मेट्रो का अगला स्टेशन… विज्ञापन का होगा! DMRC ने कमाई बढ़ाने का निकाला नया तरीका, गूंजेगी खास आवाज

होमताजा खबरDelhi

मेट्रो का अगला स्टेशन… विज्ञापन का होगा! DMRC ने कमाई बढ़ाने का निकाला तरीका

Last Updated:

DMRC ने कमाई बढ़ाने के लिए मेट्रो ट्रेनों में ऑडियो विज्ञापन शुरू करने की तैयारी की है. ये रेड, येलो, ब्लू और मैजेंटा लाइन की चुनिंदा ट्रेनों में ऑडियो विज्ञापन चलाने की तैयारी बनाई गई है. इसका उद्देश्य मेट्रो को एक बेहतर विज्ञापन प्‍लेटफार्म के रूप में विकसित करना भी है.

डीएमआरसी ने इसका टेंडर जारी कर दिया है.

नई दिल्ली.अगर आप दिल्ली मेट्रो से सफर करते हैं तो आने वाले दिनों में स्टेशन की अनाउंसमेंट के बाद आपको विज्ञापन भी सुनाई दे सकते हैं. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने अपनी टिकट से होने वाली आय के अलावा दूसरी कमाई बढ़ाने के लिए एक और तरीका निकाला है. ट्रेनों में ऑडियो विज्ञापन शुरू करने की तैयारी की है. इसके लिए रेड, येलो, ब्लू और मैजेंटा लाइन की चुनिंदा ट्रेनों में ऑडियो विज्ञापन चलाने की तैयारी बनाई गई है.

इसके लिए डीएमआरसी ने टेंडर जारी कर दिया है. इसके तहत रेड (लाइन-1), येलो (लाइन-2), ब्लू (लाइन-3) और मैजेंटा (लाइन-8) की छह-छह ट्रेनों में ऑडियो विज्ञापनों का आपरेशन और प्रबंधन करने के लिए एजेंसियों का चयन किया जाएगा. इसका उद्देश्य मेट्रो को एक बेहतर विज्ञापन प्‍लेटफार्म के रूप में विकसित करना भी है.

डीएमआरसी के अनुसार यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी. विज्ञापन केवल स्टेशन संबंधी नियमित घोषणाओं के बीच मिलने वाले खाली समय में ही प्रसारित किए जाएंगे. सुरक्षा और यात्री सूचना से जुड़ी घोषणाओं को हमेशा सबसे अधिक प्राथमिकता दी जाएगी. साथ ही विज्ञापनों के बीच पर्याप्त अंतर रखा जाएगा और उनकी आवाज व गुणवत्ता भी तय मानकों के अनुसार कंट्रोल होगी.

चारों लाइनों में विज्ञापन के लिए अलग-अलग समय उपलब्ध रहेगा. रेड लाइन (दिलशाद गार्डन-रिठाला) में सबसे अधिक 721 सेकंड का ऑडियो स्लॉट होगा. इसके बाद ब्लू लाइन (द्वारका-यमुना बैंक) में 634 सेकंड, येलो लाइन (कश्मीरी गेट-सुल्तानपुर) में 596 सेकंड और मैजेंटा लाइन (जनकपुरी वेस्ट-बॉटनिकल गार्डन) में 300 सेकंड का समय उपलब्ध रहेगा.

दिल्ली मेट्रो इससे पहले दिसंबर 2023 में वायलेट लाइन की छह ट्रेनों में ऑडियो विज्ञापन शुरू कर चुकी है. अब इस व्यवस्था को राजधानी की सबसे व्यस्त मेट्रो लाइनों तक बढ़ाने की तैयारी है. नई व्यवस्था के तहत चुनी गई एजेंसी विज्ञापन देने वालों से शुल्क वसूलेगी. कुल आय का 85 प्रतिशत हिस्सा डीएमआरसी को मिलेगा, जबकि बाकी राशि एजेंसी के पास रहेगी. इसके अलावा हर ट्रेन में उपलब्ध कुल विज्ञापन समय का 5 प्रतिशत हिस्सा सोशल मैसेज और कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) अभियानों के लिए सुरक्षित रखा जाएगा. इन जनहित संदेशों का खर्च डीएमआरसी खुद उठाएगा. डीएमआरसी ने साफ किया है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी घोषणाओं से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा.

About the Author

Sharad Pandeyविशेष संवाददाता

करीब 20 साल का पत्रकारिता का अनुभव है. नेटवर्क 18 से जुड़ने से पहले कई अखबारों के नेशनल ब्‍यूरो में काम कर चुके हैं. रेलवे, एविएशन, रोड ट्रांसपोर्ट और एग्रीकल्चर जैसी महत्वपूर्ण बीट्स पर रिपोर्टिंग की. कैंब्रिज…और पढ़ें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *