IMD 22nd July Weather Update: लंबे इंतजार के बाद आखिरकार देशभर में मानसून अब पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो चुका है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 22 जुलाई को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है. आईएमडी ने हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश की आशंका के चलते रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम और महाराष्ट्र सहित 16 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने साफ कहा है कि अगले 24 घंटे कई राज्यों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं.
आईएमडी के अनुसार, उत्तर भारत से लेकर पूर्वी, मध्य और पश्चिमी भारत तक मानसून बेहद सक्रिय है. हरियाणा और मध्य भारत के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन, बंगाल की खाड़ी से अरब सागर तक फैली ट्रफ लाइन और लगातार मिल रही नमी के कारण कई राज्यों में तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है. इसका असर केवल बारिश तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कई जगहों पर बाढ़, जलभराव, भूस्खलन और बिजली गिरने जैसी घटनाएं भी सामने आ सकती हैं.
हिमाचल में सबसे बड़ा खतरा, रेड अलर्ट जारी
सबसे ज्यादा चिंता हिमाचल प्रदेश को लेकर जताई गई है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. पहाड़ी इलाकों में अचानक बाढ़, भूस्खलन और सड़कें बंद होने की आशंका है. प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है, जबकि लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की गई है.
जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भी हालात चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं. चारधाम यात्रा मार्गों पर भूस्खलन और चट्टानें गिरने का खतरा बढ़ गया है. यात्रियों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करने की सलाह दी गई है.
दिल्ली-एनसीआर में खूब होगी झमाझम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इससे सटे एनसीआर के इलाकों में बुधवार को भी दिनभर बादल छाए रहने के साथ तेज बारिश की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
बारिश से गर्मी और उमस से राहत जरूर मिलेगी, लेकिन राजधानी में जलभराव, ट्रैफिक जाम और निचले इलाकों में पानी भरने की समस्या भी सामने आ सकती है. दफ्तर जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है.
उत्तर प्रदेश में पश्चिम से पूर्व तक बारिश
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, नोएडा और आसपास के इलाकों में तेज बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का भी अनुमान है.
पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून और ज्यादा सक्रिय रहेगा. वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, अयोध्या, प्रयागराज और बस्ती मंडल में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है. नदियों के जलस्तर पर भी प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है.
बिहार और झारखंड में भी भारी बारिश का खतरा
बिहार के उत्तरी और मध्य जिलों में भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है. कोसी, सीमांचल और मिथिलांचल क्षेत्र में जलभराव और नदियों का जलस्तर बढ़ने की संभावना है. वहीं झारखंड में रांची, धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर और हजारीबाग समेत कई जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. लोगों से खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील की गई है.
देश के बाकी हिस्सों का कैसा हाल?
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. वहीं गुजरात और महाराष्ट्र में मानसून का जोर बना रहेगा. गुजरात के कई जिलों और मध्य महाराष्ट्र में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. कोंकण और गोवा में भी तेज बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.
वहीं असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में लगातार भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी कई इलाकों में भारी वर्षा के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका है.
आईएमडी ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में तेज हवाओं और ऊंची लहरों की चेतावनी जारी करते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. गुजरात, महाराष्ट्र, ओमान तट और आंध्र प्रदेश के समुद्री इलाकों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें. पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के पास न जाएं, बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों में खड़े न हों और जलभराव वाले रास्तों से दूरी बनाए रखें. अगले 24 घंटे देश के कई हिस्सों के लिए बेहद अहम रहने वाले हैं.
