दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: ISI के इशारे पर आतंक फैलाने आए शहजाद भट्टी के 8 गुर्गे गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बहुत बड़े ऑपरेशन में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के नापाक इरादों को नाकाम कर दिया है. पुलिस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के मॉड्यूल पर स्ट्राइक करते हुए अलग-अलग शहरों से 8 लोगों को गिरफ्तार किया है. ये सभी आरोपी सोशल मीडिया के जरिए सीधे पाकिस्तान में बैठे भट्टी और उसके आकाओं के संपर्क में थे. ये सभी यूपी, दिल्ली, जम्मू कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश से पकड़े गए हैं. पुलिस की शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि ये लोग दिल्ली में किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे. इनके निशाने पर कुछ वीवीआईपी और महत्वपूर्ण स्थान भी शामिल थे, जिनकी इन्होंने पहले ही रेकी कर ली थी. गिरफ्तार आरोपियों से मिले इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस में कई चौंकाने वाले सबूत मिले हैं, जो सीधे तौर पर सीमा पार बैठे आतंकियों से जुड़े हैं.

दिल्ली में बड़ी तबाही मचाने का था प्लान

पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया है कि उन्हें दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाकों में हमले का टास्क दिया गया था. शहजाद भट्टी ने ISI के निर्देश पर इन लोगों को भारत में एक्टिव किया था. ये मॉड्यूल न सिर्फ धमाके बल्कि दिल्ली में टारगेट किलिंग की प्लानिंग भी कर रहा था. आरोपियों ने शहर के कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील ठिकानों की रेकी पूरी कर ली थी. स्पेशल सेल अब इनके बाकी नेटवर्क और मददगारों की तलाश में जुटी हुई है.

कैसे ऑपरेट हो रहा था शहजाद भट्टी का यह मॉड्यूल?

शहजाद भट्टी पाकिस्तानी जेलों और सुरक्षित ठिकानों से बैठकर सोशल मीडिया के जरिए इन युवकों को रिक्रूट कर रहा था. गिरफ्तार किए गए 8 आरोपी अलग-अलग शहरों से ताल्लुक रखते हैं, जो आपस में डिजिटल माध्यमों से जुड़े थे. पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए हैं. इन डिवाइस की एनालिसिस से पता चला है कि भट्टी इन्हें हथियारों और फंड्स की सप्लाई करने वाला था. पुलिस को अंदेशा है कि इस मॉड्यूल के तार अन्य बड़े अंडरवर्ल्ड गैंग्स से भी जुड़े हो सकते हैं.

क्या इन आरोपियों के तार दूसरे गैंग्स से भी जुड़े हैं?

दिल्ली पुलिस को जांच के दौरान यह भी पता चला है कि ISI अब गैंगस्टर्स का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों के लिए कर रही है. गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस अब उन बड़े गैंग्स पर भी एक्शन ले रही है जो परोक्ष रूप से इनकी मदद कर रहे थे. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक हाइब्रिड मॉडल है, जहां अपराधियों को आतंक फैलाने का काम सौंपा गया है.

दिल्ली में गैंगस्टरों पर सबसे बड़ा प्रहार, 48 घंटे में 481 गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने राजधानी में गैंग्स के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन चलाया. इस अभियान को “ऑपरेशन गैंग्स बस्ट पार्ट-2” नाम दिया गया. पुलिस ने 48 घंटे के भीतर तय टारगेट पर एक साथ कार्रवाई की. स्पेशल सेल और सभी जिलों की टीमों ने मिलकर गैंगस्टरों, शूटरों, फाइनेंसरों और सोशल मीडिया संभालने वाले बदमाशों की पहचान की.

कुल 483 टारगेट चिन्हित किए गए. इसके बाद दिल्ली भर में 1014 ठिकानों पर रेड डाली गई. पुलिस ने 481 लोगों को गिरफ्तार किया. कार्रवाई में 130 हथियार, 214 कारतूस और 73 चाकू बरामद हुए. कई लाख रुपये, 24 गाड़ियां और दर्जनों मोबाइल फोन भी जब्त किए गए. पुलिस ने 30 गैंगस्टरों के गुर्गों को भी दबोच लिया.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *