राजस्थान के नए मुख्यमंत्री के घर पर लगा लोगों का तांता, गांव में बंट रही मिठाइयां, मां ने कही ये बात

Last Updated:

Rajasthan New CM Bhajan Lal Sharma: राजस्थान के नवनिर्वाचित सीएम भजनलाल शर्मा की मां गोमती देवी का कहना है कि हमें अपने बेटे पर गर्व है. उन्होंने बताया कि हमारा बेटा सबके बीच में रहकर पूरी लगन और ईमानदारी के साथ काम करेगा. वह बहुत मेहनती है.

मनीष पुरी/भरतपुर. राजस्थान के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री और सांगानेर से भाजपा विधायक भजनलाल शर्मा भरतपुर के रहने वाले हैं. भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद उनके नाम की घोषणा होते ही भरतपुर में उनके घर पर लोगों की भीड़ जुट गई. देर रात तक नए सीएम के घरपर लोगों का आना-जाना लगा रहा. लोग उनके माता-पिता को बधाई दे रहे थे. बता दें कि भजनलाल शर्मा भरतपुर की नदबई तहसील के गांव अटारी के रहने वाले हैं. नए मुख्यमंत्री के गांव में अत्यंत खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है. वहीं, आसपास के गांव के लोग भी भजनलाल शर्मा के माता-पिता से मिलने उनके घर आ रहे हैं.

इससे पहले मंगलवार की शाम भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा के साथ ही भरतपुर के अटारी गांव का माहौल खुशनुमा हो गया. गांव के बेटे की प्रदेश का सीएम बनने की खुशी में लोगों ने पटाखे जलाए. गांव के हर घर में मिठाइयां बांटी जा रही हैं. लोगों का कहना है कि हमारा और हमारे गांव का सौभाग्य है कि हमारे गांव में भजनलाल शर्मा का जन्म हुआ, आज उसने राजस्थान का मुख्यमंत्री बनकर गांव का और अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है.

बेटा ईमानदारी से करेगा काम 
उनकी माता का कहना है कि हमें अपने बेटे पर गर्व है. उन्होंने बताया कि हमारा बेटा सबके बीच में रहकर पूरी लगन और ईमानदारी के साथ काम करेगा. उन्होंने कहा कि मेरा बेटा मेहनती है. यह बचपन में भी निडर और साहसी था और लोगों की मदद करता था. वे शुरू से ही मन में राजनीतिक और नेतागिरी करने की सोच रखता था उनकी माता बताती हैं कि हमें तो मालूम ही नहीं था कि हमारा बेटा एक दिन राज्य का मुख्यमंत्री भी बन सकता है. हमें अपने बेटे पर गर्व है. आज हमारी आंखों से खुशी के आंसू झलक रहे हैं.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *