Last Updated:
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास जमीन में ज्यादा मुआवजे पाने के लालच में खेत के मालिक जल्दबाजी में मकान खड़े कर रहे हैं. नीमका गांव में ऐसा ही एक दो मंजिला मकान लेंटर पड़ते ही ढह गया, जिसके बाद आसपास लोगों में हड़कंप मच गया. लोगों का कहना है कि यह लोग सिर्फ अपनी ही नहीं दूसरों की जान को भी खतरे में डाल रहे हैं.
खेत में बन रही दो मंजिला बिल्डिंग अचानक से भरभराकर गिर गई.
नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तार का काम जोरों-शोरों से चल रहा है और जिसके लिए आसपास के गांवों में सरकार जमीन लेकर मुआवजा दे रही है. ऐसे में कुछ लोग ज्यादा मुआवजा पाने के लालच में जल्दबाजी में पक्के मकान दिखाने के लिए खराब सामग्री से ऊंची-ऊंची इमारतें बनाकर तैयार कर रहे हैं. एक ऐसा ही एक मामला जेवर क्षेत्र के नीमका गांव में देखने को मिला है, जहां एक खेत में बन रही दो मंजिला बिल्डिंग अचानक से भरभराकर गिर गई. बताया जा रहा है कि जैसे ही ऊपर की छत का काम पूरा हुआ, कुछ ही देर में पूरी इमारत ढह गई.
गनीमत रही कि इस पूरी घटना के समय घर मकान में काम कर रहे मजदूर वहां से हट चुके थे, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था, जो टल गया. बता दें तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को खबर की. जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और फिर जेसीबी की मदद से मकान का मलबा हटवाया.
स्थानीय लोगों ने कहा- कई हो रहे ऐसे निर्माण
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बड़ा दावा किया है. उनका कहना है कि यह कोई पहला निर्माण नहीं जो ऐसे किया जा रहा था, इलाके में इस तरह के कई अवैध निर्माण हो रहे हैं, जहां सस्ती और घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है. इन लोगों का इसके पीछे का मकसद सिर्फ इतना है कि जमीन के बदले ज्यादा पैसा मिल सके. हैरानी की बात यह है कि पहले भी ऐसे कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद इस पर सख्ती से रोक नहीं लग पा रही है. मुआवजे के लालच में लोग अपनी और दूसरों की जान खतरे में डाल रहे हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है.
About the Author
न्यूज18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल और हरियाणा की पॉलिटिक्स और क्राइम खबरों में रुचि. वेब स्टोरी और AI आधारित कंटेंट में रूचि. राजनीति, क्राइम, मनोरंजन से जुड़ी खबरों को लिखने मे…और पढ़ें
