Last Updated:
tilak varma statement: भारत की टी20 टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर अपने स्ट्राइक रेट को लेकर हुई आलोचनाओं का जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि वह कभी व्यक्तिगत आंकड़ों के लिए नहीं खेलते, बल्कि हमेशा टीम की जरूरत और मैच की परिस्थिति के हिसाब से बल्लेबाजी करते हैं. तिलक ने कहा कि वह पहली गेंद से बड़ा शॉट खेलने की क्षमता रखते हैं.
अपनी फॉर्म को लेकर पहली बार बोले तिलक वर्मा.
नई दिल्ली. तिलक वर्मा इन दिनों अपने फॉर्म को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं. आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ खेले पिछले सात टी20 मैचों में भारतीय उप-कप्तान ने सिर्फ 178 रन ही बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट लगभग 132 का रहा है. उनकी इस बल्लेबाजी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, उन्होंने साउथम्पटन में आखिरी टी20 में 25 गेंद में 53 रन बनाए. जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज से पहले तिलक ने इस पर खुलकर अपनी बात रखी है. उन्होंने साफ कहा कि टीम की जरूरतों के हिसाब से खेलना होता है.
‘मैं उसी हिसाब से खेलूंगा’
तिलक ने कहा, ‘इस प्रारूप में आपको अलग-अलग क्रम पर बल्लेबाजी करनी होती है और खासकर ऐसे हालात में यह आसान नहीं होता. साथ ही मैं हमेशा कहता हूं कि टीम के लिए जो भी जरूरी होगा मैं वही करूंगा. अगर मुझे टीम के लिए इंतजार करते हुए रन बनाने हैं तो मैं उसी हिसाब से खेलूंगा. अगर मुझे हिट करना है तो मैं हिट करता हूं और खेलता हूं.’ उन्होंने कहा, ‘तो उस समय टीम के हालात को देखें तो आयरलैंड से लेकर इंग्लैंड तक पावर प्ले में हमेशा चार या पांच विकेट गिरते थे. इसलिए वहां जाकर हिट करना और आउट होना सामझदारी भरा नहीं था.’
‘पहली गेंद को हिट कर सकता हूं’
तिलक मैदान पर उतरते की आक्रामक होकर खेलना चाहते हैं. लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि कभी-कभी उन्हें थोड़ी समझदारी दिखाने की जरूरत होती है. उन्होंने कहा, ‘मेरे दिमाग में हमेशा यही रहता है कि मैं क्रीज पर उतरकर पहली गेंद को हिट कर सकता हूं, लेकिन साथ ही मैं देश के लिए खेल रहा हूं इसलिए बहुत सारी जिम्मेदारियां हैं.’ तिलक ने कहा, ‘जब आपके नाम के साथ उप कप्तान का पद जुड़ा होता है, टीम ने मुझे यह सोच-समझकर दिया होगा. इसलिए मैं वही जिम्मेदारियां लेना चाहता हूं जो प्रबंधन मुझे देता है. मैं उसी के हिसाब से खेल रहा हूं.’
जिम्बाब्वे दौरे पर करना होगा कमाल
तिलक वर्मा ने हाल ही में खत्म हुए यूके टूर पर आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ 7 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 131.85 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की. उन्होंने 135 गेंदों में 178 रन बनाए. पूरे दौरे में उनका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ साउथैम्पटन में खेले गए आखिरी टी20 में उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों पर 53 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 212.00 रहा. तिलक को अब जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी20 मैचों में अपनी बैटिंग से धमाल मचाना होगा.
About the Author
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें
