गोंडा: सर्दियों के मौसम में गुड़, सोंठ और मूंगफली से बनी मिठाई खाने का अलग ही मजा है. यह स्वाद में बेहद अच्छी होती है और इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है. इसके लिए बाजार से महंगी मिठाई खरीदने की जरूरत नहीं है. आप कुछ आसान चीजों की मदद से घर पर ही स्वादिष्ट गुड़ की चिक्की बना सकते हैं.
गुड़ की चिक्की बनाने के लिए जरूरी सामग्री
लोकल 18 से बातचीत के दौरान गृहणी मीरा तिवारी बताती हैं कि इस मिठाई को बनाने के लिए 250 ग्राम मूंगफली, 250 ग्राम गुड़, आधा छोटा चम्मच सोंठ पाउडर और एक चम्मच देसी घी की जरूरत होती है. इन चीजों की मदद से आसानी से घर पर गुड़ की चिक्की तैयार की जा सकती है.
मूंगफली को भूनकर निकालें छिलके
मीरा तिवारी बताती हैं कि गुड़ की चिक्की या गुड़ पट्टी बनाने के लिए सबसे पहले अच्छी गुणवत्ता वाली मूंगफली लें और उसे अच्छी तरह साफ कर लें. इसके बाद मूंगफली को धूप में सुखा लें. अब एक कड़ाही गर्म करें और उसमें एक चम्मच देसी घी डाल दें. घी गर्म होने के बाद मूंगफली डालकर धीमी आंच पर अच्छी तरह भून लें.
मूंगफली भुन जाने के बाद उसे एक थाली में निकाल लें और ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद मूंगफली के सारे छिलके को हाथ से मसलकर निकाल दें.
गुड़ को पकाकर तैयार करें चाशनी
इसके बाद उसी कड़ाही में गुड़ डालकर धीमी आंच पर गर्म करें. जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर गुड़ को पिघला लें और लगातार चलाते रहें. गुड़ की चाशनी तैयार होने के लिए उसकी एक बूंद पानी में डालकर जांच करें. यदि चाशनी ठंडे पानी में डालने पर जमने लगे और सख्त हो जाए, तो समझ लें कि चाशनी तैयार है.
चाशनी में मिलाएं मूंगफली और सोंठ पाउडर
अब तैयार चाशनी में भुनी हुई मूंगफली और सोंठ पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. ध्यान रखें कि मूंगफली और सोंठ चाशनी में अच्छी तरह मिल जाएं, ताकि चिक्की का स्वाद बेहतर हो.
थाली में फैलाकर जमाएं चिक्की का मिश्रण
इसके बाद एक बड़ी थाली या प्लेट में हल्का घी लगाकर मिश्रण को फैला दें. इसे कुछ देर ठंडा होने दें और जमने के लिए रख दें. जब चिक्की अच्छी तरह जम जाए, तो चाकू की मदद से मनचाहे आकार में काट लें.
इस तरह घर पर स्वादिष्ट गुड़, सोंठ और मूंगफली की चिक्की तैयार हो जाएगी. इसे एयरटाइट डिब्बे में रखकर कई दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है.
