Last Updated:
Rohit Virat ODI Record at Lord’s: रोहित शर्मा और विराट कोहली का लॉर्ड्स में वनडे रिकॉर्ड कुछ खास नहीं है. दोनों ने यहां पर जितने वनडे मैच खेले हैं, उनमें एक अर्धशतक तक बनाने के लिए संघर्ष करते दिखे हैं. ऐसे में आज फैंस को RO-KO से एक दमदार पारी की उम्मीद है. भारत को इस मैदान पर 22 साल में अपनी पहली वनडे जीत दर्ज करनी है तो रोहित-विराट को रन बनाने होंगे.
रोहित शर्मा और विराट कोहली के लॉर्ड्स में अच्छे नहीं हैं आंकड़े.
नई दिल्ली. भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा वनडे मुकाबला आज लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा. 1-1 से बराबर सीरीज में भारत को जीत दर्ज करनी है तो लॉर्ड्स वनडे अपने नाम करना होगा. भारतीय टीम इस मैदान पर 22 साल में अपनी पहली वनडे जीत दर्ज करने उतरेगी. इस मुकाबले में खासतौर पर रोहित शर्मा और विराट कोहली के प्रदर्शन पर हर किसी की निगाहें होंगी. इन दोनों ही बल्लेबाजों का यहां वनडे रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है. चलिए रोहित-विराट के लॉर्ड्स में वनडे मैचों के आंकड़ों पर नजर डालते हैं.
लॉर्ड्स में RO-KO का वनडे रिकॉर्ड
रोहित ने लॉर्ड्स में अब तक सिर्फ 2 ही वनडे मुकाबले खेले हैं. इस दौरान एक मैच में वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे हैं, तो एक अन्य मुकाबले में सिर्फ 15 रन ही बना सके हैं. तीनों फॉर्मेट को मिलाकर रोहित ने इस मैदान पर कुल 5 मैच खेले हैं और इस दौरान उनके बल्ले से 22 की मामूली औसत से 133 रन आए हैं. वहीं, विराट कोहली ने तीन वनडे मैचों में लगभग 26 की औसत और 66 के स्ट्राइक रेट से कुल 77 रन बनाए हैं. उनका बेस्ट स्कोर 45 रन रहा है. बड़ी बात यह है कि न तो रोहित और न ही कोहली इस वेन्यू पर अब तक वनडे में शतक या अर्धशतक लगाने में सफल रहे. देखना होगा कि क्या आज यह सिलसिला खत्म होगा.
शुरुआती दो वनडे मुकाबलो में फ्लॉप रहने के बाद रोहित के भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. कुछ रिपोर्ट्स में ऐसा भी दावा किया गया कि रोहित अपने करियर का आखिरी वनडे लॉर्ड्स में खेलने वाले हैं और इस सीरीज के बाद सिलेक्टर्स उन्हें एकदिवसीय टीम में नहीं रखना चाहते हैं.
हालांकि, रोहित के भविष्य को लेकर चल रही तमाम तरह की अफवाहों पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने विराम लगाया. उन्होंने ‘आईएएनएस’ के साथ बात करते हुए बताया, “रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन बोर्ड स्तर पर इस विषय में कोई बातचीत नहीं हुई है. मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि यह दावा पूरी तरह निराधार है कि रोहित रविवार को लॉर्ड्स में अपना अंतिम मैच खेलने वाले हैं. इस तरह की किसी भी चर्चा या निर्णय की जानकारी बोर्ड के पास नहीं है.”
रोहित शर्मा पहले वनडे मुकाबले में सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हुए थे. वहीं, दूसरे एकदिवसीय मैच में वह 47 गेंदों का सामना करने के बाद महज 26 रन ही बना सके थे. आमतौर पर अपनी आक्रामक शैली के लिए मशहूर रोहित इस सीरीज में रन और बेहतर स्ट्राइक रेट के लिए जूझते नजर आए हैं. हालांकि, भारतीय टीम चाहेगी कि रोहित लॉर्ड्स में अपने खराब रिकॉर्ड को बेहतर करते हुए तीसरे वनडे में दमदार पारी खेलें.
About the Author
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें
