दिल्ली: राजस्थान के किशनगढ़ के रहने वाले सुदर्शन पारीक अपनी अनोखी कला के जरिए देशभर में पहचान बना रहे हैं. उन्होंने चावल के छोटे-से दाने पर गायत्री मंत्र से लेकर पूरा राष्ट्रगान तक लिखकर सबको हैरान कर दिया है. उनकी खासियत सिर्फ इतनी ही नहीं है, बल्कि वह चावल के दानों पर भगवान श्रीकृष्ण, योग की मुद्राएं और श्रीनाथजी के स्वरूप भी उकेरते हैं. जिस काम को करना आम इंसान के लिए लगभग नामुमकिन लगता है, उसे सुदर्शन अपनी कला और सालों की मेहनत से बेहद खूबसूरती से अंजाम देते हैं. साल 2025 में उनका चयन नेशनल अवॉर्ड के लिए भी हुआ है.
तीन पीढ़ियों से परिवार में चली आ रही है कला
सुदर्शन पारीक बताते हैं कि वह अपने परिवार की तीसरी पीढ़ी के कलाकार हैं. उनके दादा और पिता ने उन्हें पारंपरिक चित्रकारी की बारीकियां सिखाईं. उनके पिता मास्टर लीलाकांत पारीक ने ही उन्हें चावल के दाने और बालों जैसी छोटी जगहों पर चित्रकारी करने के लिए प्रेरित किया था. सुदर्शन ने साल 1996 में इस कला की शुरुआत की थी. उस समय उनकी उम्र करीब 30 साल थी. शुरुआत में वह अंग्रेजी में लिखने का काम करते थे, लेकिन कोरोना काल के दौरान उन्होंने भारतीय लोगों के लिए हिंदी में लिखने का फैसला किया.
चावल के दाने पर लिखा गायत्री मंत्र और राष्ट्रगान
सुदर्शन बताते हैं कि कोरोना के दौरान उन्होंने चावल के एक दाने पर गायत्री मंत्र लिखा. इसके बाद उनके पिता ने उन्हें सुझाव दिया कि देश की आजादी के 75वें साल के मौके पर कुछ खास करना चाहिए. इसी प्रेरणा से उन्होंने चावल के एक छोटे से दाने पर भारत का पूरा राष्ट्रगान लिखने का प्रयास किया. यह काम आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने अपनी मेहनत और अभ्यास से इसे संभव कर दिखाया. उनकी इस अनोखी कला को प्रधानमंत्री की ओर से भी सराहना मिली है.
एक-एक चावल पर लिख रहे भगवद्गीता के श्लोक
सुदर्शन की कला सिर्फ गायत्री मंत्र और राष्ट्रगान तक सीमित नहीं है. उन्होंने भगवद्गीता के श्लोकों को भी चावल के अलग-अलग दानों पर लिखा है. इसके साथ ही उन्होंने हर दाने पर योगेश्वर श्रीकृष्ण का स्वरूप और अलग-अलग योग क्रियाओं को भी उकेरा है. योग की जिस मुद्रा का चित्र वह बनाते हैं, उसके नीचे उसी मुद्रा से जुड़ी जानकारी भी लिखते हैं. इस साल उन्होंने श्रीनाथजी के अष्टदर्शन को भी अपनी माइक्रो मिनिएचर कला के जरिए तैयार किया है.
बिना मैग्नीफाइंग ग्लास के करते हैं इतनी बारीक चित्रकारी
इतने छोटे चावल के दाने पर लिखने और चित्र बनाने के लिए किस तरह के ब्रश का इस्तेमाल होता है, इस पर सुदर्शन बताते हैं कि वह पारंपरिक चित्रकारी में इस्तेमाल होने वाले गिलहरी के बालों से बने ब्रश का इस्तेमाल करते हैं. सबसे खास बात यह है कि वह मैग्नीफाइंग ग्लास के बिना भी इसी ब्रश से इतनी बारीक लिखावट और चित्रकारी कर लेते हैं. उनका मानना है कि किसी भी कला को बनाने की शुरुआत इंसान के दिमाग से होती है. अगर मन में कुछ नया करने का विचार हो और उसके लिए मेहनत की जाए, तो उसे हकीकत में बदला जा सकता है.
हर चावल का दाना नहीं आता काम
सुदर्शन बताते हैं कि इस तरह की कला के लिए चावल का चुनाव भी बहुत जरूरी होता है. इसके लिए उन्हें करीब एक से दो किलो चावल छांटने पड़ते हैं. चित्रकारी के लिए अलग आकार का चावल चुना जाता है, जबकि लिखने के लिए लंबा और सही आकार वाला दाना चाहिए होता है. यानी काम शुरू करने से पहले ही काफी समय चावल के सही दाने चुनने में लग जाता है. उन्होंने बताया कि किसी कलाकृति को तैयार करने में लगने वाला समय उसके डिजाइन और बारीकी पर निर्भर करता है.
700 रुपये से शुरू होती है कलाकृतियों की कीमत
सुदर्शन की बनाई कलाकृतियों की कीमत उनके काम और उसमें लगने वाले समय के हिसाब से तय होती है. गायत्री मंत्र से जुड़ी कलाकृतियों की शुरुआती कीमत करीब 700 रुपये है. इसके अलावा वह चावल के दानों पर भगवान श्रीकृष्ण, गाय और मोर की आकृतियां बनाकर एक पूरा सेट भी तैयार करते हैं. वह बताते हैं कि लोगों को गायत्री मंत्र वाली कलाकृति काफी पसंद आती है. अब वह अपनी इन कलाकृतियों को छोटे-छोटे फ्रेम में लॉन्च करने की योजना बना रहे हैं. उनके मन में इस कला को लेकर कई नए विचार हैं, जिन्हें वह आने वाले समय में लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं.
