Last Updated:
Delhi NCR Weather Today: दिल्ली एनसीआर में अगले हफ्ते तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच जाएगा. अब हीट वेव पूरे दिल्ली एनसीआर में कहर बरपाएगी. अब एकबार फिर से एअर क्वालिटी इंडेक्स बिगड़ने वाला है. हालांकि बारिश न होने से किसानों को अब राहत मिलने वाली है. आइये जानते हैं आज का मौसम कैसा रहने वाला है.
नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर वालों अब भूल जाओ सुहावना मौसम और बारिश. क्योंकि अब गर्मी कहर मचाएगी. गर्मी लगभग दिल्ली एनसीआर के दहलीज पर खड़ी है और अब प्रचंड गर्मी का सामना करने के लिए तैयार हो जाइए. आने वाले अगले सप्ताह में तापमान इस कदर चढ़ेगा कि उस पर ब्रेक लगती हुई नजर नहीं आ रही है. आने वाले सप्ताह में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को छू सकता है. हालांकि हीट वेव अभी भी इस हफ्ते नहीं चलेगा. ऐसा पूर्वानुमान भारत मौसम विज्ञान विभाग का है, लेकिन बढ़ता हुआ पारा दिल्ली एनसीआर के लोगों के पसीने छुड़ाने के लिए तैयार है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 5 दोनों का पूर्वानुमान जारी कर दिया है, जिसमें लगातार दिन और रात में तापमान चढ़ता हुआ नजर आ रहा है.
• आज 10 अप्रैल यानी शुक्रवार को लगभग 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. अधिकतम तापमान आज 32 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस करीब रहेगा. आज दिन भर मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा और तेज धूप सुबह से ही रहेगी. हालांकि बीच-बीच में बादल आते जाते रहेंगे, लेकिन बहुत ज्यादा बादलों की आवाजाही आज नहीं नजर आएगी.
• भारत मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो 11 अप्रैल से लेकर 15 अप्रैल के बीच दिल्ली एनसीआर का अधिकतम तापमान लगातार बढ़ेगा. 15 अप्रैल तक दिल्ली एनसीआर में खास तौर पर दिल्ली का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाएगा. जबकि रात का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचाने का पूर्वानुमान भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जारी किया है. फिलहाल 11 अप्रैल से लेकर 15 अप्रैल के बीच मौसम पूरी तरह से साफ हो जाएगा और सुबह से लेकर शाम तक तेज धूप रहेगी. हवाओं की स्पीड भी धीमी हो जाएगी.
• सबसे बड़ी बात यह है कि जैसे-जैसे अब बारिश का सिलसिला थम जाएगा. वैसे-वैसे दिल्ली एनसीआर में एयर क्वालिटी इंडेक्स खराब होता हुआ नजर आ रहा है. दिल्ली एनसीआर का एयर क्वालिटी इंडेक्स एक बार फिर बढ़ रहा है. यानी अभी तक लगातार बारिश हो रही थी, जिस वजह से एयर क्वालिटी इंडेक्स कम हो गया था. प्रदूषण कम होने की वजह से आसमान नीला नजर आने लगा था, लेकिन अभी एक बार फिर जैसे ही मौसम साफ होगा और तापमान चढ़ेगा. वैसे ही प्रदूषण का स्तर भी बढ़ेगा.
शहरों का तापमान और AQI
| शहर | तापमान अधिकतम/न्यूनतम | AQI |
| दिल्ली | 30/14 | 129 |
| नोएडा | 30/14 | 121 |
| गाजियाबाद | 30/19 | 167 |
| गुड़गांव | 31/19 | 109 |
| ग्रेटर नोएडा | 30/19 | 140 |
| फरीदाबाद | 30/19 | 142 |
नोट- ( ये आंकड़े शुक्रवार के हैं )
जानें क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक
स्काईमेट वेदर के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. महेश पलावत ने बताया कि 11 अप्रैल को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहाड़ों की तरफ आ रहा है, लेकिन इसका असर केवल जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ भागों में ही दिखाई देगा. उत्तराखंड सहित पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा और कर्नाटक सहित तेलंगाना और आंध्र प्रदेश का मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा. किसानों को अब चिंता करने की जरूरत नहीं है. अब अगले कई दिनों तक बारिश परेशान नहीं करेगी, जिसकी भी फसल अभी बाकी है, वो उसको आराम से काट सकते हैं. शुष्क मौसम के कारण अब गर्मी बढ़ने वाली है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें
