Last Updated:
जून के पहले सप्ताह में मौसम खुशखबरी देने जा रहा है. आईएमडी ने भविष्यवाणी की है कि जून के पहले हफ्ते में देशभर में मॉनसून की एंट्री हो सकती है. कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी, ओले की चेतावनी है. दिल्ली एनसीआर में गर्मी से राहत मिलने के साथ ही आज के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है.
जून के पहले हफ्ते में 19 राज्यों में आंधी-बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट. रेनी वीक में मनेंगी छुट्टियां. (फोटो PTI)
June Weather Forecast: जून का महीना आपके लिए खुशखबरी लेकर आया है. पहले हफ्ते में चिलचिलाती दोपहर और भीषण गर्मी से निजात तो मिलेगी ही रेनी वीक में छुट्टियों का मजा भी दोगुना हो जाएगा. आसामान में घिरते बादल, झीनी-झीनी बारिश, ठंडी हवा और सुहाना मौसम आपकी खुशी को दोगुना कर देगा. मौसम विभाग की मानें तो जून के पहले हफ्ते में देश के ज्यादातर हिस्सों में मॉनसून आने वाला है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि पूरे देश के अलग-अलग हिस्सों में मॉनसून आ चुका है. इस हफ्ते पूरे देश में भारी बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. कई राज्यों में आंधी-तूफान और ओले भी पड़ सकते हैं. इससे भीषण तपिश से राहत मिलेगी और तापमान में भारी गिरावट देखने को मिलेगी.
दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम इस हफ्ते नरम रहने वाला है और लोगों को घूमने के लिए अच्छा मौका मिलने वाला है. राजधानी में इस हफ्ते छिटपुट बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है. हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. मौसम विभाग ने सोमवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली एनसीआर में इस हफ्ते अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है. ऐसे में 44-45 डिग्री तापमान पर गर्मी से झुलस रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली है.
मौसम विभाग की मानें तो उत्तर भारत के अलावा देश के अन्य हिस्सों में भी मौसम में नरमी आने वाली है.
- उत्तर भारत: राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलेंगी.
- मध्य भारत: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में तेज हवाएं (70-90 किमी/घंटा) और ओले गिरने की आशंका है.
- पूर्वी भारत: बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने वाली है.
- दक्षिण भारत: केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, लक्षद्वीप और आंध्र प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
- पूर्वोत्तर: अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड समेत सभी राज्यों में लगातार भारी बारिश जारी रहेगी.
हालांकि मौसम में इस बदलाव के बीच आईएमडी ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. खासकर किसानों, यात्रियों और समुद्र में जाने वाले लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए. तेज हवाओं और भारी बारिश की वजह से जलभराव, यातायात प्रभावित होने और कमजोर इमारतों को नुकसान पहुंचने की आशंका है. ऐसे में लोगों को अपने साथ छाता रखने के साथ ही मौसम के बारे में अपडेट रहने की सलाह भी दी गई है.
About the Author
Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi.News18.com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …और पढ़ें
