Last Updated:
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के दो छात्रों ने अनोखा स्टार्टअप शुरू किया है. उन्होंने कन्नौज से इत्र बनाने की ट्रेनिंग ली है. इसके बाद उन्होंने ‘दर्शन दीप’ नाम से इत्र का कारोबार शुरू किया. पहले ही हफ्ते में उनकी सैकड़ों बोतलें बिक गईं. यह पहल युवाओं के लिए एक नई मिसाल बन गई है.
नई दिल्लीः संस्कृत की पढ़ाई करने वाले छात्र आमतौर पर पारंपरिक नौकरियों का ही रुख करते हैं, लेकिन राजधानी दिल्ली में एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली है. केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रहे दो छात्रों ने लीक से हटकर एक नया स्टार्टअप शुरू किया है. इन दोनों छात्रों ने इत्र बनाने का बिजनेस शुरू किया है. खास बात यह है कि उन्होंने पहले उत्तर प्रदेश के कन्नौज जाकर इसकी विधिवत ट्रेनिंग ली और फिर अपने इस कारोबार की शुरुआत की.
कन्नौज से लौटने के बाद इन दोनों छात्रों ने अपने स्टार्टअप की शुरुआत की, जो अब काफी सफल साबित हो रहा है. केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय दिल्ली से पीएचडी कर रहे इन दोनों छात्रों के नाम सुदर्शन और दीपक हैं. दोनों ने मिलकर अपने इस स्टार्टअप का नाम ‘दर्शन दीप’ रखा है. हालांकि, वे आगे चलकर अपने इस इत्र के ब्रांड का नाम कुछ और रखने की योजना भी बना रहे हैं.
कन्नौज जाकर ली ट्रेनिंग
सुदर्शन और दीपक ने इत्र निर्माण की बारीकियों को सीखने के लिए उत्तर प्रदेश के मशहूर इत्र शहर कन्नौज का रुख किया था. उन्होंने वहां एक महीने तक रहकर इत्र बनाने की कड़ी ट्रेनिंग ली. ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उन्होंने अपनी पढ़ाई के साथ-साथ इस कारोबार को भी वक्त देना शुरू किया. उन्होंने शुरुआत में इत्र की आठ अलग-अलग वैरायटी तैयार की हैं, जिनमें केवड़ा, गुलाब और रातरानी के फ्लेवर लोगों को बहुत पसंद आ रहे हैं.
इस स्टार्टअप को शुरू करने में इन दोनों छात्रों को शुरुआती दौर में करीब डेढ़ लाख रुपये का खर्च आया था. छात्र दीपक पांडेय ने बताया कि उन्हें नेशनल संस्कृत यूनिवर्सिटी से भी काफी प्रोत्साहन और सहयोग मिला, जिसके कारण वे इस काम को जमीन पर उतार सके. उन्होंने बताया कि दिवाली के सीजन की शुरुआत में यानी एक नवंबर से आठ नवंबर के बीच उन्होंने यूनिवर्सिटी के परिसर में ही इत्र का एक स्टॉल लगाया था.
इत्र की जबरदस्त बिक्री
यूनिवर्सिटी के अंदर लगे इस स्टॉल पर उनके इत्र की जबरदस्त बिक्री हुई. महज एक हफ्ते के भीतर ही उनके इत्र की दो सौ से ज्यादा बोतलें बिक गईं. उनके इत्र की खुशबू इतनी बेहतरीन और मनमोहक है कि एक बार इस्तेमाल करने वाला शख्स उसकी तारीफ किए बिना नहीं रहता. स्थिति यह है कि ग्राहकों को इत्र इतना पसंद आया कि उन्होंने अभी से एडवांस आर्डर देना शुरू कर दिया है.
अब ये दोनों छात्र अपने इस स्टार्टअप को बड़े पैमाने पर ले जाने की तैयारी कर रहे हैं. वे इस कारोबार को ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यमों से भी आगे बढ़ाने की कोशिश में जुटे हैं. संस्कृत के इन दोनों छात्रों की यह सफलता यह साबित करती है कि अगर लगन सच्ची हो और सही ट्रेनिंग मिल जाए, तो किसी भी क्षेत्र में नया मुकाम हासिल किया जा सकता है. उनकी यह पहल दूसरे युवाओं के लिए भी एक बड़ी मिसाल बन रही है.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…
