Last Updated:
Delhi Road Accident: दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में तेज रफ्तार मर्सिडीज कार की टक्कर से स्कूटी सवार दीपक कुमार की मौत हो गई. हादसा 5 जुलाई को आउटर रिंग रोड स्थित जहांगीरपुरी बस स्टैंड के पास हुआ. पुलिस ने कार मालिक के बेटे अंश प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया. मृतक मंगोलपुरी का रहने वाला था.
जहांगीरपुरी इलाके में तेज रफ्तार मर्सिडीज कार की टक्कर से एक स्कूटी सवार की मौत हो गई. (प्रतीकात्मक तस्वीर- AI)
Delhi Mercedes Hit & Run: राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में तेज रफ्तार मर्सिडीज कार की टक्कर से एक स्कूटी सवार की मौत हो गई. यह हादसा आउटर रिंग रोड पर जहांगीरपुरी बस स्टैंड के पास फुट ओवर ब्रिज के नजदीक हुआ. पुलिस ने इस मामले में आरोपी कार चालक अंश प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह जहांगीरपुरी थाने में सड़क हादसे की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची तो एक स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हालत में मिला. उसे तुरंत बीजेआरएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान दिल्ली के मंगोलपुरी निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मर्सिडीज चालक की तलाश में जुट गई.
जांच के दौरान पुलिस को एक पीसीआर कॉलर ने बताया कि HR-51BT-6304 नंबर की मर्सिडीज कार ने स्कूटी को टक्कर मारी थी और हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर कार मालिक का पता लगाया.
मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 133 के तहत नोटिस जारी करने के बाद पता चला कि हादसे के समय कार अंश प्रताप सिंह चला रहा था. पुलिस के अनुसार, आरोपी कार मालिक का बेटा है और उसके पिता कारोबारी हैं.
जहांगीरपुरी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106(1) के तहत एफआईआर दर्ज की है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया है. फिलहाल मामले की आगे जांच जारी है और हादसे के समय कार की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
About the Author
साद बिन उमर को पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 साल से अधिक का अनुभव है, जिनमें से 12 साल उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता को दिए है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने आज तक, एनडीटीवी, पीटीआई और नया इंडिया जैसे प्र…और पढ़ें
