DDA Housing Scheme 2026: दिल्ली में रहने वाले हर इंसान की एक ही चाहत होती है – देश की राजधानी में अपना घर हो. यदि आप भी ऐसा ख्वाब देख रहे हैं तो दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) का यह हाउसिंग प्लान आपके सपनों को पंख दे सकता है. दरअसल, DDA ने 1224 रेडी टू मूव फ्लैट को आमलोगों के लिए रखा है. DDA के ये फ्लैट्स नरेला इलाके में हैं. यहां एक BHK से लेकर 3 BHK तक के फ्लैट हैं. डीडीए इन फ्लैट्स पर आकर्षक छूट भी दे रहा है. इन फ्लैट्स के लिए आवेदन शुरू हो चुके हैं.
दिल्ली में अपना घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने नई आवास योजना ‘कर्मजीवी आवास योजना 2026’ शुरू की है. इस योजना के तहत उत्तर दिल्ली के नरेला स्थित 1,224 रेडी-टू-मूव-इन फ्रीहोल्ड फ्लैटों पर 25 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है. खास बात यह है कि इस बार फ्लैटों का आवंटन लॉटरी के बजाय ‘फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व’ (FCFS) आधार पर किया जाएगा, जिससे आवेदन करने वाले खरीदार अपनी पसंद का फ्लैट पहले चुन सकेंगे. योजना के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 24 जुलाई 2026 से शुरू हो गई है, जबकि फ्लैटों की बुकिंग 15 अगस्त 2026 से प्रारंभ होगी. पूरी आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और इच्छुक आवेदकों को DDA आवास पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा.
नरेला में 1224 फ्लैट पर 25 फीसद छूट
DDA की यह परियोजना नरेला के पॉकेट-11, सेक्टर A1 से A4 में विकसित की गई है. इसमें कुल 1,224 फ्लैट शामिल हैं, जिनमें 384 एक बेडरूम (1 BHK), 432 दो बेडरूम (2 BHK) और 408 तीन बेडरूम (3 BHK) फ्लैट उपलब्ध हैं. सभी फ्लैट पूरी तरह तैयार हैं और खरीदारों को फ्रीहोल्ड आधार पर दिए जाएंगे, जिससे संपत्ति का पूर्ण स्वामित्व उन्हें मिलेगा. 25 प्रतिशत की छूट के बाद 1 BHK फ्लैट की शुरुआती कीमत 33.40 लाख रुपये, 2 BHK की 75.55 लाख रुपये और 3 BHK की शुरुआती कीमत 1.065 करोड़ रुपये रखी गई है. हालांकि, अंतिम कीमत फ्लैट के आकार और स्थान के अनुसार अलग-अलग हो सकती है.
कौन कर सकता है आवेदन
DDA ने इस योजना के दायरे को पहले की योजनाओं की तुलना में अधिक व्यापक बनाया है. इसके तहत कार्यरत सरकारी कर्मचारी, सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी, कॉरपोरेट क्षेत्र के पेशेवर, व्यवसायी, उद्यमी तथा अन्य पात्र पेशेवर आवेदन कर सकते हैं. उल्लेखनीय है कि यदि किसी व्यक्ति के नाम पहले से कोई आवासीय संपत्ति है, तब भी वह इस योजना के लिए आवेदन करने का पात्र होगा. DDA ने मौजूदा संपत्ति के स्वामित्व को आवेदन के लिए बाधा नहीं बनाया है. इसके अलावा, खरीदार DDA के नियमों और स्वीकृति के अधीन पास-पास स्थित दो फ्लैटों को मिलाकर बड़ा आवास बनाने के लिए भी आवेदन कर सकेंगे. यह सुविधा विशेष रूप से बड़े परिवारों और अधिक जगह चाहने वाले खरीदारों के लिए उपयोगी मानी जा रही है.
रजिस्ट्रेशन के लिए क्या करना होगा
योजना में भाग लेने के लिए सबसे पहले आवेदकों को DDA आवास पोर्टल पर 2,500 रुपये का गैर-वापसी योग्य रजिस्ट्रेशन फीस जमा करना होगा. इसके बाद फ्लैट की श्रेणी के अनुसार बुकिंग राशि जमा करनी होगी. 1 BHK के लिए 50,000 रुपये, 2 BHK के लिए 4 लाख रुपये और 3 BHK के लिए 10 लाख रुपये की प्रारंभिक बुकिंग राशि निर्धारित की गई है. DDA ने संभावित खरीदारों की सुविधा के लिए सैंपल फ्लैट भी तैयार किए हैं, जिन्हें खरीदारी से पहले देखा और परखा जा सकता है. इससे खरीदार फ्लैट की गुणवत्ता, निर्माण और सुविधाओं का प्रत्यक्ष आकलन कर सकेंगे.
दिल्ली-NCR का उभरता हुआ इलाका
नरेला को दिल्ली के तेजी से विकसित हो रहे आवासीय क्षेत्रों में शामिल किया जा रहा है. आने वाले वर्षों में रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर, प्रस्तावित रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) स्टेशन, अर्बन एक्सटेंशन रोड तथा जीटी करनाल रोड के माध्यम से बेहतर सड़क संपर्क जैसी आधारभूत परियोजनाओं से इस क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा नरेला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और प्रस्तावित एजुकेशन हब की निकटता भी इस इलाके को परिवारों और कामकाजी पेशेवरों के लिए आकर्षक बनाती है.
