Last Updated:
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली के रामलीला मैदान में एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तीखा और आक्रामक हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी में सोची-समझी साजिश के तहत एक करोड़ 27 लाख वोट काटे गए हैं और बीजेपी अपनी आसन्न हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ना चाहती है. अखिलेश ने कहा कि रामलीला मैदान अब ‘लोकतंत्र की हल्दी घाटी’ बन चुका है और उत्तर प्रदेश की जनता इस बार बीजेपी का ऐसा सूपड़ा साफ करेगी कि उनकी विदाई सबसे ऐतिहासिक होगी.
रामलीला से क्या-क्या बोले अखिलेश यादव?
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली के रामलीला मैदान से भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है. रामलीला मैदान में उमड़ी भारी भीड़ और ‘इंडिया’ गठबंधन की ताकत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज रामलीला मैदान लोकतंत्र की ‘हल्दी घाटी’ बन चुका है. अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि अब तो बीजेपी के लोगों को भी यह अहसास होने लगा है कि उनके अपने वोट भी कट गए हैं और वे अपनी आसन्न हार का ठीकरा किसी और के सिर पर फोड़ना चाहते हैं.
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए बड़ा दावा किया कि राज्य में एक करोड़ सत्ताईस लाख वोट काटे गए हैं. उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को ‘अंगद का पैर’ बताते थे, वे आज अच्छी तरह समझ चुके हैं कि जब जनता के बीच जमीन ही नहीं बची है, तो पैर कहां रखोगे? उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार चुनाव आयोग के माध्यम से साजिशें रच रही है और जनता के बीच अपनी हार तय देखकर वह बेईमानी के रास्ते अपना रही है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग को बाकायदा एफिडेविट देकर सबूत सौंपे थे कि कैसे 2019 के मुकाबले 2022 के चुनावों में बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम काटे गए, लेकिन आयोग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की.
रामलीला मैदान बना ‘लोकतंत्र की हल्दी घाटी’
अपने आक्रामक तेवर जारी रखते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन के लोग किसी भी कीमत पर हार मानने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा कि हमने इनकी चोरियां और धांधलियां पकड़ ली हैं. रामपुर लोकसभा उपचुनाव का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वहां किस तरह फोर्स लगाकर वोट लूटे गए और लोगों को मताधिकार का प्रयोग करने से रोका गया, यह पूरा देश जानता है. अखिलेश ने कहा कि राम जी के सामने ये पापी किसी भी सूरत में बचने वाले नहीं हैं. जिन्होंने राम जी के नाम पर चंदा चोरी और चढ़ावा चोरी की है, उनका इस बार सर्वनाश तय माना जाए.
बंगाल चुनावों से लेकर चंदा चोरी तक तीखा प्रहार
अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कौन नहीं जानता कि पश्चिम बंगाल के चुनावों में किस तरह से प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग किया गया. उन्होंने चेताया कि डबल इंजन की सरकार को उत्तर प्रदेश में इस बार ‘डबल हार’ और ‘डबल जीरो’ मिलने जा रहा है. काशी और क्योटो का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हम सब एकजुट यूं ही नहीं हुए हैं, बल्कि बीजेपी के हर षड्यंत्र का मुकाबला करने के लिए पूरी तरह तैयार बैठे हैं.
युवा आक्रोश और बदलाव का हुंकार
सपा अध्यक्ष ने देश के युवाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि दिल्ली में युवाओं के साथ जिस तरह का अमानवीय व्यवहार और लाठियां बरसाई गईं, देश का युवा उसे भूला नहीं है. एक-एक लाठी, एक-एक जख्म और हर अन्याय का बदला इस देश की नई पीढ़ी आने वाले चुनावों में लेने जा रही है. उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग अब किसी भी हाल में बचने वाले नहीं हैं और इस बदलाव की शुरुआत सबसे पहले उत्तर प्रदेश की धरती से ही होने जा रही है.
यूपी वाले स्वागत अच्छा करते हैं तो विदाई बेहतर करते हैं
अपने संबोधन के अंत में अखिलेश यादव ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि उत्तर प्रदेश की संस्कृति और परंपरा रही है कि अगर यहां मेहमानों का स्वागत अच्छे से होता है, तो उनकी विदाई उससे भी कहीं अधिक शानदार और असरदार तरीके से की जाती है. उन्होंने कहा कि इस बार न तो ‘मुछुआ’ बचने वाले हैं और न ही ‘जुमलू’, इन सबका अंत अब नजदीक आ चुका है. जनता बदलाव का मन बना चुकी है और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर मोर्चे पर डटकर मुकाबला किया जाएगा.
About the Author
सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
