नागौर. अगर आप रोजाना एक जैसी नमकीन और नाश्ता खाकर बोर हो गए हैं और कुछ नया व स्वादिष्ट बनाने की सोच रहे हैं तो मेवा नमकीन कचोरी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है. बादाम, काजू, पिस्ता और मूंगफली जैसे ड्राई फ्रूट्स से तैयार होने वाली यह कचोरी स्वाद के साथ खास खुशबू भी देती है. इसमें इस्तेमाल होने वाले चाट मसाला, काली मिर्च, इलायची, जावित्री और जायफल जैसे मसाले इसके स्वाद को और खास बना देते हैं. इसे सुबह के नाश्ते, शाम की चाय या घर आए मेहमानों के सामने स्नैक्स के रूप में परोसा जा सकता है. खास बात यह है कि इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है.
फूड एक्सपर्ट मनीषा कुमारी ने बताया कि इस रेसिपी को बनाने के लिए घी में तले हुए बादाम, काजू और पिस्ते लें. इसके साथ इलायची दाने, एक छोटा चम्मच काली मिर्च, स्वादानुसार नमक, एक बड़ा चम्मच दाख (किशमिश), दो बड़े चम्मच घी में भुना नारियल का बूरा और 50 ग्राम घी में तली हुई मूंगफली की जरूरत होगी. इसके अलावा 75 ग्राम मैदा, 30 ग्राम भुना बेसन, घी, अजवायन, चाट मसाला, जावित्री और जायफल पाउडर भी रखें. ये सभी सामग्री मिलकर कचोरी को अलग स्वाद और खुशबू प्रदान करती हैं.
इस तरह तैयार करें मेवा नमकीन कचोरी
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में घी में तले हुए बादाम, काजू, पिस्ते और मूंगफली के दानों को डालें. अब इसमें दाख यानी किशमिश, भुना हुआ बेसन और नारियल का बूरा मिलाएं. इसके बाद स्वादानुसार नमक, काली मिर्च, चाट मसाला, इलायची दाने, जावित्री और थोड़ा जायफल पाउडर डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. ध्यान रखें कि मेवे बहुत बड़े टुकड़ों में न हों, ताकि कचोरी में भरावन आसानी से भरी जा सके.
मसाला बाहर न निकले और कचोरी कहीं से फटे नहीं
अब कचोरी का बाहरी हिस्सा तैयार करने के लिए एक बर्तन में मैदा लें. इसमें घी, अजवायन और थोड़ा नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद जरूरत के अनुसार पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें. आटे को कुछ मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि यह अच्छी तरह तैयार हो जाए. इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर गोल रोटी की तरह बेल लें. अब इसके बीच में तैयार किया हुआ मेवे का मिश्रण रखें और किनारों को धीरे-धीरे मिलाकर बंद कर दें. हाथों की मदद से हल्का दबाते हुए कचोरी का आकार दें. ध्यान रखें कि मसाला बाहर न निकले और कचोरी कहीं से फटे नहीं.
सुनहरा रंग आने तक तलें
अब कढ़ाही में घी गर्म करें और तैयार कचोरियों को मध्यम से धीमी आंच पर डालें. इन्हें धीरे-धीरे पलटते हुए सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. धीमी आंच पर पकाने से कचोरी अंदर तक अच्छी तरह सिकती है और बाहर से भी कुरकुरी बनती है. तैयार कचोरियों को प्लेट में निकाल लें.
टमाटर सॉस या अपनी पसंद की चटनी के साथ परोसें
गरमागरम मेवा नमकीन कचोरी को टमाटर सॉस या अपनी पसंद की चटनी के साथ परोसें. ड्राई फ्रूट्स की भरपूर सामग्री और मसालों का अनोखा मेल इसे सामान्य कचोरी से अलग बनाता है. शाम की चाय के साथ यह स्वादिष्ट स्नैक्स परिवार के सभी लोगों को पसंद आ सकता है.
