Last Updated:
दिल्ली में ट्रांसफर विवाद को लेकर पुलिसकर्मियों ने पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की. शाहदरा की घटना के बाद एसीपी और एसएचओ का ट्रांसफर हुआ था. जिससे पुलिकर्मियों में नाराजगी थी.
दिल्ली पुलिसकर्मियों ने पुलिस हेडक्वार्टर के बाहर किया प्रदर्शन. (सांकेतिक तस्वीर)
दिल्ली में आज अनोखा ही नजारा देखने को मिला. पुलिसकर्मी पुलिस के खिलाफ ही सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन किया. पुलिसकर्मियों ने पुलिस मुख्यालय के बाहर आकर नारेबाजी की और ट्रांसफर को लेकर मांगें उठाईं.
बता दें कि दिल्ली में पुलिस ट्रांसफर विवाद को लेकर पुलिस मुख्यालय के बाहर पुलिसकर्मी और अधिकारी सड़कों पर उतर आए. इस दौरान पुलिसकर्मियों ने अपनी मांगें रखीं. हालांकि वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की और कहा कि सड़क पर प्रदर्शन करने के बजाय पुलिस कमिश्नर से मुख्यालय के अंदर मुलाकात कर अपनी बात रखें, लेकिन इस पर पुलिसकर्मी नहीं माने और काफी देर तक विरोध जताते रहे.
दरअसल, 23 अक्टूबर को शाहदरा पुलिस स्टेशन में हुई घटना के बाद ACP मानसवी वशिष्ठ और शाहदरा SHO अरुण कुमार का ट्रांसफर कर दिया गया था. इसी के बाद पुलिसकर्मियों में नाराजगी देखने को मिली. पुलिसकर्मियों ने अपना विरोध हेडक्वार्टर के बाहर आकर दिखाया. फिलहाल पुलिसकर्मियों को अंदर बुलाया जा रहा है और उनसे बात की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक 2 नवंबर 2026 को दिल्ली पुलिस मुख्यालय (PHQ) के गेट नंबर-1 के बाहर करीब 80 से 100 पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन किया. इनमें ट्रांसफर किए गए एसीपी मनस्वी वशिष्ठ भी शामिल थे. ये सभी प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए तबादले का विरोध जता रहे थे.
क्या थी वजह?
बता दें कि 23 अक्टूबर को शाहदरा पुलिस स्टेशन में पुलिस की वकीलों के साथ झड़प हुई थी. इस मामले ने काफी तूल पकड़ा था और वकीलों ने भी धमकी दी थी. मामला गर्माने के बाद तत्कालीन एसीपी मनस्वी वशिष्ठ (गांधी नगर सब-डिवीजन) और शाहदरा SHO इंस्पेक्टर अरुण कुमार का तबादला कर दिया गया था.
पुलिस के साथ हुई झड़प में एक वकील के सिर में गंभीर चोट लगने का आरोप था. इसके बाद वकीलों ने हड़ताल की थी, जिसके बाद कड़ा कदम उठाते हुए प्रशासन ने दोनों अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया.
पुलिसकर्मियों का कहना है कि यह कार्रवाई एकतरफा है और उनके मनोबल को तोड़ती है. वे दोनों अधिकारियों की पुरानी पोस्टिंग बहाल करने, पुलिस कमिश्नर से मुलाकात और ऐसे मामलों के लिए SOP बनाने की मांग कर रहे थे.
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने “पुलिस एकता जिंदाबाद” के नारे लगाए. हालांकि डीसीपी नई दिल्ली सचिन शर्मा मौके पर पहुंचे और पुलिसकर्मियों को समझाया कि सड़क पर प्रदर्शन करने के बजाय मुख्यालय के अंदर अपनी बात रखें. उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों जैसा व्यवहार न करें. हालांकि प्रदर्शन कुछ देर तक जारी रहा.
About the Author
Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi.News18.com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …
