नौकरी न मिलने का ऐसा बदला! 1500 बम धमाके की दे दी धमकी, कोर्ट-स्कूल किसी को नहीं बख्शा, अब गिरफ्तार

राजधानी दिल्ली में कोर्ट, स्कूल सहित अन्य संस्थानों को फर्जी बम धमकी देने वाले एक आरोपी को पुलिस ने कर्नाटक के मैसूर से गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान 47 वर्षीय श्रीनिवास लुइस के रूप में हुई है. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने के लिए करीब दो हफ्ते तक लगातार ऑपरेशन चलाया गया. इसके बाद पुलिस की टीम ने मैसूर के वृंदावन लेआउट स्थित उसके घर पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया.

धमकी भरे मेल की क्या थी वजह?

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि श्रीनिवास लुइस लॉ की पढ़ाई पूरी नहीं कर पाया और फिलहाल बेरोजगार था. पुलिस को शक है कि पढ़ाई अधूरी रहने और नौकरी न मिलने की हताशा में उसने अदालतों को निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि वह कोर्ट की कार्यवाही बाधित करना चाहता था. पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने पिछले कुछ महीनों में दिल्ली हाई कोर्ट समेत राजधानी की कई जिला अदालतों को धमकी भरे ईमेल भेजे. इतना ही नहीं, उसने पाकिस्तान के सिंध और बलूचिस्तान की अदालतों को भी ऐसे मेल भेजे थे.

धमकी भरे 1500 ईमेल भेजे

आरोपी अपनी मां के साथ रहता था, जो एक रिटायर्ड सरकारी स्कूल टीचर हैं. पुलिस ने उसके मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए हैं. पुलिस को शक है कि आरोपी ने दिल्ली के स्कूलों को भी धमकी भरे ईमेल भेजे हो सकते हैं, जिसकी जांच जारी है. अब तक की जांच में सामने आया है कि उसने करीब 1500 ईमेल विभिन्न संस्थानों को भेजे, जिनमें ज्यादातर अदालतें शामिल हैं.

वीपीएन से भेजे ईमेल

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद दिल्ली लाया जा रहा है, जहां उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा. पुलिस उसकी हिरासत लेकर पूछताछ करेगी, ताकि धमकी भरे ईमेल की सही संख्या और उसके पीछे के मकसद का पता लगाया जा सके. जांच अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ईमेल भेजने के लिए वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) का इस्तेमाल करता था, जिससे उसकी पहचान छिपी रहती थी. हालांकि, कुछ ईमेल बिना वीपीएन के भेजे गए, जिनके जरिए पुलिस उसे ट्रैक करने में सफल रही.

गौरतलब है कि पिछले दो वर्षों में दिल्ली में 500 से ज्यादा स्कूलों और सरकारी संस्थानों को निशाना बनाते हुए 50 से अधिक ऐसे मामले सामने आ चुके हैं. इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि ऐसे कई मामलों का खुलासा हो सकेगा.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *