Last Updated:
Shafali Verma Statement: भारतीय ओपनर शेफाली वर्मा ने कहा है कि महिला टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हालिया जीत से टीम को रविवार को होने वाले बड़े मैच के लिए काफी आत्मविश्वास मिलेगा। करो या मरो मुकाबले से पहले उन्होंने माना कि ऑस्ट्रेलिया छह बार की वर्ल्ड चैंपियन और एक मजबूत टीम जरूर है, लेकिन भारत के पास भी उसे हराने का पूरा दम है. दोनों टीमों की टक्कर लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में होगी.
शेफाली वर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच को लेकर दिया बयान.
नई दिल्ली. भारत की विस्फोटक सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने कहा है कि महिला टी20 वर्ल्ड कप में टीम के लिए सबसे अच्छा तरीका ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ खेल को आसान रखना है. ग्रुप ए में सेमीफाइनल की दौड़ बहुत रोमांचक हो गई है. दक्षिण अफ्रीका के छह अंक हैं और वह बांग्लादेश से खेलेगा, जबकि भारत (छह अंक) का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया (आठ अंक) से होगा.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्या है भारत का प्लान?
शेफाली ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया जैसी बड़ी टीम के खिलाफ भारत का आत्मविश्वास अच्छा है. उन्होंने कहा, ‘हमने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में टी20 सीरीज जीती है, जिससे हमारा भरोसा बढ़ा है.’ उन्होंने कहा, ‘हम कई सालों से उनके खिलाफ खेल रहे हैं. हम उनके गेंदबाजों और रणनीतियों को जानते हैं. इसलिए हमें चीजों को आसान रखना है और अपनी ताकत पर भरोसा करना है. ज्यादा सोचने से खेल मुश्किल हो जाता है.’
अपनी बैटिंग को लेकर क्या कहा?
अपने खेल को लेकर शेफाली ने कहा कि वह शुरुआती मैच में जरूरत से ज्यादा सोच रही थीं, लेकिन अब उन्होंने अपनी असली स्टाइल में खेलकर अच्छा प्रदर्शन किया है. पिछले तीन मैचों में दो अर्धशतक लगाने वाली शेफाली ने कहा, ‘अब मैं हर गेंद को देखकर खेलती हूं, ज्यादा प्लान नहीं बनाती. अगर बड़े शॉट नहीं लग रहे हों तो दौड़कर रन लेने की कोशिश करती हूं.’
कप्तान को दिया पावरप्ले में विकेट लेने का क्रेडिट
शेफाली ने गेंदबाजी में भी योगदान दिया. उन्होंने पावरप्ले में विकेट लेने का श्रेय कप्तान हरमनप्रीत कौर को दिया और कहा, ‘हरमन दी ने मेरी भूमिका साफ बता दी थी. उन्होंने पावरप्ले में गेंदबाजी के बारे में पहले ही बता दिया था. इससे मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है.’
भारत को सेमिफाइनल में पहुंचने के लिए क्या करना होगा?
अगर भारत ऑस्ट्रेलिया को हरा देता है और अगर बांग्लादेश की टीम साउथ अफ्रीका को हरा देती है, तो भारत 8 अंकों के साथ सीधे सेमीफाइनल में क्वालीफाई कर जाएगा. हालांकि, अगर साउथ अफ्रीका अपना मैच जीत जाती है, तो भारत और साउथ अफ्रीका दोनों के 8-8 अंक हो जाएंगे. यहां फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा और बेहतर रन रेट वाली टीम आगे बढ़ेगी. हालांकि, भारत का रन रेट साउथ अफ्रीका के मुकाबले बहुत बेहतर है, इसलिए भारत के लिए सिर्फ जीत ही उसका सेमीफाइनल का टिकट लगभग पक्का कर देगी.
अगर ऑस्ट्रेलिया जीता तो…
इस स्थिति में भारत को दुआ करनी होगी कि बांग्लादेश की टीम साउथ अफ्रीका को हरा दे. अगर बांग्लादेश बड़ा उलटफेर करते हुए जीत जाता है, तो भारत और साउथ अफ्रीका दोनों के बराबर अंक हो जाएंगे. चूंकि भारत का रन रेट बहुत बेहतर है, इसलिए हरमनप्रीत कौर की टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के साथ सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी.
About the Author
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें
