Last Updated:
Ghaziabad Famous Street Food: गाजियाबाद के दिल नवयुग मार्केट में अगर दोपहर के वक्त आपको सड़क पर लंबी कतार और मसालों की सोंधी खुशबू सुनाई दे, तो समझ जाइए कि आप ‘राजू नान वाले’ की चौखट पर हैं. पिछले चार दशकों से स्वाद की विरासत को सहेजे यह दुकान आज सिर्फ एक भोजनालय नहीं, बल्कि गाजियाबाद की पहचान बन चुकी है. जहां कभी ₹5 में पेट भर जाता था, आज वहां का देसी जायका आधुनिक दौर में भी लोगों की जुबान पर चढ़ा हुआ है.
Ghaziabad Famous Street Food: गाजियाबाद के नवयुग मार्केट स्थित मशहूर ‘राजू नान वाले’ उन लोगों के लिए जन्नत से कम नहीं है जो दोपहर के खाने में शुद्ध देसी स्वाद की तलाश करते हैं. करीब 40 साल पुरानी यह दुकान आज भी अपने खास अंदाज और पुराने जायके के लिए उतनी ही लोकप्रिय है जितनी अपने शुरुआती दिनों में थी. दोपहर होते ही यहां ग्राहकों का तांता लग जाता है. आलम यह है कि गाजियाबाद के अलावा दिल्ली-एनसीआर के अन्य इलाकों से भी लोग यहां खास तौर पर नान और दाल-मखनी का लुत्फ उठाने पहुंचते हैं. एक छोटी सी गुमटी से शुरू हुआ यह सफर आज शहर के फूड मैप पर अपनी धाक जमा चुका है.
चूर-चूर नान और लजीज सब्जियों का संगम
राजू नान वाले की सबसे बड़ी खासियत यहां के विविध प्रकार के नान हैं. मेन्यू में सबसे ऊपर ‘चूर-चूर नान’ का नाम आता है, जिसे ग्राहक सबसे ज्यादा पसंद करते हैं. इसके अलावा आलू-प्याज नान, स्पेशल स्टफ्ड नान, बटर नान और कुरकुरा लच्छा पराठा भी लोगों की पहली पसंद है. इन गरमा-गरम नान के साथ परोसी जाने वाली कढ़ी, मसालेदार छोले, दाल, राजमा और पनीर की सब्जियां खाने के अनुभव को दोगुना कर देती हैं. स्वाद की साख ऐसी है कि यहां दोपहर के समय पैर रखने की जगह मिलना भी मुश्किल हो जाता है.
₹5 की प्लेट से ₹200 तक का यादगार सफर
दुकान के मौजूदा संचालक वसीम आलम ने पुरानी यादें ताजा करते हुए बताया कि यह दुकान करीब 40 साल पुरानी है. उन्होंने साझा किया कि शुरुआत के दिनों में यहां महज 5 रुपये की प्लेट मिलती थी और मात्र 3 रुपये में रायता दिया जाता था. वक्त बदला, लेकिन लोगों का प्यार और स्वाद के प्रति वफादारी नहीं बदली. आज यहां थाली की शुरुआत 80 रुपए से होती है और प्रीमियम स्पेशल थाली 200 रुपए तक जाती है. अच्छी क्वालिटी और किफायती दाम ही इस दुकान की सफलता का असली मंत्र है.
पीढ़ियों से बना हुआ है ग्राहकों का भरोसा
वसीम आलम के मुताबिक, उनकी प्राथमिकता हमेशा ताज़ा और शुद्ध खाना परोसने की रही है. यही कारण है कि जो ग्राहक बचपन में अपने पिता के साथ यहां आते थे, वे आज अपने बच्चों को लेकर यहां का स्वाद चखने आते हैं. पीढ़ियों का यह भरोसा राजू नान वाले को खास बनाता है. यदि आप भी देसी घी की महक, गरमा-गरम नान और लाजवाब ग्रेवी वाली सब्जियों के शौकीन हैं, तो गाजियाबाद के नवयुग मार्केट की यह दुकान आपकी बकेट लिस्ट में जरूर होनी चाहिए.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें
