Last Updated:
CUET UG 2026 के नतीजों में इस बार एक ऐसा नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है जिसने देशभर के लाखों उम्मीदवारों को पीछे छोड़ते हुए पहली रैंक हासिल की है.दिल्ली की देविना गहलोत ने 1232.19 अंकों के साथ ऑल इंडिया टॉप किया है. खास बात यह है कि वह BJP विधायक और पूर्व मंत्री कैलाश गहलोत की बेटी हैं.तीन विषयों में 100 पर्सेंटाइल हासिल करने वाली देविना की सफलता अब छात्रों के बीच प्रेरणा का विषय बन गई है. उनकी मेहनत, अनुशासन और लगातार प्रयास ने उन्हें देश की सबसे बड़ी विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षाओं में नंबर-1 बना दिया.
CUET 2025, CUET UG 2026 Topper, Devina Gahlot CUET Topper: सीयूईटी टॉपर देविना गहलोत बनीं टॉपर.
CUET UG 2026: कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG) 2026 के नतीजों में दिल्ली की देविना गहलोत ने देशभर में पहला स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा जारी परिणामों में देविना ने 1232.19 अंक हासिल किए और ऑल इंडिया टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया.खास बात यह है कि देविना दिल्ली के पूर्व मंत्री और वर्तमान BJP विधायक कैलाश गहलोत की बेटी हैं. उनकी इस सफलता ने न केवल परिवार बल्कि शिक्षा जगत में भी चर्चा बटोरी है.
NTA ने जारी किया CUET UG 2026 का रिजल्ट
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने मंगलवार को CUET UG 2026 का परिणाम घोषित किया. इस साल एजेंसी ने परीक्षा समाप्त होने के केवल 16 दिन के भीतर नतीजे जारी कर दिए जो पिछले साल की तुलना में 12 दिन पहले हैं. इस बार परीक्षा के लिए 15.68 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था, जबकि 11.64 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए. इसी परीक्षा के आधार पर देश की केंद्रीय विश्वविद्यालयों और अन्य भागीदार संस्थानों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है.
कौन हैं देविना गहलोत?
देविना गहलोत दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) वसंत कुंज की छात्रा हैं.वह पढ़ाई में शुरू से ही बेहतरीन प्रदर्शन करती रही हैं. इससे पहले उन्होंने कक्षा 12वीं की परीक्षा में 99.2 प्रतिशत अंक हासिल किए थे. अब उनका लक्ष्य दिल्ली के प्रतिष्ठित सेंट स्टीफंस कॉलेज में दाखिला लेकर आगे की पढ़ाई करना है.देविना की सफलता इस बात का उदाहरण है कि लगातार मेहनत, अनुशासन और सही दिशा में किया गया प्रयास किसी भी छात्र को बड़ी उपलब्धि तक पहुंचा सकता है.
1232.19 अंकों के साथ हासिल की पहली रैंक
CUET UG 2026 में देविना ने कुल 1250 अंकों में से 1232.19 अंक प्राप्त किए. इसी शानदार स्कोर के आधार पर उन्होंने पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया.NTA की जारी मेरिट सूची के अनुसार सक्षम गोयल ने 1230.82 अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया जबकि हिमाचल प्रदेश के उदित चतुर्वेदी ने 1207.21 अंकों के साथ तीसरी रैंक हासिल की.
पांच विषयों में शानदार प्रदर्शन
देविना ने पांच विषयों में परीक्षा दी थी और लगभग सभी विषयों में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने अंग्रेजी में 99.99 पर्सेंटाइल हासिल किया. अर्थशास्त्र/व्यावसायिक अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और मनोविज्ञान में उन्होंने 100 पर्सेंटाइल प्राप्त किए. वहीं ललित कला, दृश्य कला और व्यावसायिक कला विषय में उनका पर्सेंटाइल 99.91 रहा.इस तरह उन्होंने पांच में से तीन विषयों में 100 पर्सेंटाइल हासिल कर देशभर के छात्रों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई.
विषयवार अंकों ने दिलाई बड़ी सफलता
देविना के विषयवार अंक भी बेहद प्रभावशाली रहे. उन्होंने अंग्रेजी में 241.95 अंक प्राप्त किए. अर्थशास्त्र/व्यावसायिक अर्थशास्त्र में 249.53 अंक हासिल किए. ललित कला, दृश्य कला और व्यावसायिक कला में उन्हें 241.11 अंक मिले. राजनीति विज्ञान में उनका स्कोर 249.58 रहा, जबकि मनोविज्ञान में उन्होंने पूरे 250 अंक हासिल किए.इन सभी विषयों के अंकों को मिलाकर उनका कुल स्कोर 1232.18/1232.19 अंक रहा, जिसने उन्हें ऑल इंडिया टॉपर बना दिया.
रिजल्ट देखकर खुशी से भर गईं देविना
रिजल्ट घोषित होने के बाद देविना ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह पल किसी सपने के सच होने जैसा था. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने अपना परिणाम देखा तो सबसे पहले उनके मन में अपने माता-पिता का ख्याल आया.देविना के मुताबिक उनके माता-पिता ने हमेशा उन पर भरोसा किया कठिन समय में उनका मनोबल बढ़ाया और हर कदम पर उनका साथ दिया. उनका मानना है कि यह सफलता जितनी उनकी है उतनी ही उनके परिवार की भी है.
About the Author
न्यूज़18 हिंदी (Network 18) डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर के तौर पर कार्यरत. न्यूज 18 में एजुकेशन, करियर, सक्सेस स्टोरी की खबरों पर. करीब 15 साल से अधिक मीडिया में सक्रिय. हिन्दुस्तान, दैनिक भास्कर के प्रिंट व …और पढ़ें
