Last Updated:
Rahmanullah Gurbaz credits gautam gambhir for his century: अफगानिस्तान के स्टार बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने धर्मशाला में 48 गेंदों में शतक ठोका, जिससे वह देश के लिए सबसे तेज वनडे शतक बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. इस ऐतिहासिक शतक का क्रेडिट गुरबाज ने टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर को दिया. उन्होंने पहली पारी की समाप्ति के बाद कहा कि मुल्लांपुर में टेस्ट मैच खत्म होने के बाद गंभीर ने उन्हें कुछ बैटिंग टिप्स दिए थे.
मुल्लांपुर में टेस्ट मैच के बाद गुरबाज ने गौतम गंभीर से लिए थे बैटिंग टिप्स.
नई दिल्ली. अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने शनिवार को भारत के खिलाफ 51 गेंदों में 102 रन की तूफानी पारी खेली. इस शानदार पारी का श्रेय अफगान बल्लेबाज ने टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर को दिया है. गुरबाज ने बताया कि न्यू चंडीगढ़ में हुए टेस्ट मैच के बाद भारत के हेड कोच गौतम गंभीर के साथ हुई बातचीत से उन्हें अपने शॉट सिलेक्शन को बेहतर बनाने में मदद मिली. गुरबाज ने इस पारी में 8 छक्के और इतने ही चौके लगाए. शानदार और साफ-सुथरे शॉट्स खेलते हुए, गुरबाज ने सिर्फ 48 गेंदों में अपना 9वां वनडे शतक पूरा किया, जो किसी अफगानी बल्लेबाज का सबसे तेज वनडे शतक था.
शतकीय पारी के बाद गुरबाज ने ब्रॉडकास्टर्स से कहा, “भारत के खिलाफ टेस्ट मैच के बाद, मेरी गौतम गंभीर सर के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई थी. उस चर्चा से मुझे सच में मदद मिली. मैंने नेट्स में उन सुझावों पर काम किया और मैं उस मार्गदर्शन के लिए बहुत आभारी हूं. जब टेस्ट मैच खत्म हुआ, तो मैंने उनसे कहा कि मैं अपने शॉट सिलेक्शन को बेहतर बनाना चाहता हूं. उन्होंने कुछ अच्छे सुझाव दिए और मैं आज उन्हें लागू कर पाया. मैंने बस सकारात्मक खेलने की कोशिश की और यह मेरे लिए कारगर रहा.”
रहमानुल्लाह ने 48 गेंदों में शतक जड़कर बनाया रिकॉर्ड.
‘खुद पर भरोसा किया’
अपनी रणनीति के बारे में बात करते हुए गुरबाज ने कहा, “मैं इस प्रदर्शन के लिए आभारी हूं. मुझे लगता है कि रणनीति बहुत सरल और आसान थी, बस सकारात्मक क्रिकेट खेलना. हमें पता था कि यह 25 ओवर का गेम है, लेकिन मैं अपने खेल को भी जानता हूं. मैंने बस खुद पर भरोसा किया और टीम के लिए खेला. योगदान देकर अच्छा लगा.” अपनी शानदार पारी को लेकर गुरबाज ने कहा, “अपने देश के लिए कुछ करना और सभी को गौरवान्वित करना हमेशा अच्छा लगता है. मुझे अपनी ट्रेनिंग और तैयारी पर भरोसा है. मैं कड़ी मेहनत करता हूं और यह पारी उसी कड़ी मेहनत का नतीजा है. मैं बहुत आभारी हूं. भारत में भारत के खिलाफ शतक लगाना खास बात है, लेकिन जैसा कि मैंने कहा, यह मेरी मेहनत का फल है.”
गुरबाज ने माना कि बैटिंग करना आसान नहीं था. उन्होंने कहा, “सच कहूं तो विकेट आसान नहीं है, खासकर स्पिन के खिलाफ. स्पिनर्स को थोड़ी मदद मिल रही थी और गेंद टर्न भी हो रही थी. मेरा ध्यान खुद पर भरोसा रखने और सकारात्मक रहने पर था. पिच में स्पिनर्स के लिए निश्चित रूप से कुछ है, और अगर वे अच्छी गेंदबाजी करें, तो असर डाल सकते हैं.”
भारत ने जीता मुकाबला
गुरबाज की शानदार पारी के बावजूद, भारत के डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों गुरनूर बरार और हर्ष दुबे ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह ने दो विकेट लिए. अफगानिस्तान की टीम 24.5 ओवर में 194 रन पर ऑलआउट हो गई. इसके जवाब में भारत ने 22.5 ओवरों में 7 विकेट शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया.
About the Author
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें
