Last Updated:
Noida News: श्रमिक आंदोलन के दौरान हुए हिंसक प्रदर्शन का मुख्य मास्टरमाइंड और एक लाख रुपए के इनामी आरोपी आदित्य आनन्द को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. श्रमिक धरना/प्रदर्शन के दौरान उसने लोगों को भड़काया था.
आदित्य आनंद नोएडा प्रदर्शन
नोएडा: नोएडा पुलिस और एसटीएफ की ओर से संयुक्त रूप से की गई प्रभावी कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है. श्रमिक आंदोलन के दौरान हुए हिंसक प्रदर्शन का मुख्य मास्टरमाइंड और एक लाख रुपए के इनामी अभियुक्त आदित्य आनन्द को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
घटना के बाद से आरोपी फरार
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में श्रमिक धरना/प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ गतिविधियों और हिंसक घटनाओं के संचालन में अभियुक्त आदित्य आनन्द की संलिप्तता पाई गई थी. उक्त घटनाओं में इसकी भूमिका मुख्य साजिशकर्ता (मास्टरमाइंड) के रूप में प्रकाश में आई. घटना के संबंध में थाना फेस-2 पर इसके विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था. घटना के उपरांत से अभियुक्त लगातार फरार चल रहा था.
कई राज्यों में लगातार दबिश
अभियुक्त की गिरफ्तारी सुनिश्चित करते हुए माननीय न्यायालय, गौतमबुद्ध नगर की ओर से इसके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया गया था. गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीमों की ओर से विभिन्न राज्यों में लगातार दबिश दी जा रही थी. इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों का प्रभावी प्रयोग करते हुए सघन प्रयासों के बाद शनिवार यानि 18 अप्रैल के दिन अभियुक्त आदित्य आनन्द को तमिलनाडु राज्य के तिरुचापल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है.
मानेसर हिंसा में भी रची थी साजिश
बता दें कि मुख्य साजिशकर्ता आदित्य आनंद ने मानेसर हिंसा में साजिश रची थी, जिसमें उसका साथ गिरफ्तार हो चुके रूपेश राय, श्रृष्टि, मनीषा और आकृति ने दिया था. इसके बाद, नोएडा में मजदूर संगठनों को भड़काया और 13 अप्रैल को हिंसा करवाई. रूपेश की गिरफ्तारी के बाद आदित्य आनंद ने अपनी दाढ़ी और बाल कटवाए और भेष बदलकर तमिलनाडु फरार हो गया था, लेकिन पुलिस के चंगुल से वह बच नहीं पाया.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
