Last Updated:
Yoga Asanas For Thyroid: थायरॉइड को मैनज करने के लिए दवा के साथ ही कुछ योगासन भी बड़े काम के साबित होते हैं. दिल्ली की योग एक्सपर्ट पूजा ने कुछ आसन बताए, जिन्हें नियमित करने से थायरॉएड ग्लैंड एक्टिव रहती है. शुरुआत में एक्सपर्ट की देखरेख में ही आसन करें.
दिल्ली. आजकल थायरॉइड की समस्या तेजी से बढ़ रही है. खराब खान-पान, स्ट्रेस और बदलती लाइफस्टाइल की वजह से बहुत से लोग इस समस्या का सामना कर रहे हैं. योग एक्सपर्ट पूजा के अनुसार, रेगुलर योग आसन और प्राणायाम करने से थायरॉइड ग्लैंड को एक्टिव रखने और शरीर के हार्मोन को बैलेंस करने में मदद मिल सकती है. हालांकि, अगर आपको थायरॉइड की गंभीर समस्या है, तो योग शुरू करने से पहले डॉक्टर और योग इंस्ट्रक्टर से सलाह लें.
सेतु बंधासन से करें शुरुआत
अपनी योग प्रैक्टिस सेतु बंधासन (ब्रिज पोज) से शुरू करें. पीठ के बल लेटें, घुटनों को मोड़ें और दोनों हाथों से टखनों को पकड़ें. धीरे-धीरे अपनी कमर और छाती को ऊपर उठाएं. आपको अपनी गर्दन और गले में हल्का खिंचाव महसूस होगा. इस पोज में 10 से 20 सेकंड तक रहें और सामान्य सांस लें. यह पोज गले में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाने में मदद करता है.
हलासन से गले के हिस्से पर पड़ता है असर
इसके बाद हलासन करें. इस आसन में पैरों को धीरे-धीरे सिर के पीछे ले जाकर जमीन से लगाने की कोशिश की जाती है. शुरुआत में जितना आराम से हो, उतना ही करें. लगभग 20 से 30 सेकंड तक इस मुद्रा में रहने की कोशिश करें. यह आसन गर्दन और थायरॉइड क्षेत्र को सक्रिय करने में मददगार माना जाता है.
ऊंटासन से खुलती है छाती और गर्दन
तीसरा आसन है कैमल पोज. घुटनों के बल खड़े हो जाएं, दोनों हाथों को पीछे ले जाएं और अपने टखनों को पकड़ें. फिर अपना सिर पीछे झुकाएं और अपनी छाती को ऊपर उठाएं. इससे आपके गले में अच्छी स्ट्रेचिंग होगी. इस पोज में 20 से 30 सेकंड तक रहें.
मत्स्यासन से पूरा करें योग अभ्यास
इसके बाद मत्स्यासन करें. पीठ के बल लेट जाएं, अपनी छाती ऊपर उठाएं और अपना सिर जमीन पर टिकाएं. अगर आपका शरीर इजाजत दे, तो आप अपने हाथों को ऊपर उठा सकते हैं, नहीं तो उन्हें उनकी सामान्य पोजिशन में रखें. इस आसन को 20 से 30 सेकंड तक करने की सलाह दी जाती है.
उज्जायी प्राणायाम भी है फायदेमंद
आसन के बाद उज्जायी प्राणायाम करें. अपना मुंह बंद रखते हुए नाक से धीरे-धीरे सांस अंदर लें और बाहर छोड़ें. सांस अंदर और बाहर लेते समय अपने गले से हल्की आवाज निकालने की कोशिश करें. इससे आपके गले के आसपास हल्का वाइब्रेशन पैदा होता है, जो थायरॉइड ग्लैंड को एक्टिवेट करने में मदद कर सकता है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
