Last Updated:
Delhi Traffic Police AC Helmet: दिल्ली सरकार ने चिलचिलाती गर्मी में सड़कों पर तैनात रहने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए एक बड़ी राहत दी है. ट्रायल बेसिस पर जवानों को आधुनिक AC हेलमेट, पोर्टेबल फैन और डिहाइड्रेशन से बचने के लिए ORS दिए जा रहे हैं. इस पहल को लेकर पुलिसकर्मियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, जिसके बाद इस सुविधा को आगे और बढ़ाया जा सकता है.
दिल्ली: दिल्ली की भीषण गर्मी में जहां लोग दोपहर में घर से निकलने से बच रहे हैं, वहीं ट्रैफिक पुलिसकर्मी घंटों सड़क पर खड़े होकर लोगों की सुरक्षा में जुटे हैं. तेज धूप, लू और बढ़ते तापमान के बीच दिल्ली सरकार ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए एक खास पहल शुरू की है. अब कुछ पुलिसकर्मियों को ट्रायल बेसिस पर एसी हेलमेट दिए गए हैं, जो गर्मी में उन्हें राहत पहुंचाने का काम करेंगे.
कैसे काम करता है AC हेलमेट?
हेड कांस्टेबल रमेश कुमार के अनुसार, यह हेलमेट एक पोर्टेबल बैटरी सिस्टम से चलता है और चार्जेबल है. हेलमेट के अंदर वेंटिलेशन सिस्टम लगाया गया है, जो सिर में होने वाले पसीने और गर्मी को बाहर निकालता है. जैसे ही सिर गर्म होता है या पसीना आता है, हेलमेट का सिस्टम एक्टिव होकर ठंडी हवा का एहसास देता है. इससे लंबे समय तक धूप में ड्यूटी करना अपेक्षाकृत आसान हो जाता है.वही इस ऐसी हेलमेट का वजन मात्र 800 ग्राम है.
अब पहले से ज्यादा आराम महसूस होता है
हेड कॉन्स्टेबल रमेश ने बताया कि पहले बिना इस हेलमेट के 7-8 घंटे लगातार ड्यूटी करना काफी मुश्किल होता था. लेकिन अब इस नई तकनीक की वजह से उन्हें राहत महसूस हो रही है. उनका कहना है कि इस हेलमेट से उन्हें पहले की तुलना में अधिक आराम मिल रहा है और जरूरत पड़ने पर वे पहले से ज्यादा समय तक ड्यूटी कर पा रहे हैं.
सिर्फ हेलमेट नहीं, पोर्टेबल फैन और ORS की भी सुविधा
गर्मी से राहत देने के लिए पुलिसकर्मियों को सिर्फ AC हेलमेट ही नहीं बल्कि पोर्टेबल फैन, ठंडे पानी की बोतल और समय-समय पर ORS जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं. खुले चौराहों पर जहां छांव और हवा की कमी होती है, वहां ये सुविधाएं काफी मददगार साबित हो रही हैं.
फिलहाल ट्रायल पर, जल्द हो सकता है विस्तार
अभी यह AC हेलमेट ट्रायल बेसिस पर दिया गया है. फिलहाल हर सर्कल में सीमित संख्या में हेलमेट उपलब्ध हैं और कुछ पुलिसकर्मियों को इसका इस्तेमाल करने के लिए दिया गया है. अधिकारियों के मुताबिक, यदि इसका रिस्पॉन्स सकारात्मक रहा तो आगे इसे ज्यादा पुलिसकर्मियों तक पहुंचाया जा सकता है.
गर्मी में सुरक्षा करने वालों की सुरक्षा की कोशिश
दिल्ली की झुलसाती गर्मी में जहां आम लोग घरों में राहत तलाशते हैं, वहीं ट्रैफिक पुलिसकर्मी घंटों सड़क पर खड़े रहकर व्यवस्था संभालते हैं. ऐसे में उनकी सेहत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई यह पहल आने वाले समय में बड़ी राहत साबित हो सकती है. AC हेलमेट सिर्फ एक गैजेट नहीं, बल्कि उन पुलिसकर्मियों के लिए राहत का जरिया बनता दिख रहा है जो हर मौसम में अपनी ड्यूटी निभाते हैं.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
