Last Updated:
गाजियाबाद में हुई एटीएम कैश वैन लूट के दो आरोपियों को लखीमपुर खीरी पुलिस ने नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद नेपाल भाग गए थे. हालांकि बकरीद का त्योहार मनाने के लिए भारत लौट रहे थे. लेकिन इससे पहले पुलिस ने उन्हें बॉर्डर पर से ही गिरफ्तार कर लिया.
गाजियाबाद एटीएम कैश वैन लूट के दो आरोपियों को लखीमपुर खीरी पुलिस ने नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया.
मनोज शर्मा/लखीमपुर खीरीः उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. बीते कुछ दिनों पहले गाजियाबाद में हुई 25 लाख रुपये की एटीएम वैन लूट के दो इनामी बदमाशों को पुलिस ने नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया. लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश नेपाल भाग गए थे. लेकिन बकरीद मनाने के लिए घर लौटने लगे, इसी बीच पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया. दोनों बदमाशों को सम्पूर्णानगर पुलिस ने नेपाल सीमा से गिरफ्तार कर लिया है.
दरअसल, नेपाल बॉर्डर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान सम्पूर्णानगर पुलिस को सूचना मिली कि गाजियाबाद एटीएम वैन लूट कांड के दो आरोपी नेपाल से वापस भारत आने वाले हैं.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गोविन्द नगर चौराहा और सीमा से जुड़े कच्चे-पक्के रास्तों पर घेराबंदी कर दी, कुछ देर बाद दो संदिग्ध युवक नेपाल की तरफ से आते दिखाई दिए. पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया.
गाजियाबाद एटीएम कैश वैन लूट के आरोपी थे दोनों
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुहैब और फिरोज के रूप में हुई है. दोनों गाजियाबाद के रहने वाले हैं और इनके ऊपर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था. पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 6 मई को गाजियाबाद हाईवे पर एटीएम वैन लूट की वारदात को अंजाम दिया था. बदमाशों ने बताया कि लूट में कुल 25 लाख रुपये मिले थे, जिसमें से ढाई लाख रुपये उनका हिस्सा था. वारदात के बाद दोनों नेपाल भाग गए थे और वहीं पैसे खर्च किए. अब बचे हुए रुपये लेकर बकरीद मनाने घर लौट रहे थे.
आरोपियों के पास से पुलिस को क्या-क्या मिला
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे, पांच जिंदा कारतूस, एक लाख दो हजार चार सौ रुपये नकद और नेपाल सिम लगा मोबाइल फोन बरामद किया है. गाजियाबाद के थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक में दर्ज एटीएम वैन लूट मामले में दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और गाजियाबाद पुलिस को भी इनकी तलाश थी. एएसपी अमित राय ने बताया कि नेपाल सीमा पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान सूचना के आधार पर दोनों इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
About the Author
Prashant Rai am currently working as Chief Sub Editor at News18 Hindi Digital, where he lead the creation of hyper-local news stories focusing on politics, crime, and viral developments that directly impact loc…और पढ़ें
