Rajasthan Wrestling: 600 पहलवान, 1100 किलो देसी घी; राजस्थान को हरियाणा जैसा कुश्ती का गढ़ बनाने की तैयारी

कोटा. प्राचीन भारत में चार्वाक नाम के एक दार्शनिक हुए. उन्होंने कहा था, “यावत् जीवेत् सुखं जीवेत्, ऋणं कृत्वा घृतं पिबेत्.” यानी जब तक जियो, सुख से जियो. कर्ज भी लेना पड़े, तो घी पियो. राजस्थान राज्य कुश्ती संघ की योजना परवान चढ़ी, तो प्रदेश के पहलवान घी भी पिएंगे और सुख से भी रहेंगे. बस इसके लिए उन्हें कर्ज नहीं लेना पड़ेगा. संघ ने प्रदेशभर से आए 600 से ज्यादा पहलवानों को करीब 1100 किलो गाय का शुद्ध देसी घी बांटने की पहल की है. इसका खर्च संघ सरस डेयरी के साथ मिलकर उठाएगा.
मकसद साफ है: पहलवानों को बेहतर पोषण मिले, ताकत बढ़े और हरियाणा की तरह राजस्थान से भी देश-दुनिया में नाम कमाने वाले पहलवान निकलें. इस पहल की झलक कोटा के 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेले में चल रहे चंबल राजस्थान केसरी कुश्ती दंगल में दिख रही है. पहलवानों को एक और पांच किलो के पैक में घी दिया जा रहा है.
मैट पर दांव, थाली में घी
संघ का मानना है कि कुश्ती ताकत और स्टैमिना का खेल है, इसलिए रोज के अभ्यास के साथ संतुलित डाइट भी उतनी ही जरूरी है. पहलवान भी इससे सहमत हैं. भीलवाड़ा से आए आरु चौधरी ने न्यूज़18 को बताया कि पहलवानों के लिए घी बेहद जरूरी है. उनके मुताबिक, शरीर मजबूत बनाने और कुश्ती के लिए जरूरी ताकत हासिल करने में घी की बड़ी भूमिका है, इसलिए ये पहलवानों की खुराक में होना ही चाहिए. राजस्थान की महिला पहलवान आरती ने भी न्यूज़18 को बताया कि घी से ताकत और स्ट्रेंथ मिलती है, और कुश्ती में यही दोनों सबसे ज्यादा काम आती हैं. उनका कहना है कि मुकाबले में सामने वाले को चुनौती देने के लिए शरीर का मजबूत होना जरूरी है.

घी के साथ जूते, ड्रेस और हवाई सफर
राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता ने न्यूज़18 को बताया कि संघ की प्राथमिकता ज्यादा से ज्यादा युवाओं को कुश्ती की तरफ लाना और राजस्थान में इस खेल की मजबूत नींव तैयार करना है. उनका कहना है कि किसी भी खेल का आकर्षण उसकी प्राइज मनी और खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाओं से भी बनता है. इसीलिए पहलवानों को घी के साथ जूते, ड्रेस, पानी की बोतल और खेल का जरूरी सामान भी दिया जा रहा है. प्रतियोगिताओं में जाने के लिए हवाई सफर की सुविधा भी मिल रही है, ताकि लंबे सफर की थकान से बचकर पहलवान मुकाबले से पहले ठीक से आराम कर सकें.

नजर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मेडल पर
संघ चाहता है कि राजस्थान के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाएं. महिला पहलवानों की भागीदारी बढ़ाने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को जरूरी संसाधन और आर्थिक मदद देने पर भी जोर है. संघ के मुताबिक, जो पहलवान देश के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक जीतेंगे, उनके खान-पान और खेल की जरूरतों में भी संघ मदद करेगा. दंगल का एक संदेश भी है. इसकी थीम ‘Kick the Drugs, Pick the Sports’ के जरिए युवाओं से नशा छोड़कर खेल अपनाने की अपील की जा रही है. चार्वाक आज होते, तो शायद अपना श्लोक थोड़ा बदल देते: कर्ज की जरूरत नहीं, बस अखाड़े में उतरो, घी संघ और सरस पिलाएंगे. बदले में चाहिए सिर्फ मेडल.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *