Last Updated:
बॉलीवुड को कई यादगार गाने देने वाले म्यूजिक डायरेक्टर राम संपत आज इंडस्ट्री का जाना-माना नाम हैं. लेकिन यहां तक पहुंचने का उनका सफर बिल्कुल आसान नहीं था. फिल्मों में आने से पहले वह विज्ञापनों के लिए जिंगल बनाया करते थे. धीरे-धीरे उनके काम को पहचान मिली और फिर उन्होंने बॉलीवुड में अपनी अलग जगह बना ली.
1 गाने से चमकी किस्मत
नई दिल्ली. राम संपत का जन्म 25 जुलाई 1977 को मुंबई में हुआ था. उनके घर में शुरू से ही संगीत का माहौल था. माता-पिता दोनों को संगीत से लगाव था, जिसका असर राम पर भी पड़ा. बचपन से ही उन्हें संगीत में दिलचस्पी थी. उन्होंने मुंबई के ओएलपीएस हाई स्कूल से पढ़ाई की और बाद में पोदार कॉलेज से कॉमर्स में ग्रेजुएशन किया.
संगीत के प्रति उनके जुनून ने उन्हें विज्ञापन की दुनिया तक पहुंचाया. फिल्मों में आने से पहले उन्होंने टाटा डोकोमो, एयरटेल, थम्स अप, पेप्सी, टाइम्स ऑफ इंडिया और सर्फ एक्सेल जैसे कई बड़े ब्रांड्स के लिए जिंगल तैयार किए. उनके बनाए जिंगल्स लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुए और यहीं से उनकी अलग पहचान बनने लगी.
2002 में मिली बड़ी पहचान
राम संपत ने साल 2002 में फिल्म लेट्स टॉक से बतौर म्यूजिक डायरेक्टर बॉलीवुड में कदम रखा. इसके बाद उन्होंने खाकी और फैमिली जैसी फिल्मों में संगीत दिया. हालांकि उन्हें सबसे बड़ी पहचान साल 2011 में आई फिल्म डेली बेली से मिली. इस फिल्म के गाने युवाओं के बीच जबरदस्त हिट हुए और राम संपत का नाम बॉलीवुड के सफल संगीतकारों में शामिल हो गया.
1 गाने ने रातोंरात चमकाई किस्मत
इसके बाद आमिर खान की फिल्म तलाश का संगीत भी काफी पसंद किया गया. इस फिल्म ने उनके करियर को नई ऊंचाई दी. फिर उन्होंने फुकरे जैसी फिल्मों में भी शानदार संगीत दिया. फिल्म का गाना ‘अंबरसरिया’ आज भी लोगों की पसंदीदा प्लेलिस्ट का हिस्सा है. इस गाने को उनकी पत्नी और मशहूर सिंगर सोना मोहपात्रा ने अपनी आवाज दी थी. राम संपत और सोना मोहपात्रा की जोड़ी संगीत की दुनिया में काफी मशहूर है. दोनों ने कई प्रोजेक्ट्स में साथ काम किया है. राम संपत की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वह भारतीय लोक संगीत को रॉक, पॉप, फंक और इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक के साथ मिलाकर एक नया और अलग अंदाज पेश करते हैं.
बता दें कि फिल्मों के अलावा राम संपत ने टीवी की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई. साल 2009 में उन्होंने म्यूजिक रियलिटी शो एमटीवी रॉक ऑन से छोटे पर्दे पर कदम रखा. इसके बाद आमिर खान के चर्चित शो सत्यमेव जयते के लिए उन्होंने थीम म्यूजिक और कई यादगार गाने तैयार किए. यही वजह है कि आज राम संपत को बॉलीवुड के सबसे क्रिएटिव और बेहतरीन म्यूजिक डायरेक्टर्स में गिना जाता है.
About the Author
न्यूज 18 हिंदी में एंटरटेनमेंट सेक्शन में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे मुनीष कुमार दिल्ली के रहने वाले हैं. डिजिटल मीडिया में उन्हें 10 साल का अनुभव है.राजधानी कॉलेज (DU) से पॉलिटिकल साइंस (ऑनर्स) की पढ…
और पढ़ें
