Last Updated:
Asia Largest Veterinary Hospital In Patna: बिहार में पशुपालन और पशु चिकित्सा सेवाओं को नई ऊंचाई देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. राजधानी पटना स्थित बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में एशिया के सबसे बड़े अत्याधुनिक वेटरनरी क्लिनिकल कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है. इसके शुरू होने के बाद न सिर्फ पशुपालकों को आधुनिक चिकित्सा, सर्जरी और जांच की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि वेटरनरी छात्रों को भी विश्वस्तरीय प्रैक्टिकल ट्रेनिंग का अवसर मिलेगा. यह परियोजना बिहार को पशु चिकित्सा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने वाली मानी जा रही है.
बिहार में अब पशुओं को आधुनिक और बेहतर इलाज की सुविधा मिलने जा रही है. राजधानी पटना स्थित बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में अत्याधुनिक वेटरनरी क्लिनिकल कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है. यहां एक ओर पशु चिकित्सा के छात्रों को बेहतर सुविधाओं में ट्रेनिंग मिलेगी, वहीं दूसरी ओर आम लोग भी अपने पशुओं का इलाज करवा सकेंगे. दावा किया जा रहा है कि यह एशिया का सबसे बड़ा वेटरनरी क्लिनिकल कॉम्प्लेक्स होगा. फिलहाल विश्वविद्यालय की क्लिनिकल सेवाएं वेटरनरी कॉलेज परिसर के ग्राउंड पर संचालित हो रही हैं. उम्मीद है कि विश्वविद्यालय के 100वें स्थापना दिवस, यानी अगले साल इस नए क्लिनिकल कॉम्प्लेक्स की शुरुआत हो सकती है.
बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. ज्ञान देव सिंह ने बताया कि देश ही नहीं, बल्कि पूरे एशिया में किसी भी वेटरनरी कॉलेज के पास इतना बड़ा क्लिनिकल कॉम्प्लेक्स नहीं है. उन्होंने कहा कि यह बिहार के लिए गर्व की बात है.
बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. ज्ञान देव सिंह ने बताया कि पटना एयरपोर्ट के बिल्कुल नजदीक, बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय परिसर के बगल में बिहार वेटरनरी कॉलेज का अत्याधुनिक क्लिनिकल कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है. इसका निर्माण कृषि रोड मैप के तहत किया जा रहा है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
उन्होंने बताया कि इस क्लिनिकल कॉम्प्लेक्स में पशु चिकित्सा से जुड़े सभी विभागों के लिए अलग-अलग ओपीडी, अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, बड़े पशुओं के उपचार के लिए अलग यूनिट, अलग-अलग प्रकार की सर्जरी की विशेष व्यवस्था और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
इसके अलावा हर विभाग में अप-टू-डेट उपकरण और अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की जाएंगी, ताकि पशुओं को बेहतर उपचार और छात्रों को हाई लेवल की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग मिल सके. अगले साल इसके पूरी तरह चालू होने के बाद यह अपनी अत्याधुनिक सुविधाओं और विशाल इन्फ्रास्ट्रक्चर के कारण एशिया का सबसे बड़ा वेटरनरी क्लिनिकल कॉम्प्लेक्स होगा.
फिलहाल वेटरनरी कॉलेज का क्लिनिकल कॉम्प्लेक्स ग्राउंड पर एक छोटे से परिसर में चल रहा है. यहां छोटे पशुओं से लेकर बड़े पशुओं का इलाज होता है. ओपीडी से लेकर सर्जरी तक सारी सुविधाएं उपलब्ध हैं. यहां बिहार के कोने-कोने से लेकर यूपी, झारखंड सहित आसपास के राज्यों से भी लोग अपने पशुओं का इलाज करवाने के लिए पहुंचते हैं. यह बिहार का बेस्ट पशु अस्पताल है. आने वाले दिनों में इसके बड़े स्तर पर विकास की तैयारी चल रही है. इसी के तहत एशिया का सबसे बड़ा कॉम्प्लेक्स तैयार हो रहा है.
बिहार वेटरनरी कॉलेज के मौजूदा क्लिनिकल कॉम्प्लेक्स में पशुओं का इलाज बेहद कम शुल्क पर किया जाता है. यहां पक्षियों से लेकर जंगली जानवरों तक के लिए ओपीडी की सुविधा मात्र 10 रुपये से शुरू होती है. इसके अलावा गायनेकोलॉजिकल सेवाएं 40 रुपये से, सर्जिकल सेवाएं 20 रुपये से और पैथोलॉजिकल जांच 20 रुपये से शुरू है. यहीं नहीं, क्लिनिकल कॉम्प्लेक्स में ब्लड ट्रांसफ्यूजन, डायग्नोस्टिक सेवाएं, बायोकेमिकल टेस्ट समेत कई अन्य आधुनिक मेडिकल सुविधाएं भी उपलब्ध हैं. पशुओं की देखभाल को ध्यान में रखते हुए यहां ग्रूमिंग की सुविधा भी दी जाती है.
