दिल्‍ली-NCR में सांस लेना हुआ मुश्किल, उधर पंजाब में धड़ाधड़ जल रही है पराली, 3144 केस दर्ज

होमताजा खबरदेश

इधर सांस लेना हुआ मुश्किल, उधर पंजाब में धड़ाधड़ जल रही पराली, 3144 केस दर्ज

Last Updated:

दिल्ली-एसीआर की हवा खराब होने के बीच पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 15 सितंबर से 6 नवंबर तक राज्य में पराली जलाने के 3144 मामले दर्ज किए हैं. तरनतारन 611 मामलों के साथ पराली जलाने के सबसे ज्‍यादा मामले सामने आए हैं. वहीं, फिरोजपुर में 410 और संगरूर में 281 घटनाएं सामने आई हैं. अब तक 1,077 मामलों में 54.55 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है और 30.05 लाख रुपये वसूले जा चुके हैं. पराली जलाने को लेकर 795 एफआई दर्ज की जा चुकी हैं.

पंजाब में अब तक पराली जलाने के मामले में 54.55 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है. (एआई इमेज)

Delhi NCR Air Pollution: दिल्ली-एनसीआर में सांस लेना मुश्किल हो रहा है और दूसरी तरफ पंजाब के खेतों में पराली धड़ाधड़ जल रही है. हरियाणा-पंजाब में फसल कटाई के साथ उठ रहा धुआं एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर की हवा पर भारी पड़ रहा है. पंजाब में पराली जलाने के मामले अब तीन हजार का आंकड़ा पार कर चुके हैं. सूबे में सिर्फ 15 सितंबर से 6 नवंबर के बीच 3144 मामले दर्ज किए गए हैं.

यानी खेतों में आग का सिलसिला अभी भी थमा नहीं है. पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीपीसीबी) के आंकड़ों की माने तो 5 नवंबर तक राज्य में पराली जलाने के 2787 मामले थे. सिर्फ एक दिन में यह आंकड़ा बढ़कर 3144 पहुंच गया. पराली जलाने के सबसे ज्यादा मामले तरनतारन, फिरोजपुर और संगरूर से सामने आए हैं.

पराली जलाने में तरनतारन सबसे आगे

  1. पराली जलाने के मामलों में तरनतारन जिला सबसे ऊपर है. यहां 611 घटनाएं दर्ज की गई हैं. इसके बाद फिरोजपुर में 410, संगरूर में 281, बठिंडा में 262 और अमृतसर में 231 मामले सामने आए हैं.
  2. यानी पंजाब के कई जिलों में खेतों से उठता धुआं लगातार वातावरण में घुल रहा है. दिल्ली-NCR में जब हवा पहले से खराब है, ऐसे समय में पराली जलाने की बढ़ती घटनाएं प्रदूषण की समस्या को गंभीर बना रही हैं.
  3. वहीं, पराली जलाने वालों पर सरकार की कार्रवाई भी लगातार जारी है. पीपीसीबी के अनुसार, अब तक 1077 मामलों में पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति के तौर पर कुल 54.55 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. इसमें से 30.05 लाख रुपये की वसूली भी हो चुकी है.
  4. मामला सिर्फ जुर्माने तक सीमित नहीं है. पराली जलाने की घटनाओं को लेकर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत 795 FIR दर्ज की गई हैं. यह धारा लोक सेवक की ओर से जारी आदेश की अवज्ञा से जुड़ी है.
  5. इसके अलावा फसल अवशेष जलाने वाले किसानों की जमीन के रिकॉर्ड में 931 लाल एंट्री की गई हैं. इनमें सबसे ज्यादा 301 एंट्री तरनतारन और 98 एंट्री फिरोजपुर में की गई हैं.
  6. लाल एंट्री का असर सीधे किसान की जमीन पर पड़ता है. इसके बाद किसान अपनी कृषि भूमि के बदले कर्ज नहीं ले सकता और न ही उसे बेच सकता है.

दिल्ली की हवा खराब, पंजाब के खेतों में आग
पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने को दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण की बड़ी वजहों में गिना जाता है. अक्टूबर और नवंबर में धान की कटाई के बाद किसानों के पास गेहूं की बुवाई के लिए समय काफी कम होता है. इसी दबाव में कुछ किसान खेत जल्दी साफ करने के लिए पराली में आग लगा देते हैं. लेकिन इसका असर सिर्फ खेत तक सीमित नहीं रहता. खेतों से उठने वाला धुआं हवा में मिलकर बड़े इलाके की एयर क्वालिटी को प्रभावित करता है. दिल्ली-एनसीआर में जब पहले ही प्रदूषण का स्तर सभी की टेंशन बढ़ा रहा है, तब पंजाब में हजारों खेतों में लगी आग ने एक बार फिर वही पुराना सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर इस समस्या का स्थायी समाधान कब निकलेगा?

आंकड़े बता रहे हैं कि समस्या कितनी बड़ी है
पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं का आंकड़ा पिछले कुछ वर्षों में काफी ऊपर-नीचे रहा है. 2025 के धान कटाई सीजन में राज्य में 5114 मामले दर्ज हुए थे. इससे पहले 2024 में 10909 और 2023 में 36663 मामले सामने आए थे. इस साल अब तक 3144 मामले दर्ज हो चुके हैं और धान कटाई का सीजन अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. ऐसे में आने वाले दिनों में यह आंकड़ा और बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.

About the Author

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *