नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर में मौसम का असली तांडव अभी दिखना बाकी है. आज रात को पश्चिमी विक्षोभ जो सक्रिय होगा, उसका असर इस सप्ताह तीन दिन तक देखने को मिलेगा. इस पश्चिमी विक्षोभ की वजह से दिल्ली एनसीआर में 26 मार्च से लेकर 29 मार्च तक झमाझम बारिश और आंधी तूफान के साथ ही मौसम सुहावना और ठंडा हो जाएगा. दिल्ली एनसीआर का मौसम आज से पूरी तरह से बदल जाएगा.
यही वजह है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग और स्काईमेट वेदर के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मार्च का अंतिम सप्ताह ठंडा ठंडा कूल-कूल हो जाएगा. अप्रैल का पहला सप्ताह भी ठंडा ही रहेगा. हीटवेव और चिलचिलाती धूप के साथ ही गर्मी का प्रकोप अप्रैल के पहले सप्ताह तक नजर ही नहीं आ रहा है. आइये जानते हैं आज कैसा रहेगा दिल्ली एनसीआर का मौसम.
दिल्ली एनसीआर में आईएमडी का अलर्ट
• भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक आज 25 मार्च को दिल्ली एनसीआर में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहेगा. इस दौरान आसमान में बादल आते जाते रहेंगे, लेकिन इस दौरान धूप तेज रहेगी और हवाओं की बात करें तो बीते 24 घंटे के दौरान दिल्ली एनसीआर में सिर्फ 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं.
• 25 मार्च की रात से ही एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा, जिसका असर 26 मार्च को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुड़गांव और फरीदाबाद समेत एनसीआर के सभी शहरों में देखने को मिलेगा. 26 मार्च को दिल्ली एनसीआर में आंधी-तूफान के साथ ही बारिश होगी. इस दौरान दिन में अंधेरा छा जाएगा. साथ ही ठंडी हवाएं चलेंगी. इसकी वजह से तापमान एक बार फिर गिर जाएगा.
• अब बात करें 27 मार्च के मौसम की तो दिल्ली एनसीआर में 27 मार्च को भी बारिश होने का पूर्वानुमान है. 27 मार्च को अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है और बादल आते जाते रहेंगे. ठंडी हवाएं भी चलती रहेंगी. दिल्ली एनसीआर का मौसम 27 मार्च को भी बेहद सुहावना रहेगा.
• वहीं, 28 मार्च को दिल्ली एनसीआर का मौसम एक बार फिर करवट लेगा. हल्की धूप निकल आएगी और हालांकि 28 मार्च को बहुत ज्यादा अधिकतम और न्यूनतम तापमान नहीं बढ़ेंगे. क्योंकि दिन भर बादल रहने का पूर्वानुमान है. जबकि 29 मार्च को एक बार फिर दिल्ली एनसीआर में झमाझम बारिश होगी. मौसम सुहावना हो जाएगा. इस दौरान आंधी तूफान के साथ ही 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिस वजह से 29 मार्च को भी दिल्ली एनसीआर के सभी शहर बारिश देखेंगे.
• वहीं, बात करें 30 मार्च की तो 30 मार्च को दिल्ली एनसीआर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहेगा. लगातार वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से दिल्ली एनसीआर में अप्रैल के पहले सप्ताह तक भी अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के ऊपर जाता हुआ नजर नहीं आ रहा है और न्यूनतम तापमान भी 15 से 17 डिग्री सेल्सियस से करीब ही रहेगा. इसके अलावा मौसम में बहुत बड़े बदलाव नहीं होंगे.
शहरों का तापमान और AQI
| शहर | तापमान अधिकतम/न्यूनतम | AQI |
| दिल्ली | 32/16 | 241 |
| नोएडा | 32/19 | 186 |
| गाजियाबाद | 32/19 | 199 |
| गुड़गांव | 32/19 | 249 |
| ग्रेटर नोएडा | 32/19 | 194 |
| फरीदाबाद | 32/19 | 247 |
नोट- ( ये आंकड़े बुधवार के हैं )
जानें क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक
स्काईमेट वेदर के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. महेश पलावत ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं. पहाड़ों पर रुक-रुक कर बारिश और हल्की बर्फबारी होती रहेगी. उत्तर पूर्वी राज्यों में झमाझम बारिश होती रहेगी. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान सहित मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और पूर्वी भारत में कई स्थानों पर अगले एक सप्ताह के दौरान बारिश होगी. वहीं, मार्च के आखिर में दक्षिण भारत में भी बादल झमाझम बरसेंगे. बारिश के साथ तेज हवाएं फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं.
