₹420000000 में 4 बेडरूम का एक फ्लैट, दिल्‍ली के दिल में ऐसा घर, भूल जाएंगे गुरुग्राम के लग्‍जरी अपार्टमेंट

Delhi Luxury Flats: देश की राजधानी दिल्‍ली के पॉश इलाके में शाही तरीके से रहने का ख्‍वाब देखने वालों के लिए गुड न्‍यूज है. दिल्‍ली का दिल कहे जाने वाले चाणक्‍यपुरी के समीप लग्‍जरी अपार्टमेंट्स बनाए गए हैं. इस अपार्टमेंट में 4 बेडरूम वाले विभिन्‍न आकार के 213 फ्लैट्स हैं. इनकी कीमत 19 करोड़ से 42 करोड़ रुपये बताई जा रही है. NBCC द्वारा डेवलप ये फ्लैट्स अफ्रीका एवेन्‍यू में हैं. ये अपार्टमेंट्स गुरुग्राम और नोएडा के लग्‍जरी फ्लैट को टक्‍कर दे रहे हैं. अफ्रीका एवेन्यू स्थित एवेन्यू टावर्स केंद्रीय दिल्ली के उस इलाके में विकसित पहला ऐसा अपार्टमेंट परिसर है, जहां निजी खरीदारों को चाणक्यपुरी के नजदीक रहने का अवसर मिला है. इससे पहले इस क्षेत्र में मुख्य रूप से सरकारी आवास और कार्यालय ही उपलब्ध थे.

दरअसल, दिल्ली के सबसे पॉश इलाकों में शुमार चाणक्यपुरी के नजदीक लग्जरी अपार्टमेंट में फ्लैट खरीदने के लिए लोगों ने करोड़ों रुपये की बोली लगाई है. अफ्रीका एवेन्यू स्थित एनबीसीसी के एवेन्यू टावर्स में 213 प्रीमियम 4 बेडरूम (4-BHK) फ्लैट 19 करोड़ रुपये से लेकर 42 करोड़ रुपये तक में बिके. कुछ अपार्टमेंट की कीमत 89,061 रुपये प्रति वर्ग फुट (सुपर बिल्ट-अप एरिया) तक पहुंच गई, जो गुरुग्राम के सबसे महंगे हाईराइज रेजिडेंशियल फ्लैट के बराबर है.

5000 करोड़ से ज्‍यादा का राजस्‍व

सरकारी कंपनी एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने बताया कि एवेन्यू टावर्स के प्रीमियम आवासीय फ्लैटों की ई-ऑक्‍शन से उसे करीब 5,191 करोड़ रुपये का राजस्‍व हासिल हुआ है. NBCC के मुताबिक, यह उसके इतिहास में एक ही आवासीय ई-नीलामी से हासिल अब तक की सबसे अधिक बिक्री राशि है. आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के तहत आने वाली नवरत्न सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ने बताया कि नीलामी में कुल 8.8 लाख वर्ग फुट के सुपर बिल्ट-अप क्षेत्र वाले अपार्टमेंट बिके हैं. इनकी औसत बिक्री दर 59,014 रुपये प्रति वर्ग फुट रही, जो निर्धारित रिजर्व प्राइस से 21,853 रुपये प्रति वर्ग फुट यानी 58.8 प्रतिशत अधिक है. नीलामी में करीब 1,200 लोगों ने बोली लगाई.

दिल्‍ली में NBCC ने लग्‍जरी फ्लैट्स के ऑक्‍शन के जरिये 5000 करोड़ का राजस्‍व जुटाया है. (फाइल फोटो)

3 साइज के फ्लैट

‘टाइम्‍स ऑफ इंडिया’ की रिपोर्ट के अनुसार, नीलामी में कुल 262 फ्लैट शामिल थे, जिनमें से 49 इकाइयों की प्रक्रिया रद्द कर दी गई. इसके बाद 213 4 BHK फ्लैटों की बिक्री हुई. ये अपार्टमेंट 4,239, 4,339 और 4,779 वर्ग फुट के 3 साइज में उपलब्ध थे. सबसे छोटे आकार के फ्लैट 19 करोड़ से 28 करोड़ रुपये के बीच बिके और उनकी कीमत 70,000 रुपये प्रति वर्ग फुट तक पहुंची. दूसरे आकार के अपार्टमेंट 19.5 करोड़ से 32 करोड़ रुपये के बीच बिके, जिनकी अधिकतम दर 75,000 रुपये प्रति वर्ग फुट रही. सबसे बड़े 4,779 वर्ग फुट के फ्लैट (कॉम्‍प्‍लैक्‍स में सबसे बेहतर लोकेशन पर स्थित) के लिए सबसे अधिक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली. इनकी कीमत 24 करोड़ से 42 करोड़ रुपये तक रही और कुछ यूनिट्स की दर 89,000 रुपये प्रति वर्ग फुट से अधिक पहुंच गई.

रियल एस्‍टेट के एक्‍सपर्ट ने बताया कि इन अपार्टमेंट की कीमतें राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के सबसे महंगे हाईराइज आवासों के बराबर हैं. कुछ इकाइयां कारपेट एरिया के आधार पर कीमत की तुलना करने पर गुरुग्राम के प्रीमियम अपार्टमेंट के बराबर पहुंच गई हैं. सेंट्रल दिल्ली में गेटेड कम्युनिटी, बड़े अपार्टमेंट और विशिष्ट पड़ोस की कमी के कारण खरीदार असाधारण प्रीमियम देने को तैयार हैं. जब संपत्ति और लोकेशन वास्तव में दुर्लभ हों, तो कीमतों में भारी बढ़ोतरी देखने को मिलती है. फ्लैटों का कब्जा मिलने तक उनकी री-सेल पर प्रतिबंध ने सट्टेबाजों को भी दूर रखा है. इससे मुख्य रूप से वास्तविक खरीदारों और लॉन्‍ग टर्म निवेशकों ने बोली लगाई.

सरकारी परियोजनाओं में लगेगी राशि

एनबीसीसी ने बताया कि नीलामी से प्राप्त राशि का इस्तेमाल दिल्ली में चल रही सरकारी पुनर्विकास परियोजनाओं के आंशिक वित्तपोषण में किया जाएगा. इन परियोजनाओं का उद्देश्य सरकारी कॉलोनियों में भूमि का बेहतर उपयोग करना और आवासीय सुविधाओं को विकसित करना है. रीडेवलपमेंट के तहत त्यागराज नगर, कस्तूरबा नगर, नौरोजी नगर, सरोजिनी नगर और नेताजी नगर सहित कई कॉलोनियां शामिल हैं. इन परियोजनाओं के माध्यम से दिल्ली में सरकारी आवासीय परिसरों का पुनर्गठन किया जा रहा है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *