Last Updated:
अरविंद केजरीवाल ने मोदी जी को पूरी विनम्रता के साथ याद दिलाते हुए कहा कि पंजाब गुरुओं की धरती है. आज मोदी जी जो पंजाब के साथ अत्याचार कर रहे हैं, वह हमें कई सौ साल पहले के उस वक्त की याद दिलाता है जब औरंगजेब ने भारत के अंदर जगह-जगह अत्याचार करके कई हिस्सों पर कब्जा कर लिया था. लेकिन वह पंजाब पर कब्जा नहीं कर पाया.
अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधा.
नई दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ईडी की रेड पड़ने पर भाजपा और पीएम नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि ईडी के सहारे भाजपा और मोदी जी ने पंजाब को ललकारा है. पंजाब न पहले झुका था और न अब झुकेगा. पंजाब ही भाजपा और ईडी के बीच अनैतिक गठजोड़ को खत्म करेगा. पंजाब गुरुओं की धरती है. पंजाब ने औरंगजेब को भी जवाब दिया था और अब 2027 के चुनाव में मोदी जी को भी जवाब देगा. उन्होंने कहा कि अशोक मित्तल और संजीव अरोड़ा के घर एक साथ ईडी की रेड हुई थी. अशोक मित्तल भाजपा में शामिल हो गए तो रेड बंद हो गई, लेकिन संजीव अरोडा ने इन्कार कर दिया तो फिर से रेड हो गई.
शनिवार को “आप” मुख्यालय पर प्रेस वार्ता कर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा के घर पर ईडी की रेड चल रही है. ईडी का काम है कि देश के अंदर अगर कहीं मनी लॉन्ड्रिंग हो रही है, तो उसको रोकना और उसकी जांच करना. अगर इस मकसद से ईडी अपनी कार्रवाई करे, तो हमें कोई परेशानी नहीं है. लेकिन जब से इस देश के अंदर मोदी जी राज आया है, सीबीआई भ्रष्टाचार को रोकने के लिए काम नहीं करती और न ईडी मनी लॉन्ड्रिंग रोकने के लिए काम करती है. वे सिर्फ और सिर्फ दूसरी पार्टियों को तोड़ने, उनके नेताओं को डराने-धमकाने और उन्हें भाजपा में शामिल कराने का काम करती हैं.
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि शनिवार सुबह से संजीव अरोड़ा के घर पर ईडी की रेड चल रही है, यह भी उसी दिशा में एक कार्रवाई है. संजीव अरोड़ा के घर पर ईडी कोई मनी लॉन्ड्रिंग की जांच करने नहीं आई है. संजीव अरोड़ा के यहां पिछले एक महीने के अंदर ईडी की यह दूसरी रेड है. इससे पहले 17 अप्रैल को ईडी आई थी और संजीव अरोड़ा के गुड़गांव, लुधियाना व दिल्ली के सभी ठिकानों पर रेड की. ये रेड तीन दिन चली. उन तीन दिनों की रेड में ईडी को क्या नहीं मिला, जो आज ढूंढने आए हैं. उसी वक्त अशोक मित्तल के यहां रेड हुई थी. उनके यहां भी तीन दिन रेड चली और उस रेड के बाद अशोक मित्तल ने भाजपा ज्वाइन कर ली. इसके बाद उनके यहां रेड खत्म हो गई और उनका सारा मामला रफा-दफा हो गया.
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि संजीव अरोड़ा ने भाजपा ज्वाइन नहीं की. उस दिन संजीव अरोड़ा पर काफी दबाव डाला गया कि भाजपा ज्वाइन कर लो. अगर वे उस दिन भाजपा ज्वाइन कर लेते, तो शायद आज ईडी की रेड नहीं होती. आज ईडी की रेड उनको सबक सिखाने के लिए हुई है कि उन्होंने भाजपा ज्वाइन क्यों नहीं की. या तो भाजपा ज्वाइन कर लो, नहीं तो गिरफ्तार कर लिए जाओगे. इसलिए आज ईडी की रेड हुई है. यह बहुत ही दुख की बात है कि मोदी राज के अंदर एजेंसियों का खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है.
कई सौ साल पहले औरंगजेब ने अत्याचार करके भारत के कई हिस्सों पर कब्ज़ा कर लिया था.. आज मोदी जी ने भी बेईमानी करके भारत के कई हिस्सों पर कब्ज़ा कर लिया है।
औरंगजेब के अत्याचारों का हमारे गुरु साहिबान ने डटकर सामना किया और अपनी कुर्बानियाँ दीं।
