AI की दुनिया में NVIDIA को चुनौती देने उतरा Google, AI चिप बदल सकती हैं बाजार का खेल

गूगल ने AI चिप्स के बाजार में बड़ा दांव खेलते हुए अपनी दो नई कस्टम चिप्स पेश कर दी हैं. ये चिप्स TPU 8tx और TPU 8i Max नाम की हैं. दोनों ही कंपनी के आठवें जेनरेशन TPU परिवार का हिस्सा हैं. गूगल का ये कदम NVIDIA की मजबूती वाले क्षेत्रों पर सीधा हमला लगता है. NVIDIA अभी AI चिप्स के बाजार में सबसे बड़ा खिलाड़ी है, लेकिन गूगल अपनी इन चिप्स के जरिए ग्राहकों को विकल्प दे रहा है.

पहले समझते हैं ये चिप्स क्या हैं. TPU यानी टेन्सर प्रोसेसिंग यूनिट गूगल की खुद की बनाई हुई चिप्स हैं, जो खासतौर पर AI मॉडल ट्रेन करने और चलाने के लिए डिजाइन की गई हैं. सामान्य प्रोसेसर की तुलना में ये AI कामों में ज्यादा तेज और किफायती साबित होती हैं.

किन काम आती है नई TPU 8tx चिप?

TPU 8tx खासतौर पर सिक्योरिटी और प्राइवेसी को ध्यान में रखकर बनाई गई है. इसमें हार्डवेयर लेवल पर डेटा एन्क्रिप्शन की सुविधा है. यानी संवेदनशील डेटा और मॉडल की जानकारी काम करते समय भी सुरक्षित रहती है. ये चिप्स AMD के प्रोसेसर के साथ मिलकर काम करती हैं.

सरकारी एजेंसियां, बैंक, हेल्थकेयर कंपनियां या कोई भी संस्था जो अपने प्राइवेट डेटा को बाहर भेजे बिना AI मॉडल ट्रेन या रन करना चाहती है, उनके लिए ये बेहद उपयोगी है.

NVIDIA की चिप्स में भी सिक्योरिटी फीचर्स हैं, लेकिन गूगल ने इसे और मजबूत और आसान बनाकर पेश किया है. ये NVIDIA के एक बड़े पेन पॉइंट- डेटा सिक्योरिटी पर वार करती है.

किन काम आती है नई TPU 8i Max चिप?

दूसरी चिप TPU 8i Max मेमोरी की समस्या हल करती है. इसमें दो चिप्स को एक पैकेज में जोड़ा गया है, जिससे मेमोरी, प्रोसेसिंग पावर और बैंडविड्थ लगभग दोगुनी हो गई है.

आज के AI एजेंट्स और बड़े मॉडल को बहुत ज्यादा कॉन्टेक्स्ट यानी जानकारी एक साथ हैंडल करनी पड़ती है. जैसे पूरा कोडबेस समझना या लंबी वीडियो का विश्लेषण करना. मेमोरी कम पड़ने पर काम धीमा हो जाता है. TPU 8i Max इसी ‘मेमोरी वॉल’ को तोड़ने के लिए बनाई गई है.

ये कोडिंग असिस्टेंट, मैथमैटिकल रीजनिंग और ड्रग डिस्कवरी जैसे कामों में फायदेमंद रहेगी. NVIDIA की जीपीयू में भी मेमोरी की कमी कभी-कभी अड़चन बनती है, और गूगल ने उसी बिंदु पर वार किया है.

गूगल के कैसे काम आएगा ये दांव?
गूगल का ये कदम इसलिए जरूरी है क्योंकि कंपनी NVIDIA पर निर्भरता कम करना चाहती है. साथ ही अपने क्लाउड बिजनेस को मजबूत बनाना चाहती है. गूगल क्लाउड की कमाई पहले ही काफी बढ़ चुकी है और TPU की बिक्री भी इसमें योगदान दे रही है. अब करीब 100 ग्राहक गूगल की इन चिप्स का इस्तेमाल कर रहे हैं.

आसान भाषा में कहें तो गूगल ने देखा कि बाजार में दो बड़ी जरूरतें हैं-एक तरफ डेटा की सुरक्षा और दूसरी तरफ ज्यादा मेमोरी वाले बड़े काम. इन्हीं जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने ये दो खास चिप्स उतारी हैं. इससे कंपनियों के पास NVIDIA के अलावा एक और मजबूत विकल्प आ गया है. AI की दुनिया में हार्डवेयर की जंग अब और तेज हो गई है. गूगल की ये नई चिप्स दिखाती हैं कि कंपनी सिर्फ सॉफ्टवेयर में नहीं, हार्डवेयर में भी बड़ी चुनौती पेश कर रही है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *