तेमाल अलमारी में कम होता है. उदाहरण के लिए, जैकेट या फुटवियर जैसी चीजों को नए तरीके से इस्तेमाल करने के लिए यह आउटफिट आइडिया दे सकता है.
मौसम और ट्रैवल के हिसाब से भी मिलेंगे सुझाव
Style Sketch सिर्फ रोजाना के कपड़ों तक सीमित नहीं है. यूजर अपनी ट्रैवल डेस्टिनेशन, यात्रा की अवधि और वहां के मौसम के आधार पर भी आउटफिट सुझाव पा सकते हैं.
इसके अलावा ऐप में मौजूदा फैशन ट्रेंड और नए लुक्स देखने का विकल्प है. यूजर किसी पसंदीदा स्टाइल को देखकर यह जान सकते हैं कि अपनी अलमारी में मौजूद कपड़ों से वैसा लुक कैसे तैयार किया जाए. वे दो आउटफिट ऑप्शन सीधे किसी दोस्त को भेजकर उसकी राय भी ले सकते हैं.
AI फैशन ऐप्स को मिलेगी टक्कर
Meta Style Sketch के जरिए AI फैशन टूल्स के बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाना चाहती है. यह ऐप Alta जैसे AI फैशन टूल्स को टक्कर दे सकता है. वहीं, Google Photos में भी कपड़ों की तस्वीरों को डिजिटल वॉर्डरोब के रूप में व्यवस्थित करने और अलग-अलग आउटफिट कॉम्बिनेशन एक्सप्लोर करने से जुड़े फीचर्स मिलते हैं.
