नोएडा में पहली बार रोबोट ने बुझाई आग, खड़े-खड़े देखती रही फायर ब्रिगेड टीम

Last Updated:

नोएडा के सेक्टर-59 स्थित स्पार्क मिंडा कंपनी में लगी भीषण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया. हालात इतने गंभीर थे कि आग बुझाने में दो दिन तक लगने का अनुमान लगाया जा रहा था. लेकिन इस बार दमकलकर्मियों के साथ एक हाई-टेक फायर फाइटिंग रोबोट भी मोर्चे पर था. आग की लपटों के बीच घुसकर रोबोट ने पानी की तेज बौछारें छोड़ीं, लाइव तस्वीरें भेजीं और सिर्फ 6 घंटे में आग पर काबू पाने में अहम भूमिका निभाई.

नोएडा की स्पार्क मिंडा कंपनी में लगी भीषण आग. (सांकेतिक तस्वीर)

नोएडा: सेक्टर-59 स्थित स्पार्क मिंडा कंपनी में शनिवार शाम लगी भीषण आग को बुझाने में पहली बार आधुनिक तकनीक ने बड़ी भूमिका निभाई. एसी ब्लास्ट से शुरू हुई आग देखते ही देखते कंपनी में रखे थिनर, तारों और अन्य ज्वलनशील पदार्थों तक पहुंच गई, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया.

घटना के समय कंपनी में करीब 600 कर्मचारी मौजूद थे. समय रहते सभी को बाहर निकाल लिया गया, हालांकि अफरा-तफरी के बीच 5 से 6 कर्मचारी घबराकर बेहोश हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि शुरुआती अंदाजा था कि इसे पूरी तरह बुझाने में दो दिन तक लग सकते हैं. लेकिन इस बार मैदान में उतरा एक हाई-टेक फायर फाइटिंग रोबोट, जिसने हालात बदल दिए.

आग के बीच घुसा रोबोट, लगातार देता रहा जानकारी
फायर फाइटिंग रोबोट सीधे आग के बीच तक पहुंचा और हाई-प्रेशर पानी की बौछारों से लपटों पर हमला करता रहा. रोबोट में लगे कैमरे आग की स्थिति की लाइव जानकारी दे रहे थे, जिससे दमकलकर्मियों को पता चलता रहा कि आग किस दिशा में फैल रही है और कहां ज्यादा खतरा है.

थर्मल कैमरे ने भी निभाई अहम भूमिका
रोबोट के साथ-साथ थर्मल इमेजिंग कैमरों का भी इस्तेमाल किया गया. इन कैमरों की मदद से आसपास की इमारतों का तापमान लगातार मॉनिटर किया गया, ताकि आग के फैलने के खतरे का समय रहते आकलन किया जा सके.

6 घंटे में मिली सफलता
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार चौबे के मुताबिक सूचना शाम 4:15 बजे मिली थी. आधुनिक तकनीक, रोबोट और थर्मल कैमरों की मदद से दमकल विभाग ने महज 6 घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया. कभी दो दिन का लग रहा ऑपरेशन, रोबोट की मदद से सिर्फ 6 घंटे में पूरा हो गया. नोएडा की इस घटना ने दिखा दिया कि अब आग से लड़ाई में तकनीक दमकलकर्मियों की सबसे बड़ी साथी बन रही है.

About the Author

Abhijeet ChauhanSub-Editor

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *