Last Updated:
Delhi News Today: दिल्ली पुलिस के सिपाही मनीष भाटी ने पत्नी की हत्या करने के बाद खुद को भी सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर जान दे दी है. ईस्ट दिल्ली के कल्याणपुरी में वारदात को अंजाम देकर फरार चल रहे मनीष की खून से लथपथ लाश मंगलवार शाम मयूर विहार के एक पार्क में बरामद हुई. पुलिस की टीमें जिसकी तलाश में जुटी थीं, उसने सरेंडर के बजाय मौत को गले लगा लिया.
पुलिस मामले की जांच कर रही है.
आखिरकार उस सनसनीखेज खूनी खेल का बेहद दर्दनाक और खौफनाक अंत हो ही गया जिसने सबको हैरार कर दिया था. अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर फरार चल रहे दिल्ली पुलिस के सिपाही मनीष भाटी ने कानून के लंबे हाथों से बचने के लिए खुदकुशी का ही रास्ता चुन लिया. मयूर विहार के एक पार्क में मंगलवार की शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां पुलिसकर्मी मनीष भाटी की खून से लथपथ लाश मिली. जिस सर्विस रिवॉल्वर से उसने अपनी पत्नी के सीने में गोलियां दागकर उसकी जान ली थी, उसी सरकारी हथियार से उसने खुद के सिर में भी गोली मारकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. पुलिस की टीमें जिस हत्यारे सिपाही की तलाश में चप्पा-चप्पा छान रही थीं, उसने सरेंडर करने के बजाय खुद को खत्म करना बेहतर समझा. ईस्ट दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके से शुरू हुई नफरत की यह दास्तान अब मयूर विहार के एक वीरान पार्क में दो मौतों के साथ हमेशा के लिए शांत हो गई है.
तब आखिर क्या हुआ था?
यह सनसनीखेज दास्तान दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल मनीष भाटी के गुस्से और सनक की है जिसने चंद मिनटों में दो हंसती-खेलती जिंदगियों को हमेशा के लिए खामोश कर दिया. वारदात वाले दिन ईस्ट दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में अचानक चीख-पुकार मच गई थी. चश्मदीदों के मुताबिक, सिपाही मनीष भाटी का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर बीच सड़क पर ही तीखा विवाद शुरू हो गया था. विवाद इतना बढ़ा कि मनीष के सिर पर खून सवार हो गया.
गुस्से में पत्नी का कत्ल
कानून की रक्षा करने की कसम खाने वाले इस सिपाही ने आव देखा न ताव, अपनी सरकारी सर्विस रिवॉल्वर निकाली और सरेराह अपनी ही पत्नी पर तान दी. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता या बीच-बचाव कर पाता, मनीष ने ट्रिगर दबा दिया. गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा. खून से लथपथ पत्नी वहीं सड़क पर गिर पड़ी और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया. इस खौफनाक कत्ल को अंजाम देने के बाद मनीष हाथ में हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया.
पछतावे में घिरा था मनीष
बीच सड़क पर पुलिसवाले द्वारा पत्नी की सरेआम हत्या की खबर से दिल्ली पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपी कांस्टेबल की गिरफ्तारी के लिए तुरंत कई टीमें गठित कर दी गईं. उसके संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू हुई, लेकिन मनीष का कहीं कोई सुराग नहीं मिल रहा था. वारदात के बाद से फरार चल रहा मनीष लगातार पुलिस को छका रहा था लेकिन अंदर ही अंदर वह कानून के शिकंजे और अपने गुनाह के बोझ से टूट चुका था. आखिरकार, मंगलवार की शाम को इस खूनी ड्रामे का दूसरा खौफनाक पहलू सामने आया. मयूर विहार इलाके के एक सुनसान पार्क की झाड़ियों में मनीष की खून से लथपथ लाश मिली. पुलिस की जांच में साफ हुआ कि गिरफ्तारी के डर और पछतावे में घिरे मनीष ने उसी सर्विस रिवॉल्वर से अपनी कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली, जिससे उसने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतारा था.
About the Author
पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…और पढ़ें
